शेयर बाजार हर रोज खुलने के साथ ही क्रैश (Stock Market Crash) हो रहा है और ये सिलसिला अभी थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है. भले ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, लेकिन इसके बाद भी दुनियाभर के शेयर बाजारों में भगदड़ देखने को मिल रही है. विदेशों से भारतीय बाजार के लिए भी तबाही के सिग्नल मिल रहे हैं. सेंसेक्स-निफ्टी के लिए प्रमुख संकेतक माना जाने वाला गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) 200 अंक से ज्यादा की गिरावट लेकर कारोबार कर रहा है.
सिर्फ गिफ्ट निफ्टी ही नहीं, बल्कि जापान, कोरिया से लेकर हांगकांग तक के शेयर बाजारों में तेज गिरावट देखने को मिली है. Japan Nikkei तो शुरुआती कारोबार में ही 1500 अंक के आसपास टूट गया. तो वहीं बीते कारोबारी दिन अमेरिकी शेयर बाजार में भी हाहाकार मचा हुआ नजर आया था. Dow Jones 620 अंक की गिरावट लेकर बंद हुआ था.
कल मची थी भारी उथल-पुथल
बीते कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर मार्केट में भारी उथल-पुथल देखने को मिली थी. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स अपने पिछले बंद 74,649 की तुलना में गिरकर 74,507 पर खुला था और फिर देखते ही देखते क्रैश (Sensex Crash) होकर 73,492 के लेवल पर आ गया था. हालांकि, अंत में ये तेज रिकवरी के साथ 303 अंक फिसलकर 74,346 पर क्लोज हुआ.
वहीं दूसरी ओर सेंसेक्स के जैसी ही चाल एनएसई की निफ्टी इंडेक्स की रही. ये 50 शेयरों वाला इंडेक्स अपने पिछले बंद 23,483 की तुलना में फिसलकर पहले 23,415 पर ओपन हुआ और फिर गिरते हुए 23,151 के लेवल पर आ गया. अंत में इसके गिरने की रफ्तार भी धीमी पड़ी और Nifty 77 अंक फिसलकर 23,405 पर क्लोज हुआ.
विदेशों से बेहद खराब संकेत
गुरुवार के लिए विदेशों से भारतीय शेयर बाजार के लिए मिल रहे निगेटिव संकेतों की बात करें, तो सबसे पहले बात कर लेते हैं Gift Nifty की, जिसे इंडियन मार्केट के लिए बड़ा संकेतक माना जाता है. इसमें ओपनिंग के साथ ही तगड़ी गिरावट आई है और ये 300 अंक से ज्यादा की गिरावट लेकर 23,161 के लेवल पर आ गया. इससे साफ है कि भारत में जारी भगदड़ सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन भी देखने को मिल सकती है.
गिफ्टी निफ्टी ही नहीं, बल्कि अन्य एशियाई शेयर बाजारों में भी भूचाल नजर आया है, जिससे भारतीय शेयर मार्केट निवेशकों का सेंटीमेंट खराब हो सकता है. जापान का निक्केई इंडेक्स (Japan Nikkei) करीब 1500 अंक फिसलकर 66,921 पर ट्रेड कर रहा था, तो वहीं हांगकांग का हैंगसेंग (HangSeng) करीब 400 अंक की गिरावट लेकर 25,228 पर नजर आया.
साउथ कोरिया के कोस्पी इंडेक्स (KOSPI) को देखें, तो यहां भी करीब 2 फीसदी की गिरावट आई और ये 170 अंक टूटकर 8,577 पर कारोबार कर रहा था. FTSE-100, CAC, DAX हर ओर एशियाई मार्केट्स में लाल-लाल नजर आया.
अमेरिकी शेयर बाजारों में भगदड़
इससे पहले बीते कारोबारी दिन अमेरिका के शेयर बाजारों में तेज गिरावट देखने को मिली थी. डाउ जोंस अंत तक फिसलता हुआ नजर आया था और ये 621 अंक या 1.21 फीसदी की बड़ी गिरावट लेकर 50,708 के लेवल पर क्लोज हुआ था. इसके अलावा S&P 500 इंडेक्स भी फिसला और करीब 40 अंक टूटकर 7,546 पर बंद हुआ. Nasdaq की बात करें, तो यहां भी भगदड़ साफ देखने को मिली, आईटी शेयरों के क्रैश (IT Stock Crash) होने से ये इंडेक्स 239.92 अंक की गिरकर 26,853 पर क्लोज हुआ.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू