बकरीद पर मेरठ जोन में चाक-चौबंद पुलिस इंतजाम, 84 संवेदनशील स्थल चिह्नित, ड्रोन से होगी निगरानी (Photo- Social Media)
Meerut News: ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवसर पर मेरठ परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। चार जनपदों- मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में कुल 487 ईदगाहों और 981 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी, जिनकी सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
DIG मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के नेतृत्व में तैयार सुरक्षा योजना के तहत कुल 84 स्थानों को संवेदनशील या हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। इनमें सबसे अधिक 43 स्थान जनपद बुलंदशहर में हैं, जबकि मेरठ में 21, हापुड़ में 15 और बागपत में 5 संवेदनशील स्थल सूचीबद्ध किए गए हैं।
त्योहार पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से निपटने के लिए 8 अपर पुलिस अधीक्षक, 25 क्षेत्राधिकारी, 95 निरीक्षक, 820 उपनिरीक्षक, 1250 मुख्य आरक्षी, 1635 आरक्षी तथा 1005 होमगार्ड/पीआरडी जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही PAC की दो कंपनियां भी मुहैया कराई गई हैं।
DIG नैथानी ने सभी जिलों को निर्देशित किया है कि ईदगाहों और संवेदनशील स्थलों का भौतिक निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि किसी प्रकार की लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने पशु मंडियों पर विशेष निगरानी और गैर परंपरागत गतिविधियों पर सख्त रोक के भी आदेश दिए हैं।
प्रशासन ने ड्रोन और CCTV कैमरों से निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, UP-112 वाहनों के रूट मैप, और स्थैतिक मजिस्ट्रेट व पुलिस पिकेट की तैनाती जैसे उपायों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया है।
सभी थानों को निर्देशित किया गया है कि त्योहार रजिस्टर और विवाद रजिस्टर (रजि. सं. 8) की समीक्षा कर ली जाए और पूर्व के विवादित स्थलों पर प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस की तरफ से आम जनता से भी अपील की गई है कि शांति और सौहार्द बनाए रखें, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
This Quiz helps us to increase our knowledge