Uttar Pradesh News, Prayagraj Maha Kumbh Mela 2025 News Today LIVE Updates: प्रयागराज में 45 दिनों से चल रहे महाकुंभ मेले का गुरुवार को आधिकारिक रूप से समापन हो गया। महाकुंभ मेला 2025 के समापन कार्यक्रम में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत सरकार के विभागों ने महाकुंभ को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दौरान काशी विश्वनाथ और विंध्यवासिनी का एक सर्किट बना तो अयोध्या और गोरखपुर का दूसरा सर्किट बना। वहीं प्रयागराज से श्रृंग्वेरपुर होते हुए लखनऊ और नैमिषारण्य का तीसरा सर्किट एवं प्रयागराज से लालापुर-राजापुर और चित्रकूट का चौथा सर्किट तथा प्रयागराज से वृंदावन का पांचवा सर्किट बना। प्रयागराज के लोगों को विशेष धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, “प्रयागराज वासियों ने इस आयोजन को अपने घर का आयोजन माना, उत्तर प्रदेश के लोगों ने हर जगह श्रद्धालुओं और साधु-संतों का स्वागत किया, मैं सभी का अभिनंदन करता हूं।”
महाकुंभ मेले में रेलवे ने किया अद्भुत काम – महाकुंभ के समापन के मौके पर रेल कर्मियों का अभिनंदन करने प्रयागराज पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि महाकुंभ के दौरान 13,000 ट्रेनें चलाने की योजना थी, लेकिन 16,000 से अधिक ट्रेनें चली हैं। रेल मंत्री ने कहा, “16,000 से अधिक ट्रेनों के जरिए 4.5 से 5 करोड़ यात्रियों को महाकुंभ लाया गया और उन्हें उनके गंतव्यों तक पहुंचाया गया। मैंने सभी रेलकर्मियों को धन्यवाद देना चाहूंगा जिन्होंने एक होकर काम किया।”
Aaj ki Taaja Khabar LIVE । Delhi Assembly News LIVE Updates
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ वास्तव में एक वैश्विक आयोजन था, इसकी सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आस्था और अर्थव्यवस्था के लिए दृष्टिकोण दिया है, आध्यात्मिक पर्यटन की संभावनाएं हैं और यदि कोई राज्य इसका आधार बन सकता है तो वह उत्तर प्रदेश है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार दोपहर प्रयागराज में महाकुंभ मेला क्षेत्र में लगाए गए विशाल नेत्र शिविर ‘नेत्र कुंभ’ में पहुंचे और वहां मौजूद लोगों के साथ संवाद किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नेत्र कुंभ शिविर में आने से पहले मुख्यमंत्री ने लेटे हुए हनुमान जी का दर्शन किया। अधिकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री का काफिला दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नेत्र कुंभ के शिविर में पहुंचा। उन्होंने बताया कि योगी प्रयागराज में कई और कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
अलीगढ़ जिले में 18 फरवरी को लापता हुए एक पुलिस कांस्टेबल का शव शहर के बाहरी इलाके में एक नाले में मिला। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अलीगढ़ में 38वीं बटालियन पीएसी में तैनात कांस्टेबल अमित कुमार का शव बुधवार देर रात एक नाले से बरामद किया गया, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बुलंदशहर में मृतक के परिवार को सूचित किया। सूत्रों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहचाने गए दो लोगों को कांस्टेबल की हत्या के आरोप में बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
यूपी वेस्ट के बुलंदशहर के करौरा गांव में एक शख्स की 13वीं पर उनके बेटों ने मृत्यु भोज की जगह तीन हजार गरीबों की मदद कर मिसाल पेश की है। इस दौरान युवकों ने लोगों को उनकी जरूरत का सामान दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक ने अपने बच्चों से कहा था कि वो 13वीं पर मृत्यु भोज न करेंगे। गरीबों की मदद करें।
महाशिवरात्रि पर वाराणसी-काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाशिवरात्रि पर 11.69 लाख से अधिक श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। वैसे फरवरी में हर दिन औसतन 5-6 लाख श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे।
योगी आदित्यनाथ ने संगम के पास स्थित लेटे हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मौजूद थे।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, “वहां (महाकुंभ में) साफ-सफाई, पीने का पानी, लंगर और रहने की व्यवस्था, सब कुछ अद्भुत था। इसलिए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाकुंभ एकता का संदेश देगा, जो बिल्कुल सही है।”
बरेली में अनुशासनहीनता पर सिपाही को बर्खास्त किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिपाही सचिन तोमर 410 दिन से लगातार अनुपस्थित थे। इसीलिए उन्हें बर्खास्त किया गया। वह अपने सेवाकाल में कुल 1363 दिन गैरहाजिर रहे।
Maha Kumbh 2025 Uttar Pradesh News LIVE: योगी आदित्यनाथ इस समय महाकुंभ में नाव चलाने वालों, ड्राइवर्स और ऑपरेटरों से संवाद कर रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मी, सफाई कर्मी और अन्य कर्मचारियों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने का ऐलान किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रयागराज नगर निगम में शिवालय पार्क बनाया और उसमें किए गए निवेश से कई गुना अधिक मुनाफा कमाया। यह आयोजन संपन्न हुआ और अब स्वच्छता को नए शिखर पर ले जाना है। मैंने आज स्वच्छता अभियान शुरू किया और चाहूंगा सभी इसमें शामिल हों और अगले 15 दिन जी जान से इसमें जुटना पड़ेगा और मेला क्षेत्र को साफ करना पड़ेगा।”
योगी ने कहा, “कोई ऐसी घटना नहीं हुई जो विरोधियों को दूरबीन और माइक्रोस्कोप लगाकर भी ढूंढने से मिल सके। विरोधियों ने दुष्प्रचार का कोई मौका चूका नहीं। जिन्हें यह आस्था का महासमागम अच्छा नहीं लगा, उन्होंने कोई मौका नहीं चूका।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “मौनी अमावस्या पर आठ करोड़ श्रद्धालु यहां पर थे। हमारी प्राथमिकता थी कि इन श्रद्धालुओं को सकुशल स्नान कराके उन्हें उनके गंतव्यों तक पहुंचाया जाए। लेकिन विरोधी और विपक्षी लगातार दुष्प्रचार कर रहे थे और अपमानित करने की भाषा का उपयोग कर रहे थे।”
उन्होंने कहा, “कोई काहिरा की घटना का दृश्य दिखाकर प्रयागराज को बदनाम कर रहा था। मौनी अमावस्या पर 28-29 जनवरी की रात को दुखद घटना घटित हुई थी। उन सभी लोगों के परिजनों के प्रति हमारी संवेदना है। लेकिन काहिरा और काठमांडू की घटना को प्रयागराज से जोड़कर बदनाम करने की साजिशें हो रही थीं।”
योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि महाकुंभ जैसा इतना विशाल समागम दुनिया में कहीं नहीं हुआ लेकिन विरोधियों ने इसके दुष्प्रचार का कोई मौका नहीं चूका। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने यहां स्वच्छता और स्वास्थ्य कर्मियों के सम्मान के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “महाकुंभ में 66 करोड़ 30 लाख श्रद्धालु आए, जिसमें अपहरण, लूट, छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोई घटना नहीं हुई।”
अखिलेश यादव ने बीमा क्षेत्र में 100% FDI की अनुमति देने के लिए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इस कदम से पूरा बीमा उद्योग खतरे में पड़ गया है। अखिलेश यादव ने X पर बीमा पॉलिसीधारकों के नाम संदेश में कहा, “प्रिय भारत के बीमाधारकों, बीमा जैसे संवेदनशील-संकटकालीन उपचार में 100% FDI को अनुमति देना क्या सरकार द्वारा ‘बीमा क्षेत्र’ को ही जोखिम में डालना नहीं है?”
बदायूं जिले में केंद्रीय मंत्री बी. एल. वर्मा के बारे में फेसबुक पर अपमानजनक पोस्ट करने और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक नेता को धमकाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र में हुई, जहां भाजयुमो के नगर अध्यक्ष विवेक राष्ट्रवादी ने मंगलवार को तीन व्यक्तियों- मनवीर शाक्य, रूपेश शाक्य और गौरव के खिलाफ फेसबुक पर मंत्री के बारे में अपमानजनक टिप्पणी पोस्ट करने के लिए शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि जब राष्ट्रवादी ने उन्हें फोन करके पोस्ट के बारे में पूछा तो उन्होंने कथित तौर पर गाली-गलौज की और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर मनवीर और रूपेश को गिरफ्तार कर लिया।
योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ के समापन अवसर पर कहा कि महाकुंभ में सफाई और स्वास्थ्य कर्मियों को अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के स्वच्छता कर्मियों को कम से कम 16,000 रुपये का न्यूनतम वेतन खाते में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को भी न्यूनतम वेतन दिया जाएगा।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “महाकुंभ एक अद्भुत कुंभ था। यह 144 वर्षों के बाद हुआ। महाकुंभ में 65 करोड़ से अधिक लोग आए। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार की योजना और प्रबंधन अच्छा था। मैं पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी शुक्रिया अदा करता हूं…”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केपी मौर्य और कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने प्रयागराज महाकुंभ मेले में सफाई कर्मचारियों के साथ दोपहर का भोजन किया।
महाकुंभ मेले के समापन कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा – महाकुंभ के दौरान काशी विश्वनाथ और विंध्यवासिनी का एक सर्किट बना तो अयोध्या और गोरखपुर का दूसरा सर्किट बना, वहीं प्रयागराज से श्रृंग्वेरपुर होते हुए लखनऊ और नैमिषारण्य का तीसरा सर्किट एवं प्रयागराज से लालापुर-राजापुर और चित्रकूट का चौथा सर्किट तथा प्रयागराज से वृंदावन का पांचवा सर्किट बना।
प्रयागराज में महाकुंभ मेला पूर्ण हो गया है। अब सभी की नजरें नासिक में 2027 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले पर हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक-त्र्यंबकेश्वर में 2027 में होने जा रहे सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए एक प्राधिकरण के गठन का निर्देश देते हुए भीड़ को प्रबंधित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस्तेमाल पर जोर दिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि नासिक संभागीय आयुक्त प्रवीण गेदम ने प्रयागराज में महाकुंभ का दौरा करने वाली राज्य की एक टीम की टिप्पणियों पर एक प्रस्तुति दी। फडणवीस ने अधिकारियों को 2027 में आयोजित होने जा रहे सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए एक समर्पित प्राधिकरण के लिए कानूनी ढांचा स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि विभागों के बीच सुचारू समन्वय सुनिश्चित हो सके।
प्रयागराज में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है, “इतना बड़ा आयोजन दुनिया में कहीं नहीं हुआ। इसमें 66.30 करोड़ श्रद्धालु शामिल हुए। अपहरण, लूट या ऐसी कोई घटना नहीं हुई। विपक्ष दूरबीन और माइक्रोस्कोप लगाकर भी ऐसी किसी घटना का खुलासा नहीं कर सका। विपक्ष ने गलत सूचना फैलाने का कोई मौका नहीं छोड़ा। मौनी अमावस्या पर 8 करोड़ श्रद्धालु थे। लेकिन विपक्ष लगातार गलत सूचना फैलाता रहा और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है, “मैं प्रयागराज के लोगों को धन्यवाद देता हूं। जिन्होंने पिछले दो महीनों से इस आयोजन (महाकुंभ) को अपने घर के आयोजन के रूप में लिया। मैं समझ सकता हूं कि शहर की आबादी 20 से 25 लाख है, और इसलिए जब 5-8 करोड़ लोग एक साथ आएंगे तो क्या स्थिति रही होगी।
महाकुंभ में काम करने वाले सफाई कर्मियों को योगी सरकार ने 10 हजार रुपये बोनस देने का ऐलान किया है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ 2025 के दौरान सबसे बड़े सिंक्रोनाइज्ड स्वीपिंग ड्राइव का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक ने आज यह पुरस्कार प्राप्त किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने प्रयागराज के अरैल घाट पर सफाई अभियान में भाग लिया।
संभल जामा मस्जिद मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है। कोर्ट ने मस्जिद को पेंट कराने का आदेश दिया है।
अरैल घाट पर सीएम योगी दोनों डिप्टी सीएम के साथ गंगा की पूजा अर्चना कर रहे हैं।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत कैबिनेट के अन्य मंत्री प्रयागराज में संगम घाट पर पहुंच गए हैं। महाकुंभ के समापन के बाद अब अरैल घाट पर गंगा की पूजा की जाएगी।
महाकुंभ के बाद सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम ने संगम तट पर सफाई कार्य किया है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है, “मैं महाकुंभ में आए सभी श्रद्धालुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं सभी स्वच्छता कर्मियों, डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिक्स और सहयोग प्रदान करने वाले अन्य कर्मचारियों को बधाई देता हूं और आभार व्यक्त करता हूं। मैं पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”