Sambhal Bulldozer action
UP News Live: लखनऊ में टेढ़ी पुलिया के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग के कारण एलपीजी सिलेंडर फटे। महानिदेशक अग्निशमन खुद पहुंचे मौके पर और दमकल विभाग को निर्देश दिए। दमकल की टीम ने 8 घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू में ली। इसमें जनहानि नहीं हुई लेकिन कई झुग्गियां और घरेलू सामान जलकर खाक, हो गए। वहीं, संभल में सरकारी जमीन पर बनी ईदगाह पर बुलडोजर ऐक्शन हुआ है। 4 मिनट में इमारत को जमींदोज कर दिया गया। बिछोली गांव में सरकारी भूमि पर ईदगाह और इमामबाड़ा बना है। गुरुवार सुबह एसडीएम के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई की गई।
अमरोहा में प्राचीन धार्मिक स्थलों पर खर्च होंगे तीन करोड़
अमरोहा जिले में पर्यटन विकास को नई गति देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पांच प्रमुख परियोजनाओं के लिए 337 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इससे जिले के प्राचीन धार्मिक स्थलों और बौद्ध विहारों के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि इन योजनाओं से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं में वृद्धि होगी, साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। स्वीकृत परियोजनाओं में नौगावा सादात क्षेत्र स्थित बाबा लालचंद मंदिर जकड़ी के पर्यटन विकास के लिए 50 लाख रुपये, मंडी धनौरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर धुने वाले बाबा स्थल के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए 69 लाख रुपये तथा हसनपुर स्थित प्रज्ञा बुद्ध विहार के विकास के लिए 50 लाख रुपये शामिल हैं।
BJP सरकार आई तो बंगाल में झाड़ू लगाएंगे माफिया और मौलाना: योगी
पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उतरे सीएम योगी ने एक बार फिर ममता बनर्जी सरकार पर जोरदार हमला बोला। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, टीएमसी के गुंडे, माफिया क्या कह रहे हैं या कोई मौलाना क्या बक रहा है, आप किसी से भयभीत न होइए। डबल इंजन की भाजपा सरकार आने दीजिए, ये सभी आपकी चाटुकारिता करते और बंगाल की सड़कों पर झाड़ू लगाते दिखाई देंगे। मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से कहा कि जब यहां मेरा कार्यक्रम लगा तो तृणमूल के गुंडे लोगों को परेशान करने लग गए। सभा न होने पाए, इसके लिए भाजपा का झंडा उखाड़ने का भी प्रयास किया। अरिजीत का मतलब जो शत्रु को जीत सके, आप लोग उन्हें जिताइए और डबल इंजन सरकार लाइए, टीएमसी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल स्पीड से सारी समस्याओं का समाधान होगा। भाजपा ही सुरक्षा-समृद्धि, उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।
भाजपा सरकार आएगी तो बंगाल की सड़कों पर झाड़ू लगाएंगे गुंडे, माफिया व मौलानाः सीएम योगी
घाघराघाट पुल पूरी तरह से 2 महीने के लिए बंद
लखनऊ- बहराइच राजमार्ग स्थित घाघरा नदी पर बना संजय सेतु गुरुवार को पूरी तरह से 2 महीने के लिए बंद कर दिया गया है। इस फैसले के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए डायवर्जन लागू कर दिया है। अस्थाई रूप से बनाए गए पीपे के पुल से छोटे वाहन गुजारे जा रहे हैं। पुल को बंद कर कर पीपे के पुल पर आवागमन शुरू कर दिया है।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार छोटे वाहनों-जैसे बाइक, कार और ऑटो-को नदी पर बनाए गए अस्थायी पीपे के पुल से निकाला जा रहा है। वहीं रोडवेज की बसों ट्रक डंपर आदि भारी वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलारी घाट रेउसा होते हुए लखनऊ कानपुर के लिए निकाला जा रहा है।
बेटे ने फावड़े से किया हमला, खरबूज की फसल भी जोत डाली
बाराबंकी में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मारपीट, घरेलू विवाद और जमीन संबंधी झगड़ों के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने प्राप्त तहरीरों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरवा निवासी हंसराज (70) ने अपने पुत्र सतीश चन्द्र पर शराब के नशे में आए दिन मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार आरोपी बेटे ने फावड़े से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और खेत में लगी खरबूजे की फसल भी जोत डाली। साथ ही वाहन को लेकर भी विवाद की बात सामने आई है।
डंपर ने बाइक सवार सब्जी कारोबारी को रौंदा, मौके पर मौत
रायबरेली के कस्बा सलोन के नवीन मंडी से सब्जी का कारोबार करके अपने घर परशदेपुर को मोटरसाइकिल से लौट रहे 45 वर्षीय सब्जी व्यवसायी की सलोन परशदेपुर मार्ग स्थित गद्दीपुर गांव के सामने में रोड पर डंपर की टक्कर से उसकी घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा उसका पुत्र घायल हो गया है । घटना के बाद डंपर का ड्राइवर मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इस घटना की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुंचे उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
घर से मोबाइल बनवाने निकला युवक तीन दिन भी नहीं लौटा
बाराबंकी के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ग्राम मौलाबाद पोस्ट कतुरी कला, निन्दूरा निवासी सुमित्रा देवी ने अपने बेटे विवेक सिंह (21) के गुम होने की रिपोर्ट कोतवाली बड्डूपुर में दर्ज कराई है। परिजनों ने बताया कि विवेक सिंह 13 अप्रैल 2026 को घर से मोबाइल बनवाने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका, जिसके बाद परिवार ने पुलिस की शरण ली। गुमशुदा युवक का हुलिया बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दहेज में दो लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की पिटाई कर घर से निकाला
सीतापुर में दहेज में दो लाख रुपये और ई- रिक्शा की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता की पिटाई कर घर से निकाल दिया। यह आरोप लगा पीड़िता ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
इमलिया सुल्तानपुर के बेलगवां निवासी हुस्ना बानो के मुताबिक उसका निकाह तीन वर्ष पहले हरगांव के अटरा निवासी महताब के साथ हुआ था। पीड़िता के मुताबिक निकाह में उसके परिवार वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार खर्च किया था। शुरू में तो सब ठीक रहा। कुछ दिन बाद कम दहेज लाने का आरोप लगा पति व ससुराल वाले उसे ताना देने लगे। ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये और एक ई-रिक्शा लाने का दबाव बनाने लगे।
चोरों ने दो लाख नकदी समेत उड़ाए लाखों के आभूषण
बाराबंकी में कोतवाली असन्द्रा क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की घटना की जानकारी होने के बाद परिवार के लोग सन्न रह गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरब बेलाव निवासी सैफुल्ला पुत्र हारून ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में सोने का हार, झुमकी, झाला, बाला, अंगूठियां तथा चांदी के पायल, पायजेब, हाथफूल, चोटी व अंगूठियां शामिल हैं। इसके अलावा बैनामा कराने के लिए रखे करीब 2,18,000 रुपये नकद भी चोर उठा ले गए।
बहाउद्दीनपुर में पोल से टकराई बाइक, युवक की मौत
सुल्तानपुर में गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपने मामा के लड़के की शादी में शामिल होने बाद घर लौट रहा था। इस बीच उसकी बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के मकदूमपुर बनरहा गांव निवासी गिरजा शंकर शर्मा के पुत्र हरिमंगल शर्मा की बारात गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव में राम मिलन शर्मा के यहां आई थी। बल्दीराय थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव निवासी साहब बक्स शर्मा का पुत्र अंकित शर्मा अपने मामा के लड़के हरिमंगल की बारात में शामिल होकर देर रात बाइक से घर लौट रहा था।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे लोग
श्रावस्ती में विकास क्षेत्र जमुनहा अन्तर्गत थाना हरदत्त नगर गिरन्ट क्षेत्र में गोविंद दास जी महाराज कुट्टी ग्राम पंचायत बभनपुरवा में शनिवार शाम से सात दिवसीय श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ का चल रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है और प्रतिदिन श्रद्धालु कथा का रसपान करने पहुँच रहे हैं। श्रीराम कथा का यह पावन आयोजन भरत दास त्यागी जी महाराज (छोटी छावनी, श्रीधाम अयोध्या) एवं समस्त ग्रामवासियों के जनसहयोग से संपन्न हो रहा है। संगीत की धुनों पर थिरके भक्त बलरामपुर के भुरेशवर नाथ सेवा संस्था, बदरौलिया से पधारे कथा व्यास अशोक जी महाराज अपनी ओजस्वी वाणी और संगीत के माध्यम से प्रभु राम की लीलाओं का वर्णन कर रहे हैं। कथा के दौरान उनके द्वारा गाए गए भजनों पर भक्त भावविभोर होकर झूमते नजर आए।
बकाया मानदेय को लेकर रोजगार सेवकों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
बलरामपुर में मांगों को लेकर रोजगार सेवकों ने भरी हुंकार ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा पचपेड़वा ब्लॉक पर जिला उपाध्यक्ष और ब्लॉक संघ अध्यक्ष अतुल कुमार पांडे के नेतृत्व में ग्राम रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी मोहित दूबे को ज्ञापन सौपा दिए गए ज्ञापन में मनरेगा कर्मचारी अपने 8 माह के बकाया मानदेय नहीं मिल रहा है मुख्यमंत्री द्वारा किए गए घोषणा को लागू करके एच आर पॉलिसी मानदेय में बढ़ोतरी व 20 वर्षों से लगातार कार्यरत मनरेगा कर्मचारियों को नियमितीकरण किया जाए
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
बलरामपुर में स्थानीय थाना क्षेत्र के बरदौलिया शिवपुरा मार्ग पर देवपुरा गांव के पास बुधवार देर शाम ससुराल जा रहा युवक अज्ञात पिकअप के चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
ललिया थाना क्षेत्र के परसिया गोसाईं निवासी नानबाबू ने बताया कि उनका भाई भीष्म वर्मा 25 वर्ष पुत्र ननकुन्ने अपने ससुराल हर्रैया थाना क्षेत्र के कुकुरभुकवा निवासी गोलू वर्मा के घर जा रहा था,बरदौलिया शिवपुरा मार्ग पर देवपुरा गांव के पास अज्ञात पिकअप के चपेट में आने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद किसी ने एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा पहुंचाया जहां डॉक्टर ने भीष्म को मृत घोषित कर दिया।
अयोध्या अकैडमी के छात्रों ने सीबीएसई 10वीं में लहराया परचम
सीबीएसई बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं परीक्षा परिणाम में अयोध्या अकैडमी के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष 100 प्रतिशत रहा, जिससे स्कूल में खुशी की लहर दौड़ गई।
विद्यालय के मेधावी छात्र आदर्श तिवारी ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं शताक्षी दुबे और वंशिका गुप्ता ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
एक निरीक्षक व 21 उपनिरीक्षकों के तबादले, तैनाती में फेरबदल
गोण्डा जिले में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए एक निरीक्षक व 21 उप निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं । विभिन्न थानों और चौकियों पर तैनात उप निरीक्षकों को इधर से उधर स्थानांतरित किया गया है। एसपी विनीत जायसवाल ने स्थानांतरित उप निरीक्षकों को तुरंत नई तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
जिला अस्पताल में नाले का निर्माण पूरा, जल निकासी सही होने की उम्मीद
अयोध्या जिला अस्पताल में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की समस्या अब लगभग समाप्त होने की कगार पर है। करीब 30 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे नाले का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जिससे अस्पताल परिसर में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
बरसात के दिनों में अक्सर नाला चोक हो जाने के कारण अस्पताल परिसर में दुर्गन्ध और सीलन की स्थिति बन जाती थी। इसका असर आईसीयू समेत अन्य वार्डों तक पहुंचता था, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार नाले के पास स्थित बेडों पर बदबू के कारण बैठना तक मुश्किल हो जाता था और उपकरणों के खराब होने का भी खतरा बना रहता था।
तुम मुझसे प्यार करो नहीं तो जान से मार दूंगा… एक तरफा प्यार में पागल युवक ने दी धमकी
तुम मुझसे प्यार करो नहीं तो तुझे जान से मार दूंगा…बाराबंकी में एक महिला से एकतरफ़ा प्यार में पागल युवक युवक की धमकी तंग महिला ने थाने में लगाई गुहार। थाना टिकैत नगर क्षेत्र में एक महिला से लगातार छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक गांव की रहने वाली महिला ने थाना टिकैत नगर में शिकायत दर्ज कराई है कि कस्बा दरियाबाद निवासी अभिषेक यादव पिछले 6-7 महीनों से उसे रास्ते में रोककर परेशान कर रहा था। आरोपी बार-बार मोबाइल नंबर मांगता था और मना करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी कई बार अश्लील हरकतें भी कर चुका है।
माइनस मार्किंग के विरोध में विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर अभियान की मुहिम छेड़ी
अयोध्या में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में स्नातक और परास्नातक सेमेस्टर परीक्षा में माइनस मार्किंग पर रोक के लिए विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर अभियान की मुहिम छेड़ दी है। गुरुवार को अवध विवि आवासीय परिसर और इंजीनियरिंग संस्थान में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर करके नए नियम का विरोध किया।
अवध विवि नेगेटिव मार्किंग प्रणाली के विरोध में छात्र नेता राणा आशुतोष सिंह ने हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। छात्रों ने हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया। सुबह से ही विश्वविद्यालय मुख्य परिसर और आईईटी मुख्य परिसर के गेट पर बैनर लगाकर सभी विभाग के विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया।
कुशहरी जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी, गला दबाकर हत्या की आशंका
अयोध्या के मवई थाना क्षेत्र के कुशहरी जंगल में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हाईवे किनारे जंगल में संदिग्ध हालात में पड़े शव को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की परिस्थितियां हत्या के बाद शव फेंके जाने की ओर इशारा कर रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव झाड़ियों के किनारे पड़ा था और आसपास घसीटे जाने के निशान भी दिखाई दे रहे थे। थाना प्रभारी मनोज कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों को बुलाकर काफी देर तक पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष आंकी जा रही है।
फूड पाॅइजनिंग के शिकार हुए तीन दर्जन से अधिक लोग, मचा हड़कंप
रायबरेली के शिवगढ़ में तिलक समारोह में खाना खाने के बाद तकरीबन 40 लोग फुड पाॅइजनिंग के शिकार हो गए। आनन-फानन में सभी लोगों को सीएचसी शिवगढ़ में भर्ती कराया गया। जहां से कई लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल, सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को शिवगढ़ निवासी सुशील गुप्ता पुत्र राजन गुप्ता का बछरावां स्थित जिलेदार मैरिज हाल में तिलक समारोह था। इसमें क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। सीएचसी शिवगढ़ में तैनात डाक्टर अनिल ने बताया कि रात करीब ढाई बजे एकाएक 40 से ज्यादा लोगों को सीएचसी पहुंचाया गया। अचानक सीएचसी में इतनी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से हड़कंप मच गया।
लखनऊ अग्निकांड: राख में मिली दो बच्चों की लाश
लखनऊ में झुग्गी बस्ती में बुधवार शाम भीषण आग ने कई झोपड़ियां जला दीं और सामान राख कर दिया। गुरुवार को इस राख में दो मासूम बच्चों के शव बरामद हुए हैं। दमकल विभाग ने आठ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार जलीं 1000 झोपड़ियों के कई लोग लापता हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें: लखनऊ में लगी भीषण आग की राख में मिली दो बच्चों की लाश, कई अब भी लापता
संभल में बुलडोजर एक्शन, ईदगाह और इमामबाड़ा धराशायी
संभल में सरकारी भूमि पर बने ईदगाह पर बुलडोजर चला। प्रशासन ने बुलडोजर से केवल 4 मिनट में ईदगाह को धराशाई करके इमामबाडे पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि ईदगाह और इमामबाड़ा संभल कोतवाली क्षेत्र के बिछोली गांव में सरकारी भूमि पर बना है।
यहां पढ़ें पूरी खबर: संभल में सरकारी जमीन पर बनी ईदगाह पर चला बुलडोजर; 4 मिनट में धराशायी, अब इमामबाड़े पर ऐक्शन
लखनऊ अग्निकांड में पीड़ितों के बीच पहुंचे भीम आर्मी–आजाद समाज पार्टी के प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक
लखनऊ विकास नगर क्षेत्र में भीषण आग की घटना ने सैकड़ों परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी राहत कार्यों में भाग लेना शुरू कर दिया है। भीम आर्मी–आजाद समाज पार्टी के प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों के बीच जाकर सहयोग प्रदान किया।
घटनास्थल पर पहुंचकर अनिकेत धानुक ने न केवल हालात का जायजा लिया, बल्कि सीधे प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को पानी वितरित किया और राहत पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
लखनऊ की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, एलपीजी सिलेंडर फटे
राजधानी लखनऊ के टेढ़ी पुलिया रिंग रोड के पास झुग्गी बस्ती में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया कि पूरी बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। 8 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया।
लोग चीखते-चिल्लाते अपनी जान बचाकर भागने लगे। तभी बस्ती में रखे एलपीजी सिलेंडर एक के बाद एक जोरदार धमाके के साथ फटने लगे। हर धमाके के साथ आग का दायरा और बढ़ता गया। आग की लपटें आसमान छूने लगीं और धुएं का गुबार दूर-दूर तक फैल गया।
सिलेंडर फटने की आवाज से आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। हालात इतने खराब हो गए कि आग पास के पक्के मकानों तक पहुंचने वाली थी और एक बड़ी तबाही का खतरा मंडराने लगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play