NDA Number Game: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद कई सांसदों ने बगावत कर दिया है। इसकी संख्या अब 20 तक जा पहुंची है। इस बीच खबर आई कि महाराष्ट्र में भी कई सांसद उद्धव ठाकरे की शिवसेना का साथ छोड़ शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। इससे एनडीए का कुनबा बढ़ने के कयास लगाए जाने लगे थे। हालांकि उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों के पाला बदलने और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संपर्क में होने की अटकलों पर शिंदे गुट ने कड़ा रुख अपनाया है। शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता राजू वाघमारे ने इन सभी खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से झूठ करार दिया है।
पार्टी के भीतर और बाहर चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर विराम लगाते हुए राजू वाघमारे ने कहा, “ये सभी बातें पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद हैं। हमारे शीर्ष नेता और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पहले ही यह बात साफ कर दी है कि हमारी तरफ से ऐसा कोई ‘ऑपरेशन टाइगर’ नहीं चलाया जा रहा है। न ही हमारा ऐसा कोई प्लान है और न ही हमें इसमें कोई दिलचस्पी है।”
वाघमारे ने वर्तमान राजनीतिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में अभी कोई चुनाव नहीं होने वाले हैं। उन्होंने कहा, “सरकार के पास पहले से ही पूर्ण बहुमत मौजूद है। ऐसे में हमें अपनी सरकार चलाने के लिए किसी अन्य बाहरी बैसाखी या अन्य दल के सांसदों की कोई आवश्यकता नहीं है।”
उद्धव ठाकरे द्वारा अपने सांसदों के साथ बुलाई गई आपात बैठक पर टिप्पणी करते हुए वाघमारे ने कहा, “उद्धव ठाकरे अपने सांसदों के साथ बैठक कर रहे हैं, यह पूरी तरह से उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है। वे क्या करते हैं, इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमारे लिए जनता का जनादेश बिल्कुल स्पष्ट है। हम इस तरह की किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल नहीं हैं और न ही दूसरों के मामलों में हमारी कोई रुचि है।”
शिवसेना प्रवक्ता के इस दो टूक बयान से साफ है कि सत्ताधारी गुट फिलहाल खुद को इस विवाद से दूर रखकर यह संदेश देना चाहता है कि उनकी सरकार पूरी तरह से स्थिर है और उन्हें किसी भी तरह की तोड़-फोड़ की राजनीति की जरूरत नहीं है।
आपको बता दें तृणमूल कांग्रेस के सांसदों के गुट को लेकर अभी तक स्थिति साफ नहीं हुई है कि क्या वह भाजपा में विलय करेंगे या फिर अलग गुट बनाकर टीएमसी पर दावा ठोकेंगे। इस बात की संभावना है कि आज वह लोकसभा स्पीकर से मिलकर संसद में अपने गुट की मान्यता और बैठने की अलग व्यवस्था की मांग कर सकते हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play