MP News Live 25 September: आजीवन कारावास की सजा सुनते ही कोर्ट से भागा दोषी, शहर के बीचोंबीच की थी हत्या – News18 Hindi

प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल सीहोर जिले के बिलकिसगंज ग्राम पंचायत पहुंचे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया.
मुरैना में गरबा महोत्सव में शामिल होने आईं महिलाएं भड़कीं. उन्होंने कलेक्टर बंगले का घेराव किया. दरअसल महिलाएं गरबा कार्यक्रम कराने की मांग पर अड़ी हैं. मौके पर पुलिस पहुंच गई है. पुलिस महिलाओं को समझाइश दे रही है.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक वीडियो वायरल हुआ है. देवास में भैंस का दूध निकालते हुए उनका वीडियो वायरल हो रहा है. जीतू पटवारी ने मोहन सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी की सरकार ने कहा था कि दूध का बोनस देंगे. वह इस पशु हाट में आए हैं. किसान पूछ रहे हैं कि दूध के बोनस का क्या हुआ. सरकार बताए.
खंडवा में कब्र से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी अय्यूब खान को कब्रिस्तान में लोगों ने घेरा. कोतवाली पुलिस आरोपी को कब्रिस्तान लेकर गई थी. मौके का पंचनामा और सामान जब्त करने की कार्रवाई के लिए पुलिस उसे ले गई थी. आरोपी को कब्रिस्तान लाने की खबर मिलते ही मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए. उन्होंने नारा लगाया, ‘कौम के गद्दारों को, फांसी दो-फांसी दो.’ बड़ी मुश्किल से पुलिसकर्मी उसे भीड़ के बीच से बाहर लेकर निकले. अय्यूब खान पर खंडवा और सिहाड़ा में कब्रिस्तान में शव से छेड़छाड़ करने का आरोप है.
नरसिंहपुर में एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड नोट में उसने मौत के जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की बात लिखी है. मामला गोटेगांव थाना अंतर्गत श्रीनगर का है. मृतक का नाम साहिल श्रीवास्तव है. उसने सुसाइड नोट में एक महिला समेत चार लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. उसने लिखा कि वह एक लड़की से मोबाइल पर बात करता था और उस लड़की के माता-पिता और उनके दो साथियों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था. उससे कहा जा रहा था कि वह लड़की से बात न करें. इसी वजह से साहिल ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. साहिल के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया.
दतिया में आधार कार्ड नहीं होने से दो दर्जन से ज्यादा आदिवासी बच्चे स्कूल में एडमिशन से वंचित हैं. नीबरी ग्राम में आदिवासी बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने. इन बच्चों को शासन की किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है. सहरिया आदिवासियों का ग्राम नीबरी दतिया मुख्यालय से बामुश्किल 10-12 किलोमीटर दूर है.
भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मां-बेटी की मौत हो गई. दोनों छत पर टहल रही थीं. छत से गिरने से उनकी मौत हुई है. यह आत्महत्या है या हादसा, पुलिस जांच में जुटी है. निशातपुरा थाना क्षेत्र का मामला है.
जबलपुर में इलाज के नाम पर BAMS डॉक्टर एजाज अंसारी ने एक शिक्षिका से दोस्ती बढ़ाई और फिर वह शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करने लगा. पीड़िता ने बताया कि आरोपी अपने ही क्लीनिक में दुष्कर्म करता था. वह उसके साथ 8 साल से रेप कर रहा था. वह मारपीट भी करता था. आरोपी पहले से शादीशुदा है. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आरोपी की तलाश जारी है.
ग्वालियर में दो पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. कर्मचारियों ने बोतल में पेट्रोल नहीं दिया, तो उनके साथ मारपीट की गई. पेट्रोल लेने आए तीन लोगों ने मारपीट की. आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया. विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के नीडम रोड की यह घटना है. पीड़ितों ने विश्वविद्यालय थाने में शिकायत दी. जिसके बाद करन गुर्जर, शिवम गुर्जर और आर्यन सचदेवा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
हरदा जिले में घुटने के ऑपरेशन के बाद एक महिला एचआईवी पॉजिटिव निकली. 57 वर्षीय महिला के घुटनों का ऑपरेशन 20 अगस्त 2025 को शहर के बघेल हॉस्पिटल में हुआ था. उस समय महिला को दो यूनिट ब्लड जिला अस्पताल से लाकर चढ़ाया गया था. बाद में 11 सितंबर को महिला को प्रॉब्लम होने पर ऑपरेशन की तैयारी की गई. ब्लड जांच में महिला एचआईवी संक्रमित निकली. यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए. हरदा में ऑपरेशन के लिए मना करने पर AIIMS भोपाल में महिला का ऑपरेशन किया गया. महिला के बेटे ने पूरे मामले में जांच की मांग की है. महिला के बेटे ने ब्लड चढ़ाने से लेकर ऑपरेशन तक पूरी प्रक्रिया की जांच की मांग की है. वहीं जिस नर्सिंग होम में महिला भर्ती थी, उसके संचालक ने कहा कि अस्पताल में कोई लापरवाही नहीं हुई है.
