Yuvraj Singh
Date: 16-10-26 19:20
UP Holidays 2026: उत्तर प्रदेश में अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में लोगों को लगातार चार दिन की छुट्टियां मिलने जा रही हैं. त्योहारों के बीच छुट्टियों का यह मौका स्कूली बच्चों, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए खास रहने वाला है. योगी आदित्यनाथ सरकार ने 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है, जिससे अक्टूबर में छुट्टियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है.
महानवमी पर 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित
उत्तर प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन अनुभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, वर्ष 2026 के लिए पहले घोषित अवकाशों की सूची में बदलाव करते हुए 19 अक्टूबर, सोमवार को महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. इससे पहले शासन की 17 नवंबर 2025 की विज्ञप्ति संख्या 671/तीन-2025-39 (2)/2016 के तहत 20 अक्टूबर को महानवमी एवं विजयादशमी के लिए अवकाश निर्धारित किया गया था. अब निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत 19 अक्टूबर को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा.
18 से 21 अक्टूबर तक मिलेगी लगातार चार दिन की छुट्टी
महानवमी के दिन अतिरिक्त अवकाश घोषित होने से उत्तर प्रदेश में लगातार चार दिनों तक छुट्टियों का मौका बन रहा है. 18 अक्टूबर को रविवार होने के कारण साप्ताहिक छुट्टी रहेगी, जबकि 19 अक्टूबर, सोमवार को महानवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश होगा. इसके बाद 20 अक्टूबर, मंगलवार को विजयादशमी के लिए घोषित अवकाश और 21 अक्टूबर, बुधवार को भी विजयादशमी के उपलक्ष्य में छुट्टी रहने की जानकारी दी गई है. इस तरह लोग त्योहारों के दौरान परिवार के साथ समय बिताने और जरूरी काम निपटाने की योजना बना सकते हैं.
स्कूल-कॉलेज और सरकारी कामकाज पर क्या होगा असर?
लगातार चार दिनों की छुट्टियों के चलते प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में भी अवकाश रहने की संभावना है. वहीं, निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के दायरे में आने वाले संस्थानों में घोषित सार्वजनिक अवकाश लागू होगा. हालांकि, सभी संस्थानों की छुट्टियां उनके संबंधित विभागों और जारी आदेशों पर निर्भर कर सकती हैं. इसलिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और कर्मचारियों को अपने स्कूल, कॉलेज या कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक सूचना भी जरूर देखनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: प्रयागराज के कसारी-मसारी इलाके की बदली पहचान, अब इस नाम से जाना जाएगा; CM योगी ने मंच से किया ऐलान
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें