Shubham Raja
Date: 23-09-26 18:49
SIM Card Misuse: मोबाइल फोन यूजर्स के लिए SIM कार्ड से जुड़ी जरूरी खबर है. टेलिकॉम विभाग (DoT) ने देशभर के लोगों को SIM कार्ड के गलत इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी है.
विभाग के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति गलत तरीके से SIM कार्ड हासिल करता है या अपने नाम पर जारी SIM किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने देता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है. ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर 3 साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.
आपके नाम का SIM तो परेशानी भी आपको
टेलिकॉम विभाग ने लोगों से कहा है कि वे अपने नाम पर जारी SIM कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें. अगर आपके नाम पर रजिस्टर्ड किसी मोबाइल कनेक्शन का इस्तेमाल गैरकानूनी काम में होता है, तो इसकी वजह से आपको भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए दोस्त, परिवार या रिश्तेदार को भी अपने नाम पर SIM देने से बचना चाहिए.
इसी तरह गलत दस्तावेज, फर्जी जानकारी या किसी दूसरे की पहचान का इस्तेमाल करके SIM लेना भी गैरकानूनी है. DoT ने ऐसे SIM कार्ड के साइबर फ्रॉड और दूसरी गैरकानूनी गतिविधियों में इस्तेमाल होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधान किया है.
टेलिकॉम विभाग की नई चेतावनी
टेलिकॉम विभाग ने साइबर अपराध की जांच से जुड़े मामलों को लेकर हाल ही में एक एडवाइजरी जारी की है. इसमें छत्तीसगढ़ के एक पॉइंट ऑफ सेल (PoS) एजेंट का मामला सामने आया. आरोप है कि एजेंट ने लोगों के पहचान दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करके उनकी जानकारी और अनुमति के बिना 25 मोबाइल कनेक्शन एक्टिव कर दिए.
मामला सामने आने के बाद संबंधित एजेंट को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया. इन 25 मोबाइल कनेक्शनों की जांच DoT के डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के जरिए की गई. संदिग्ध नंबरों को दोबारा वेरिफिकेशन के लिए भेजा गया और जांच में फेल हुए नंबरों को बंद कर दिया गया.
कैसे पता करें कि आपके नाम से कोई दूसरा चला रहा SIM?
यूजर्स Sanchar Saathi पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से देख सकते हैं कि उनके नाम पर कितने मोबाइल नंबर जारी हैं. अगर लिस्ट में कोई ऐसा नंबर दिखाई देता है जिसे आपने नहीं लिया है या अब इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो उसी प्लेटफॉर्म के जरिए उसकी शिकायत की जा सकती है और उसे बंद करवाया जा सकता है.
Sanchar Saathi के जरिए मोबाइल हैंडसेट के असली या नकली होने की भी जांच की जा सकती है. इसलिए समय-समय पर अपने नाम से जुड़े मोबाइल नंबरों की लिस्ट चेक करते रहना जरूरी है. इससे अगर किसी ने आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल करके SIM लिया है, तो समय रहते उसकी शिकायत की जा सकती है.
ये भी पढ़ें- BJP ने 36 राज्यों के प्रभारी-सह प्रभारी किए घोषित, स्मृति ईरानी, तावड़े और पुनिया को मिली बड़ी जिम्मेदारी
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें