PM Modi Red Fort Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से देश को लगातार 13वीं बार संबोधित किया। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राष्ट्र को संबोधित करना शुरू किया। इस दौरान लाल किले का पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस बार के समारोह में ‘Yuva Shakti for Viksit Bharat@2047’ और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने पर विशेष फोकस है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से महिला आरक्षण लागू करने में सहयोग का आग्रह करते हुए कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार दिया जाना चाहिए ताकि वे लोकसभा और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व हासिल कर देश की नीति निर्माण में अपना योगदान दे सकें। प्रधानमंत्री ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा दशकों से “राजनीति के अखाड़े का शिकार” रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं सभी राजनीतिक दलों से लाल किले की प्राचीर से और तिरंगे झंडे की छाया में आग्रह करता हूं कि महिला आरक्षण लागू करके महिला सम्मान में आप भी जुड़िए, आप भी श्रेय लीजिए, लेकिन माताओं-बहनों को उनका हक दिलाइए।” उन्होंने कहा कि महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, ताकि वे देश की नीति निर्माण प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभा सकें। मोदी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना देश के विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने यह आह्वान उस वक्त किया है जब सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक पर सहमति बनाने का प्रयास कर रही है। इस साल अप्रैल में विपक्ष के विरोध के कारण विधेयक पारित नहीं हो पाया था।
लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले 12 वर्षों में, रक्षा उत्पादन लगभग चार गुना बढ़ गया है, जबकि खादी और ग्रामोद्योगों का उत्पादन लगभग पांच गुना बढ़ा है। इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग लगभग सात गुना बढ़ी है। आधुनिक रेलवे कोचों का उत्पादन 21 गुना और मोबाइल फोन का उत्पादन 33 गुना बढ़ा है। इसके अलावा, हमने डिजिटल टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई है। इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या लगभग चार गुना हो गई है, पेटेंट ग्रांट चार गुना बढ़ गए हैं और डिजिटल लेनदेन सौ गुना बढ़ गए हैं। हमने आम नागरिकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी उतनी ही गंभीरता से काम किया है। हमने पहले की तुलना में औसतन 15 गुना अधिक सालाना गति से नल से पानी के कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। गैस कनेक्शन पहले की सालाना गति से छह गुना अधिक गति से दिए गए हैं। हमने गरीबों के लिए शौचालय चार गुना सालाना गति से बनाए हैं और वंचितों को आवास पहले की दर से तीन गुना अधिक गति से उपलब्ध कराए हैं। देश में गवर्नेंस में भी भारी बदलाव आया है; हजारों अनुपालन आवश्यकताओं को खत्म कर दिया गया है और सैकड़ों पुराने कानूनों को रद्द कर दिया गया है। पिछली सदी के कानूनों के भरोसे 21वीं सदी में आगे नहीं बढ़ा जा सकता। हमने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत किया। जिस गति और पैमाने पर यह काम किया गया है- यह गति, यह विस्तार और ये उपलब्धियां, आजादी के बाद पहली बार देखे गए बदलाव को दर्शाती हैं, और यह सब पिछले एक दशक में हुआ है…”
प्रधानमंत्री मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित करते हुए कहा, “आज हर दिल ‘वंदे मातरम’ की धुन पर धड़क रहा है। आज हर घर तिरंगा है, हर मन तिरंगा है।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज हम सभी 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। आज हर दिल में ‘वंदे मातरम’ का स्वर गूंज रहा है। आज हर घर में तिरंगा लहरा रहा है और हर मन में बसा है; देश नए संकल्पों को अपनाते हुए उत्साह और जोश के साथ आगे बढ़ रहा है।”
लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस स्वतंत्रता दिवस पर मैं बापू और सभी स्वतंत्रता सेनानियों तथा क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।” पीएम मोदी ने कहा, “हमें आत्मनिर्भर बनना होगा और अपने हितों की रक्षा करनी होगी। आज हर भारतीय ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी पहलों से जुड़ रहा है।”
स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “पिछले कुछ दिनों में देश के कुछ हिस्सों में बाढ़ आई है, जिससे कई लोग प्रभावित हुए हैं। मैं प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाता हूं कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”
स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “आज भारत का एक बड़ा सपना है कि 2047 तक वह एक विकसित देश बने। जब दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश विकसित देश बनने का संकल्प लेता है, तो यह हमारे साहस की पहचान बन जाता है और दुनिया हमें एक अलग नजरिए से देखने के लिए मजबूर हो जाती है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमने भी एक बड़ा सपना देखा है- एक ऐसा सपना जिसे पक्के इरादे और नई ऊंचाइयां छूने के लक्ष्य के साथ पूरा किया जा रहा है। हमारा विजन यह है कि जब हम आजादी के 100 साल पूरे करेंगे- यानी 2047 तक, तब तक हम भारत को एक विकसित देश बना लेंगे। हमें अपने 140 करोड़ नागरिकों की सामूहिक कोशिशों और मेहनती जज्बे से इस लक्ष्य को हासिल करना है। जब दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश एक विकसित देश बनने का संकल्प लेता है, तो यह दुनिया के सामने हमारे साहस का सबूत बन जाता है; दुनिया हमारे प्रति अपना नजरिया बदलने पर मजबूर हो जाती है…”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश को संबोधित करते हुए कहा, “कोई भी राष्ट्र तब महान बनता है, तब अपनी सिद्धियों को प्राप्त करता है, जब अपने सपनों, अपने संकल्पों और अपने सामर्थ्य के दम पर आगे बढ़ता है। अब छोटे सपनों से चलने वाला नहीं है। हमें बड़े सपने देखने होंगे क्योंकि बड़े सपने हमारी सोच को भी विस्तार देते हैं… हमारे संकल्प दृढ़ होने चाहिए। जब संकल्प दृढ़ होता है तो कठिनाईयों से, आपदाओं के बीच से रास्ते निकालने का सामर्थ्य अपने आप उभर कर आता है। हमारे संकल्प भी ऊंचे होने चाहिए क्योंकि जब सपने ऊंचे होते हैं, संकल्प ऊंचे होते हैं तो हमारे सामर्थ्य की ऊंचाई भी बढ़ती है, हमारे प्रयासों की ऊंचाई भी बढ़ती है और तब जाकर हम सपनों को साकार कर सकते हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर पर 13वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद 21 तोपों की सलामी दी गई। इससे पहले, लाल किला पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। लाल किला पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने सलामी गारद का निरीक्षण किया। लाल किला पर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। समारोह में बड़ी संख्या में युवा, एनसीसी कैडेट्स और ‘माय भारत’ के स्वयंसेवक शामिल हुए। आयोजन के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि विकसित भारत के निर्माण में युवा केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि देश की विकास यात्रा के प्रमुख भागीदार हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का यह संबोधन ऐसे समय में हुआ है जब सरकार 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर जोर दे रही है। लाल किले से प्रधानमंत्री का भाषण हर साल सरकार की प्राथमिकताओं और आने वाले वर्षों के रोडमैप का अहम संकेत माना जाता है। इस बार भी युवाओं, विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय एकता पर विशेष जोर दिखाई दिया।
डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे ‘क्यों’ और ‘कैसे’ को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव ‘फैक्ट-चेकिंग’ और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।
अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play