Uttar Pradesh News: भाजपा नेता ने डॉक्टर की बनाई अश्लील वीडियो, घर-घर बिजली चेकिंग अभियान बना बवाल – Hindustan Hindi News

Obscene Video Representative image
Uttar Pradesh News Live: यूपी में बिजनौर के भाजपा नेता ने नशीला पदार्थ देकर एक महिला डॉक्टर की अश्लील वीडियो बनाई है। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। भाजपा ने भी तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है।
यूपी के बलरामपुर में घर-घर बिजली चेकिंग अभियान के दौरान महिलाओं ने जेई और कर्मचारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस भी बुलानी पड़ गई। अब मामला डीएम तक पहुंचाया गया है।

गाजीपुर-हरदोई की घटनाओं में कार्रवाई के लिए डीजीपी से मिले सपा नेता
सपा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को डीजीपी राजीव कृष्ण को ज्ञापन देकर दो मामलों में कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से गाजीपुर करण्डा थानाध्यक्ष की शिकायत की। आरोप है कि करण्डा थाना के कटरिया ग्राम सभा के प्रधान पद के पूर्व प्रत्याशी अनिल सिंह यादव से नाराजगी और बदले की भावना के कारण वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह आशु तथा थानाध्यक्ष करण्डा द्वारा अनिल यादव के भाई एनएसजी कमांडो सुनील यादव और दूसरे भाई विक्की यादव को फर्जी मुकदमे में फंसाया है। प्रशासन लगातार अनिल यादव की मां को प्रताड़ित कर रहा है। उनके पैतृक निवास को बुल्डोजर से गिराने की धमकी दी जा रही है। फर्जी एनकाउंटर की धमकी भी दी जा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने दूसरे ज्ञापन में हरदोई के शिल्पी हत्याकांड में शामिल आरोपितों व साजिशकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार को समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।

जनप्रतिनिधि के ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज
एक जनप्रतिनिधि के ड्राइवर के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में न्यायिक अधिकारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जनप्रतिनिधि की एसयूवी को उनके आवास से थाने ले गई। वहीं, आरोपी चालक का लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार, थॉर्नहिल रोड स्थित साईं मंदिर में मंगलवार शाम एक न्यायिक अधिकारी दर्शन पूजन करने गए थे। वे मंदिर से निकलकर सड़क पार कर रहे थे इसी बीच एक जनप्रतिनिधि का चालक तेज रफ्तार से गाड़ी लेकर निकला। गनीमत रही कि न्यायिक अधिकारी बाल-बाल बच गए। उन्होंने तत्काल पुलिस प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई को कहा। सूत्रों की मानें तो पहले न्यायिक अधिकारी की शिकायत पर गाड़ी नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। हालांकि, बाद में लापरवाही से ड्राइविंग के आरोप में मामला परिवर्तित कर दिया गया।
परिवहन निगम में हड़ताल पर छह माह की रोक
शासन ने उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के अधीन सभी सेवाओं में छह माह के लिए किसी हड़ताल पर रोक लगाई है। उप्र अत्यावश्यक सेवाओं का अनुरक्षƗण अधिनियम- 1966 के तहत यह रोक लगाई गई है। परिवहन विभाग ने इसका आदेश जारी किया है।
जनता देख रही कौन शब्दों की बिजली चमका रहा: भूपेंद्र
पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने सपा को घेरा। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जनता सब देख रही है, कौन काम कर रहा है और कौन सिर्फ़ शब्दों की बिजली चमका रहा है। उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड स्तर पर बिजली उत्पादन, नए सब-स्टेशन, गांव-गांव विद्युतीकरण और करोड़ों उपभोक्ताओं तक निर्बाध बिजली पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। जिन लोगों के शासन में अंधेरा, भ्रष्टाचार और बिजली माफिया फलते-फूलते थे, उन्हें आज विकास की रोशनी चुभ रही है। भाजपा में काम “कंधे पर हाथ रखकर फोटो खिंचवाने” से नहीं, बल्कि ज़मीन पर परिणाम देने से होता है। हमारी सरकार संकट के समय राजनीति नहीं, समाधान पर काम करती है। भाजपा में करेंट भी है, क्षमता भी… और साथ में है जनता का आशीर्वाद। इसलिए विपक्ष जितना चाहे भ्रम फैलाए, 2027 में जनता फिर विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के पक्ष में ही बटन दबाएगी।
पूर्व प्राचार्य को जान से मारने की धमकी के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर भड़के शिक्षक
अयोध्या में कासु साकेत महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो. नर्वदेश्वर पांडेय को फोन पर जान से मारने की धमकी मामले में आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर शिक्षक आक्रोशित हैं। बुधवार को शिक्षकों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया और आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर 29 मई की परीक्षा का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। शिक्षकों ने प्राचार्य प्रो. दानपति तिवारी को ज्ञापन सौंपा।
आंदोलित शिक्षकों का कहना है घटना अत्यंत निंदनीय, चिंताजनक एवं शिक्षक समाज की गरिमा पर सीधा आघात है। इस प्रकार की घटनाएं न सिर्फ शिक्षकों के मनोबल को प्रभावित करती हैं, बल्कि महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को भी असुरक्षित बनाती हैं। शिक्षकों ने महाविद्यालय प्रशासन से मांग करते हैं कि दोषियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की।
घर-घर बिजली चेकिंग अभियान बना बवाल, महिलाओं ने खोला मोर्चा, बुलानी पड़ी पुलिस
यूपी के बलरामपुर में घर-घर बिजली चेकिंग अभियान के दौरान महिलाओं ने जेई और कर्मचारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस भी बुलानी पड़ गई। अब मामला डीएम तक पहुंचाया गया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: घर-घर बिजली चेकिंग अभियान बना बवाल, महिलाओं ने खोला मोर्चा, बुलानी पड़ी पुलिस
भाजपा नेता ने नशीला पदार्थ देकर महिला चिकित्सक की अश्लील वीडियो बनाई, केस दर्ज
यूपी में बिजनौर के भाजपा नेता ने नशीला पदार्थ देकर एक महिला डॉक्टर की अश्लील वीडियो बनाई है। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। भाजपा ने भी तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: भाजपा नेता ने नशीला पदार्थ देकर महिला चिकित्सक की अश्लील वीडियो बनाई, केस दर्ज
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौपा
अमेठी में पूर्व मंत्री के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कस्बे में प्रदर्शन कर अघोषित विद्युत कटौती को लेकर के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा है।
मंगलवारको कस्बे में स्थित कांग्रेस कार्यालय में पदाधिकारी कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर गए वहां पर राजपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपते हुए। जिला सचिव डाक्टर देवमणि तिवारी ने कहा कि अघोषित विद्युत कटौती हो रही है। किसान बेहन नहीं डाल पा रहे हैं फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं पर अस्पतालों में मरीज गर्मी से परेशान हैं सभी मंत्री तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
इसके पहले कार्यकाल में बैठक कर अघोषित बिजली कटौती पर वक्ताओं ने आक्रोश जाहिर किया पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला, यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह मुन्ना सिंह त्रिशुण्डी विनोद मिश्रा लोढ़ा सिंह सहित दर्जनों पदाधिकारी कार्यकर्ता थे।
पेड़ से गिरकर किशोर घायल
श्रावस्ती में विकास खण्ड इकौना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत टंड़वा महंत में बुधवार सुबह एक किशोर अमरूद के पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन ने बताया कि घायल किशोर शिवा 17 वर्षीय खेलते समय पेड़ पर चढ़ गया था इस दौरान अपना संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया।
आप पास के बच्चों ने बताया कि शिवा बच्चों के साथ अमरूद के बाग में पेड़ पर खेल रहा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे जमीन पर आ गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई । शिवा के पिता भवानी प्रसाद की कुछ साल पहले ही मौत हो गई है।
दिवंगत बूथ अध्यक्ष के परिवार से मिलीं स्मृति ईरानी, बेटियों की पढ़ाई की उठाई जिम्मेदारी
भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री व अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी मुसाफिरखाना क्षेत्र के जूठीपुर गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने पार्टी के दिवंगत बूथ अध्यक्ष कौन पासी के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की।
कौन पासी अपने पीछे तीन बेटियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। स्मृति ईरानी ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया। उन्होंने पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश मटियारी को बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था देखने की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही कहा कि बच्चों की उच्च शिक्षा का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगी।
जनगणना कर रहे शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार, दूरभाष पर पर्यवेक्षक से भी अभद्र व्यवहार
अम्बेडकरनगर में जनगणना कार्य में लगे सरकारी कर्मियों के साथ अभद्रता और धमकी की घटनाएं सामने आने से जनगणना कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई है। ताजा मामला इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के शहजौरा इल्तिफातगंज का है, जहां जनगणना ड्यूटी कर रहे शिक्षक के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और मोबाइल फोन तोड़ने की घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
दर्ज मुकदमे के अनुसार, शहजौरा निवासी मुशाहिद रजा वर्तमान में मदरसा अरबिया अहले सुन्नत मंजरे इस्लाम इल्तिफातगंज में शिक्षक हैं और जिला प्रशासन के निर्देश पर जनगणना कार्य में लगाए गए हैं । बताया गया कि वह क्षेत्र में भवनों की गणना कर रहे थे। इसी दौरान जब वह 16वें भवन पर पहुंचे तो वहां मौजूद जीशान पुत्र मोहम्मद लतीफ ने स्वयं को वकील बताते हुए उनसे सरकारी कागजात और सर्कुलर दिखाने की मांग की।
दहेज हत्या में छह महीने बाद पति,सांस और ससुर गिरफ्तार
श्रावस्ती में सिरसिया थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी घटना के लगभग पांच माह बाद दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोपों की जांच के उपरांत की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
घटना 9 दिसंबर 2025 की है गोपीपुरवा टिटिहिरिया गांव में विवाहिता कोयली का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मृतका के भाई राजू ने पुलिस को 12 दिसंबर 2025 को दी तहरीर में बताया था कि उनकी बहन की शादी लगभग छह वर्ष पूर्व राजेंद्र से हुई थी।
राहुल गांधी के दौरे के बाद अमेठी पहुंचीं स्मृति इरानी, प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं से किया संवाद
भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने बुधवार को अमेठी के मुसाफिरखाना पहुंचीं पूर्व केंद्रीय मंत्री व अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति इरानी ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। लगभग आठ महीने बाद अमेठी पहुंचीं स्मृति ईरानी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह दौरा राहुल गांधी के हालिया अमेठी दौरे के ठीक अगले सप्ताह हो रहा है।
मुसाफिरखाना में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के दौरान स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केवल भाषण देने से अधिक जरूरी संवाद है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से खुलकर अपनी बात रखने और संगठन को लेकर सुझाव देने की अपील की।
सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल
श्रावस्ती में बौद्ध परिपथ नेशनल हाईवे 730 पर फिर हुआ सड़क हादसा। नवीन मॉडर्न पुलिस थाना श्रावस्ती क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान 22 वर्षीय कार्तिकेय मिश्रा पुत्र राजेश मिश्रा निवासी मोहल्ला अकबरपुरा नई बस्ती जनपद बहराइच और 25 वर्षीय अनिल पाठक पुत्र विश्वनाथ पाठक निवासी बसंतपुर थाना हुजूरपुर जनपद बहराइच के रूप में हुई है।
दोनों युवक बहराइच से मोटर साइकिल से बलरामपुर शादी देखने जा रहे थे। जैसे ही नवीन मॉडर्न पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्यूलिप होटल कटरा बाईपास के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आ रही एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
कटरा बाजार थाने के पास अचेत मिले ग्रामीण की मौत
गोंडा में थाने के गेट से बमुश्किल पचास मीटर दूर रात में बैठा दिखा व्यक्ति सुबह अचेता अवस्था में पाया गया। लोगों के द्वारा सूचना देने पर आई पुलिस उसे सीएचसी ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मंगलवार को कटरा बाजार ब्लाक मुख्यालय के गेट पर पंचायत के सफाई कर्मचारियो ने बड़ा मंगल के अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया था। शाम को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद काफी रात तक एक व्यक्ति बाउंड्रीवाल के सहारे बैठा देखा गया था। बैठा व्यक्ति कुछ भी बोल नहीं रहा था। सुबह रास्ता चल रहे लोगों द्वारा थाने में सूचना दी गई कि रात को बैठा व्यक्ति वहीं जमीन पर पड़ा हुआ है।
थाने से आई पुलिस ने व्यक्ति को सीएचसी ले गई जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपराध निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि मृत व्यक्ति की पहचान जगन्नाथ पुत्र सिपाही लाल निवासी टनटनवापुर उसरैना थाना कौड़ियां के रूप में की गई है। परिजनों को सूचित कर उन्हें बुलाया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
मारपीट में घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत, केस दर्ज
गोंडा कोतवाली देहात के सालपुर चौकी अन्तर्गत सालपुर सेमरा में मामूली विवाद के बाद कुछ लोगों में मारपीट हो गई। इसमें एक अधेड़ को गम्भीर चोटें आई। अधेड़ की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। इसके बाद घरवाले शव लेकर चले आये। सूचना पर सालपुर चुकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ केजमस दर्ज कर लिया है।
सालपुर सेमरा निवासी सुनील ने बताया कि उसके पिता बाल गोविंद(50) पुत्र जगराम उम्र वर्ष बीते 24 मई की शाम को गांव के बाहर स्थित खेत में काम करने गए थे । वहीं पर कल्लू उर्फ श्रीचंद निवासी ग्राम सालपुर सेमरा व शनि सिंह निवासी ग्राम बिशनपुर बैरिया ने वाद विवाद के बाद उन्हें मारपीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें तत्काल इलाज के लिए गोंडा में एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। हालत गम्भीर हालत होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के लिए रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने जेई पर अवैध वसूली व अभद्रता का लगाया आरोप, जांच की मांग
बलरामपुर में ललिया थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर बहादुरगंज में बिजली विभाग के क्षेत्रीय जेई अजीत सिंह पर ग्रामीणों ने अवैध वसूली, अभद्र व्यवहार तथा महिलाओं के घरों में बिना अनुमति प्रवेश कर बिजली जांच करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली संबंधी कार्यों के नाम पर क्षेत्रीय जेई द्वारा धन की मांग की जाती है। विरोध करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है तथा कार्रवाई की धमकी दी जाती है। ग्रामीणों के अनुसार विभागीय टीम ने कई घरों में उस समय बिजली जांच की, जब घरों में पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे और केवल महिलाएं थीं। आरोप है कि बिना अनुमति घरों में घुसकर जांच की गई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
सपा कार्यालय के बाहर लगा राजभर हत्याओं का पोस्टर, ओम प्रकाश का तीखा पलटवार- कातिलों के नाम भी लिखें
सपा ऑफिस के बाहर पिछले 2 सालों में राजभर समाज के लोगों की हत्याओं का एक बैनर लगा है। वहीं, इस पोस्टर ओम प्रकाश यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इन हत्याओं के कातिलों का नाम भी लिखना चाहिए। जो ज्यादातर यादव हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें: सपा कार्यालय के बाहर लगा राजभर हत्याओं का पोस्टर, ओम प्रकाश का तीखा पलटवार- कातिलों के नाम भी लिखें
अगले दस दिनों तक कई ट्रेनें गोरखपुर जंक्शन नहीं जाएंगी, कुछ कैंट तो कुछ भटनी-मऊ तक ही चलेंगी
गोरखपुर जंक्शन जाने वाली कई ट्रेनें अगले दस दिनों तक कैंट और भटनी-मऊ तक ही जाएंगी। ऐसे में भीषण गर्मी में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: अगले दस दिनों तक कई ट्रेनें गोरखपुर जंक्शन नहीं जाएंगी, कुछ कैंट तो कुछ भटनी-मऊ तक ही चलेंगी
चलते CNG ऑटो रिक्शा में लगी आग, ऐसी बचे यात्री
अयोध्या में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लता मंगेशकर चौक पर चलते सीएनजी ऑटो रिक्शा में अचानक आग लग गई। ऑटो में 5 यात्री सवार थे। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
खड़ी ट्रक में घुसी जनरथ दो की मौत, 16 घायल
अयोध्या जनपद में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से गोरखपुर जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस रौनाही थाना क्षेत्र के जगनपुर गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे के वक्त बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिससे अचानक चीख-पुकार मच गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।
पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास पर हमला करने की कोशिश, भतीजे से मारपीट
अमेठी में पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति एवं अमेठी की वर्तमान सपा विधायक महराजी के आवास विकास कॉलोनी स्थित घर पर मंगलवार रात हमला करने की कोशिश और परिवार के सदस्य के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अमेठी कोतवाली में 11 नामजद तथा करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विधायक के पुत्र अनुराग प्रजापति द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार मंगलवार रात करीब आठ बजे कई लोग स्कॉर्पियो व अन्य वाहनों से आवास विकास कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे। सभी ने घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, पांच घंटे बाद पाया काबू
गोंडा में नवाबगंज कस्बे के निकट झीलिया रोड के किनारे स्थित कबाड़ गोदाम में मंगलवार देर रात आग लग गई। गोदाम में रखी प्लास्टिक की हजारों खाली बोतल जलने लगी। आग के विकराल होते रूप को देखकर पुलिस ने फायर फाइटर्स की टीम को बुलाया। स्थिति पर काबू पाने के लिए पालिका की जेसीबी से बड़े गोदाम के दीवार को तीन जगहों पर तुड़वाया गया।
पालिका के आधा दर्जन टैकर, हाइड्रोलिक लिफ्ट, मनकापुर, करनैलगज और गोण्डा की चार दमकल की गाड़ियों ने पांच घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम मालिक ने बताया कि बड़ी सख्या मे खाली बोतल, कुछ अन्य कबाड़ समेत गोदाम मे खड़ी एक डीसीएम और एक पिकप भी जल गई। गोदाम में बिजली का कनेक्शन‌ नहीं था। एसओ अभय सिंह ने बताया की आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
खड़ी ट्रक में पीछे से घुसी जनरथ‌ बस, दो की मौत 16 घायल
यूपी के अयोध्या में खड़ी ट्रक में पीछे से जनरथ‌ बस घुस गई। हादसे में दो की मौत हो गई और 16 घायल हो गए। आठ घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है और आठ घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। हादसा मंगलवार /बुधवार की रात करीब 1:00 बजे रोनाही थाना क्षेत्र स्थित जगनपुर में हुआ।
फूल तोड़ने गई बुजुर्ग महिला को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत
श्रावस्ती के थाना इकौना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला सड़क किनारे फूल तोड़ने गई थी, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला के शरीर के चीथड़े उड़ गए और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद शव के अवशेषों को नेशनल हाईवे 730 मार्ग से एकत्र किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौके पर मिली चप्पल और आसपास के लोगों की मदद से मृतका की पहचान प्रेम कुमारी पत्नी स्वर्गीय राम प्रसाद की गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
आधे बाहुबलियों के शस्त्र लाइसेंस की ही जानकारी दे सके अधिकारी, हाईकोर्ट सख्त, तीन दिन का मौका
बाहुबलियों को शस्त्र लाइसेंस के मामले में सरकार की तरफ से हाईकोर्ट में 83 में से आधे यानी 42 की ही जानकारी जमा की गई है। इस पर शख्त रुख अपनाते हुए हाईकोर्ट ने बचे 41 के लिए तीन दिन का आखिरी मौका दिया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: आधे बाहुबलियों के शस्त्र लाइसेंस की ही जानकारी दे सके अधिकारी, हाईकोर्ट सख्त, तीन दिन का मौका
Uttar Pradesh News Live: संभल में फिर गरजा बुलडोजर, स्कंद पुराण में वर्णित वाग्भारती तीर्थ अवैध कब्जे से मुक्त
Uttar Pradesh News Live: यूपी के संभल में एक बार फिर बुलडोजर गरजा है। यहां श्मशान, कब्रिस्तान, तालाब और चकरोड की सरकारी भूमि से 40 साल पुराने अवैध कब्जों को धराशायी कर स्कंद पुराण में वर्णित वाग्भारती तीर्थ को मुक्त कराया गया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: संभल में फिर गरजा बुलडोजर, स्कंद पुराण में वर्णित वाग्भारती तीर्थ अवैध कब्जे से मुक्त
लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News