Rashmi Singh
Date: 07-10-26 12:36
Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. लखनऊ से देवरिया लौट रहे छह टेनिस खिलाड़ियों की अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में तीन खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.
करीब 100 की रफ्तार में थी कार
हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे हुआ. जानकारी के मुताबिक, देवरिया के रहने वाले छह टेनिस खिलाड़ी लखनऊ में एक प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद अर्टिगा कार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक को अचानक झपकी आने के बाद कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी.
टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा हुआ चकनाचूर
ट्रक से टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार ट्रक के नीचे फंस गई. हादसे की तेज आवाज सुनकर एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे लोगों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. कार में फंसे खिलाड़ियों को बाहर निकालना आसान नहीं था. यूपीडा की टीम और पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे और क्षतिग्रस्त हिस्से काटकर सभी छह लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया.
तीन खिलाड़ियों की मौत
अयोध्या मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन खिलाड़ियों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, हादसे में घायल तीन खिलाड़ियों का इलाज जारी है. इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे की खबर सामने आने के बाद देवरिया में मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया.
तीनों मृतक देवरिया के रहने वाले
हादसे में जान गंवाने वाले खिलाड़ियों की पहचान नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी और अनिकेत के रूप में हुई है. नित्या की उम्र 22 साल, इरफान की 20 साल और अनिकेत की उम्र 24 साल बताई जा रही है. तीनों टेनिस खेल से जुड़े थे और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद वापस देवरिया लौट रहे थे.
झपकी बनी हादसे की वजह
शुरुआती जांच में पुलिस और यूपीडा अधिकारियों ने चालक को नींद की झपकी आने को हादसे की संभावित वजह बताया है. हालांकि, दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेस-वे से हटाया गया और यातायात को सामान्य कराया गया. पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें- एक शव लेने निकले थे, 4 अर्थियां उठीं! फौजी का शव लाते हादसे में बेटा-भाई-भतीजे की मौत
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें