Ranchi News: तोरपा में 11 हजार वोल्ट की तार की चपेट में आने से दो छात्रों की मौत, सात गंभीर – Hindustan

Ranchi News: तोरपा, प्रतिनिधि। 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से भगवान जगन्नाथ के लोहे के रथ में करंट दौड़ गया, जिससे दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि सात छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सोमवार दोपहर तोरपा थाना क्षेत्र के कोटेंगसेरा मोसीबाड़ी के पास हुआ। घटना के बाद पूरे तोरपा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेफरल अस्पताल और सदर अस्पताल में परिजनों व ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लंच अवकाश में रथ हटाने पहुंचे थे छात्र

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे श्रीहरि प्लस टू विद्यालय में लंच अवकाश था। इसी दौरान विद्यालय के कुछ छात्र स्कूल के बाहर एक दुकान के पास खड़े थे। बाद में सभी छात्र कोटेंगसेरा मोसीबाड़ी के पास पहुंच गए। वहां भगवान जगन्नाथ का लोहे का रथ खड़ा था। बताया गया कि कुछ लोग रथ को धक्का देकर उसकी दिशा बदलने और उसे सड़क किनारे करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बच्चे भी रथ को धक्का देने में मदद करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब आठ से दस छात्र मिलकर रथ को सड़क से हटाने का प्रयास कर रहे थे। रथ को घुमाने के दौरान उसका ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही विद्युत करंट सीधे लोहे के रथ में उतर गया।

करंट लगते ही उसे धक्का दे रहे छात्र उसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करंट लगते ही कुछ छात्र छटपटाकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि दो छात्र कुछ देर तक रथ से चिपके रहे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। कुछ देर तक किसी को समझ में नहीं आया कि छात्रों को कैसे बचाया जाए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल चार छात्रों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खूंटी रेफर किया गया।

दो छात्रों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। रेफरल अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने 17 वर्षीय चंदन कुमार, पिता शाहदेव यादव और 17 वर्षीय तिजेश्वर गोप, पिता पाल गोप को मृत घोषित कर दिया। दोनों छात्र इंटरमीडिएट में पढ़ते थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल परिसर में हर तरफ चीख-पुकार और गम का माहौल बना रहा।

हादसे में घायल छात्रों में 20 वर्षीय कमलेश गोप, निवासी कुल्डा, 17 वर्षीय रुपेश कुमार सिंह, निवासी इचा, 16 वर्षीय अरमान आलम, निवासी मिलन चौक, 17 वर्षीय पंकज राम, निवासी बांस टोली, 17 वर्षीय गिरिराज यादव, निवासी कोटेंगसेरा, 13 वर्षीय सूजे लोहरा, निवासी सायसेरा और 17 वर्षीय निलय एक्का, निवासी शांति नगर शामिल हैं। सभी का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस और प्रशासन। घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि लंच अवकाश के दौरान बच्चों को आयोजकों की ओर से रथ हटाने के लिए बुलाया गया था। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि छात्र खुद ही रथ देखने और उसे हटाने के लिए वहां पहुंचे थे। पुलिस इन सभी बिंदुओं की गहन जांच कर रही है। प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जानकारी ली। प्रशासन का कहना है कि 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के नीचे धार्मिक आयोजनों और रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल और आसपास के गांवों में पसरा मातम। दो छात्रों की मौत और सात के घायल होने की खबर से श्रीहरि प्लस टू विद्यालय में शोक का माहौल है। विद्यालय के छात्र और शिक्षक भी घटना से स्तब्ध हैं। वहीं तोरपा, कोटेंगसेरा और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि ऊंची क्षमता वाली विद्युत लाइनों के नीचे होने वाले धार्मिक आयोजनों के लिए स्पष्ट सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो।

घटना की होगी उच्चस्तरीय जांच : डीसी। घटना की उच्चस्तरीय जांच होगी। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने जगन्नाथ रथ में करंट फैलने से दो छात्रों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से संवेदनशीलता के साथ जांच कराई जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उपायुक्त ने बताया कि घटना के समय विद्यालय में लंच ब्रेक चल रहा था। ऐसे में छात्र किन परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंचे और हादसे के वास्तविक कारण क्या रहे, इसकी जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। टीम में विद्युत कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को शामिल किया गया है। जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News