Sitamarhi News: सीतामढ़ी/परिहार, हिटी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत अनुभव आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रखंड के सुतिहारा गांव स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जवाहर नगर के कक्षा चार के विद्यार्थियों का शनिवार को सुरसंड उप डाकघर में शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। ‘अपने आसपास की दुनिया की खोज’ गतिविधि के अंतर्गत आयोजित इस भ्रमण में बच्चों ने डाकघर की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और पत्र लेखन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार रंजन ने किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक शिक्षा भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों में जिज्ञासा बढ़ाने के साथ उन्हें सामाजिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कराते हैं। सुरसंड उप डाकघर में उप डाकपाल शेखर ठाकुर एवं पिंटू पासवान ने विद्यार्थियों का स्वागत किया।
उन्होंने बच्चों को डाकघर के विभिन्न कार्यों, डाक वितरण प्रणाली, स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, बचत योजनाओं सहित अन्य डाक सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही पुराने समय में पत्रों के माध्यम से होने वाले संवाद और उसकी महत्ता पर भी प्रकाश डाला। बच्चों को पोस्टकार्ड उपलब्ध कराकर पत्र लिखने का अभ्यास कराया गया, जिससे उन्होंने पत्राचार की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझा। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक मो. आदिल ने भारतीय डाक सेवा से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में श्रीणिका कुमारी एवं वैदिक वंदन ने संयुक्त रूप से प्रथम, पीयूष कुमार ने द्वितीय तथा अदनान अंसारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं की सराहना करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के पूर्व सदस्य, शिक्षाविद एवं समाजसेवी हरिनारायण प्रसाद ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बिस्कुट और टॉफियां वितरित कीं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी डाकघर की उपयोगिता बनी हुई है। बच्चों को इसकी जानकारी जरूरी है।
वहीं शिक्षिका कुमारी शहनाज ने विद्यार्थियों को पत्र लेखन की शैली, डाक व्यवस्था के महत्व और भारतीय डाक सेवा की ऐतिहासिक भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने डाकघर की कार्यप्रणाली को उत्सुकता से देखा और विभिन्न सेवाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं यादगार अनुभव बताया।
Loading videos…
Loading videos…
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play