हनुमाना थाना क्षेत्र के पिपराही गांव में एक युवती से मिलने पहुंचे युवक को परिवारवालों ने 13 घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा. युवक की युवती से फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई थी. मिलने पहुंचे युवक को रस्सियों से बांधकर मारपीट की गई. पीड़ित रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र का निवासी है. बाद में उसे चोर बताकर पुलिस को सौंप दिया गया. युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. मऊगंज प्रभारी एसपी ने बताया कि मामला सोशल मीडिया से संज्ञान में आया, लेकिन अब तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में 7 जिलों के कलेक्टरों को गोल्ड मेडल से सम्मानित करेंगे. सम्मानित होने वालों में बड़वानी, दमोह, धार, खंडवा, निवाड़ी, टीकमगढ़ और विदिशा जिलों के वर्तमान एवं तत्कालीन कलेक्टर शामिल हैं. इस सूची में गुंचा सनोबर, सुधीर कोचर, प्रियंक मिश्रा, ऋषभ गुप्ता, लोकेश जांगिड़, विवेक श्रोत्रिय और अंशुल गुप्ता जैसे अधिकारी शामिल हैं. यह कार्यक्रम प्रशासनिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 10:10 बजे माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय में सत्रारंभ समारोह 2025 में भाग लेंगे और दादा माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके बाद पोषण अभियान (1111 पौधे) के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे. सुबह 11:45 बजे वे एमपी स्टेट शूटिंग अकादमी, बरखेड़ा नाथू पहुंचकर शूटिंग अकादमी और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निरीक्षण करेंगे. दोपहर 12:30 बजे वे कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में राज्य स्तरीय सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह में शामिल होंगे. शाम 4 बजे से बैठक निर्धारित है.