मंदसौर पुलिस ने अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है. ⁠30 किलो वजन ने 800 गांजे के पौधों को पुलिस ने जब्त किया. आरोपी ⁠⁠मक्के की फसल के बीच में गांजे के पौधे उगा रहे थे. पुलिस ने ⁠एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. ⁠सुवासरा थाना क्षेत्र के तखतपुरा गांव का यह मामला है.
मध्य प्रदेश में एक युवक ने शॉपिंग के बहाने महिला से दुष्कर्म किया. बड़वानी जिले के सेंधवा से महिला को शॉपिंग के लिए धार जिले के धामनोद ले गया था. शॉपिंग के बाद रात में मुंबई-आगरा हाइवे स्थित एक होटल के कमरे में उसने जबरन दुष्कर्म किया. पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी का नाम पप्पू डाबर है और वह बड़वानी जिले के नांदड़ ग्राम पंचायत की सरपंच का पति है. वह अपने आपको कांग्रेस नेता भी बता रहा है. बलकवाडा थाना क्षेत्र की यह घटना है.
ग्वालियर के लधेड़ी इलाके में मोनू बाथम नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुरानी रंजिश को लेकर मोनू की हत्या हुई है. दरअसल मोनू की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसकी वजह से मोनू लधेड़ी छोड़कर मुरार में किराये के मकान में रह रहा था. वह लधेड़ी में हर साल नवरात्रि पर दुर्गा प्रतिमा स्थापित करता था. कार्यक्रम स्थल पर कुछ युवक आए और मोनू को गोली मारकर भाग निकले. परिजन मोनू को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आरोपी भागते CCTV में कैद हुए हैं. मोनू के परिजनों ने बताया कि करीब चार-पांच महीनों से कुछ लोग रंजिश रख रहे थे. इलाके में हथियार लेकर घूमना लोगों को धमकाने का काम कर रहे थे. मोनू और उसके परिवार ने पुलिस से शिकायत भी की थी. उधर मोनू की हत्या के बाद पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में ले लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP ने तीन आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है.
सतना में सीवर लाइन में सफाई करते समय फिर हादसा हुआ है. कृपालपुर में त्रिवेणी पैलेस के सामने यह हादसा हुआ है. सीवर लाइन साफ कर रहे तीन मजदूर बेहोश हो गए. एक मजदूर की मौत हो गई है और दो को बाहर निकाल लिया गया. उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक हफ्ते में यह दूसरी घटना है. चार दिन पहले पटेरी मोहल्ले में भी दो मजदूर सीवर में घुसते ही बेहोश हो गए थे. उन्हें समय पर निकाल लिया गया था, जिससे उनकी जान बच गई.
धार और इंदौर के 8 थानाक्षेत्रों के मंदिरों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार कर लिया गया. एसपी मयंक अवस्थी की स्पेशल टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. गिरफ्तार चोर के पास से 2 किलो 300 ग्राम चाँदी के छत्र, मुकुट, जेवर, 23 किलोग्राम पीतल के सामान और एक कार बरामद हुई, जिनकी कीमत 4 लाख 8 हजार से अधिक आंकी गई है. चोर ने धार और इंदौर के 8 मंदिरों से यह चोरी की थी.
रतलाम: धारदार हथियार से 45 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. घटना रावटी थाना क्षेत्र के भेतियां गांव की है. महिला अपने बच्चों के साथ छत पर सो रही थी जब अपराधी ने उस पर हमला किया. हत्या के बाद महिला का शव छत से नीचे फेंक दिया गया. रावटी थाना पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस इसकी तहकीकात में जुट गई है.
रतलाम: एक पति ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया. पत्नी ने पति के खिलाफ क्रूरता का अपराध दर्ज करवाया था. जमानत पर लौटने के बाद, पति ने तीन तलाक दे दिया. पत्नी ने पति सहित चार ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया. तीन तलाक अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया. आलोट थाना पुलिस जांच में जुटी हुई है.
नर्मदापुरम: पचमढ़ी के जंगल में एक बुजुर्ग दंपत्ति पर अचानक भालुओं ने हमला कर दिया. बुजुर्ग पति-पत्नी सूखी लकड़ी और रार बीनने जंगल गए थे. इस अप्रत्याशित हमले के दौरान, दोनों ने साहसपूर्वक मुकाबला कर अपनी जान बचाई. घायल शंकर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कुछ ही समय में मुख्यमंत्री स्वदेशी जागरण रैली में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री निवास से रविन्द्र भवन तक पैदल चलकर जायेंगे. इस रैली का उद्देश्य स्वदेशी अभियान को बढ़ावा देना है.
ग्वालियर में पुरानी रंजिश के चलते मोनू बाथम की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना माता के जागरण के दौरान देर रात किलागेट इलाके में हुई. मौके पर ही मोनू की मौत हो गई. ग्वालियर पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News