Paliament Budget Session Live Updates: संसद के बजट सत्र का आज 5वां दिन है. संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी रहेगी. संसद में आज भी विपक्ष महाकुंभ भगदड़ और अमेरिका से डिपोर्ट किए अवैध भारतीय प्रवासियों के मुद्दों पर हंगामा कर सकता है.
संसद का बजट सत्र बीते 31 जनवरी से शुरू हुआ है. जोकि 13 फरवरी तक चलेगा. जबकि दूसरा सत्र 10 मार्च से 14 अप्रैल तक होगा. बता दें कि 5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव की वोटिंग थी, जिसकी वजह से संसद की कार्यवाही स्थगित रही थी.
एक फरवरी को वित्त मंत्री ने पेश किया था बजट
वित्त मंत्री सीतारमण ने एक फरवरी को 50 लाख 65 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया था. सबसे ज्यादा बजट रक्षा, ग्रामीण विकास मंत्रालय और गृह मंत्रालय को दिया गया है. इस बजट में नौकरीपेशा लोगों के लिए 12.75 लाख रुपये तक की आय को टैक्सफ्री कर दिया गया है. इसके अलावा इलेक्ट्रिक कार, मोबाइल और LED सस्ते होने का भी ऐलान हुआ है. केंद्र सरकार ने इस बार कैंसर और कुछ जरूरी दवाओं के दाम भी कम करने का ऐलान किया है.
4 फरवरी को लोकसभा में बोले थे PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में चार फरवरी को धन्यवाद प्रस्ताव पर विपक्ष की चर्चा का जवाब दिया था. अपने करीब डेढ़ घंटे के भाषण में पीएम मोदी ने बिना नाम लिए गांधी फैमिली और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था.
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अमेरिका द्वारा डिपोर्ट किए गए अवैध प्रवासी भारतीयों को लेकर कहा कि ट्रंप ने कोई गलती नहीं की. भारत को भी अमेरिका से सीखना चाहिए. अमेरिका को ऐसा करने का पूरा अधिकार है.
अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों के मामले पर सियासत गर्म है. AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी इसको लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा है कि भारतीयों को बेइज्जती से क्यों लाया गया? अब सरकार बताए कि उनके साथ क्या करेगी.
अमेरिका द्वारा डिपोर्ट किए गए अवैध भारतीय प्रवासियों पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मांग की है कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए. उन्होंने पूछा कि हमारा विमान उन्हें लेने के लिए अमेरिका क्यों नहीं गया था. क्या इंसानों के साथ इस तरह का व्यवहार करना चाहिए?
अमेरिका से डिपोर्ट हुए अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर संसद के दोनों सदनों में जवाब देंगे. विदेश मंत्री राज्यसभा में 2 बजे और लोकसभा में 3 बजे बोलेंगे. इसके अलावा पीएम मोदी भी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलेंगे.
लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित हो गई है. वहीं अवैध प्रवासियों के मामले पर हंगामे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही चल रही है. दो बजे विदेश मंत्री इस मामले में जवाब देंगे.