Gold Smuggling Case: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री रान्या राव को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार रात सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया.
Trending Photos
Ranya Rao Smuggling Case: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री रान्या राव को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार रात सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया. जब वह दुबई से भारत लौट रही थीं तब अधिकारियों ने उन्हें 14.8 किलोग्राम सोने के साथ पकड़ लिया. रान्या राव कर्नाटक पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के डीजीपी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं. उन्हें राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने गिरफ्तार किया. समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद उन्हें अगले दिन आर्थिक अपराध न्यायालय में पेश किया गया. जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
कैसे हुई गिरफ्तारी?
रान्या राव को दुबई से बेंगलुरु आ रही एमिरेट्स फ्लाइट से उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारियों ने जब यह देखा कि उन्होंने महज 15 दिनों में चार बार दुबई की यात्रा की तो शक गहराने लगा. इसके बाद उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. कुछ रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि DRI को पहले ही सूचना मिल चुकी थी कि रान्या राव सोने की तस्करी में लिप्त हैं. इसी वजह से टीम ने उनकी गिरफ्तारी के लिए हवाई अड्डे पर पहले से ही इंतजाम कर लिया था. जैसे ही उनकी फ्लाइट शाम 7 बजे लैंड हुई उन्हें हिरासत में ले लिया गया.
कैसे करती थीं तस्करी?
प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि रान्या राव बड़ी चालाकी से सोना भारत ला रही थीं. उन्होंने कुछ हिस्सा गहनों के रूप में पहना था. जबकि बाकी सोने को अपने कपड़ों में छिपाकर लाई थीं. शुरुआती जांच में यह भी संदेह जताया जा रहा है कि रान्या राव ने अपनी ऊंची पहुंच का फायदा उठाकर कस्टम चेकिंग को भी बायपास किया था. हालांकि उनकी गिरफ्तारी के बाद यह पूरा नेटवर्क अब जांच के दायरे में आ गया है.
बिजनेस ट्रिप का दिया बहाना
जब अधिकारियों ने रान्या से पूछताछ की तो उन्होंने दावा किया कि वह दुबई सिर्फ व्यापारिक उद्देश्यों से जा रही थीं. लेकिन 14.8 किलो सोने की बरामदगी ने इस दावे पर सवाल खड़ा कर दिया.
2014 में किया था डेब्यू
रान्या राव ने 2014 में कन्नड़ फिल्म ‘माणिक्य’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. इस फिल्म में सुदीप मुख्य भूमिका में थे और उन्होंने इसका निर्देशन भी किया था. कन्नड़ फिल्मों के बाद 2016 में उन्होंने तमिल फिल्म ‘वागाह’ से डेब्यू किया. जिसमें वह विक्रम प्रभु के साथ नजर आई थीं.
अब आगे क्या?
DRI अधिकारियों के अनुसार इस मामले की गहन जांच जारी है. यह पता लगाया जा रहा है कि रान्या राव इस तस्करी नेटवर्क में अकेली थीं या फिर कोई बड़ा गिरोह इस पूरे रैकेट को चला रहा था. उनकी बार-बार की दुबई यात्राओं के पीछे की असली वजह भी खंगाली जा रही है. अगर आरोप साबित हुए तो रान्या राव को कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
(एजेंसी इनपुट के साथ)
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Zee News Hindi पर. Hindi News और India News in Hindi के लिए जुड़े रहें हमारे साथ.
Thank you
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts.