cm yogi
Uttar Pradesh News Live: यूपी में भाजपा अपने विधायकों के कामों से जुड़ा सर्वे करवा रही है। इसी तरह कांग्रेस ने पश्चिमी यूपी की सीटों पर प्राइवेट एजेंसियों से संभावित चेहरों की लिस्ट बनवानी शुरू कर दी है। समाजवादी पार्टी भी अंदरखाने सर्वे के जरिए उम्मीदवार छांट रही है।
यूपी कोऑपरेटिव बैंक के मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गोंडा शाखा में हुए 21 करोड़ 47 लाख 78 हजार रुपये के चर्चित घोटाले में कोतवाली नगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। वहीं दूसरी ओर यूपी में नौ वरिष्ठ आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। इनमें डीजी, एडीजी और आईजी भी शामिल हैं।
मथुरा में बरात चढ़त के दौरान बवाल में 40 नामजद समेत 300 पर मुकदमा
मथुरा के नरहौली में बुधवार की रात बरात चढ़त के दौरान दो पक्षों के बीच पथराव और बवाल में दोनों तरफ से क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें करीब 40 नामजद समेत 300 पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं पुलिस ने अपनी मौजूदगी में सुबह 5 बजे वरमाला और शाम 5 बजे को बेटियों की विदाई कराई। गांव में अब भी एहतियातन पुलिसबल तैनात है।
राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस पर अभद्र टिप्पणी के मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के खिलाफ अखिल भारत हिन्दू महासभा ने मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। गुरुवार को महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी कार्यकर्ताओं के साथ हजरतगंज कोतवाली पहुंचे। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को तहरीर दी। साथ ही मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने कहा कि 20 मई को वह सोशल मीडिया देख रहे थे। इस बीच उन्होंने एक वीडियो देखा जिसमें अमेठी में आयोजित एक सभा में कांग्रेस के रायबरेली सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम, गृह मंत्री और आरएसएस पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
भीषण गर्मी पर सभी विभाग अलर्ट रहें: योगी
यूपी में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जनसामान्य को हीट स्ट्रोक, निर्जलीकरण और गर्मी से होने वाली अन्य समस्याओं से बचाने के लिए सभी विभाग समन्वय बना कर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
यूपी में संकल्प यात्रा निकालेंगे मुकेश सहनी; बोले- 6 महीने में आरक्षण दिलाएं संजय निषाद, नहीं तो…
मुकेश सहनी ने घोषणा करते हुए कहा कि आगामी 25 जुलाई से बिहार और उत्तर प्रदेश में “आरक्षण संकल्प यात्रा” निकाली जाएगी। इस यात्रा में समाज के लोग गंगाजल हाथ में लेकर यह संकल्प लेंगे कि 2027 से पहले निषाद समाज को आरक्षण मिलना चाहिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि भाजपा सरकार निषाद समाज को आरक्षण नहीं देती है, तो 2027 के चुनाव में समाज भाजपा को वोट नहीं देगा।
पूरी खबर पढ़ें
माफिया उधम सिंह पर एक लाख का इनाम करने की तैयारी; 70 से ज्यादा मुकदमे, STF कर रही तलाश
वांटेड अपराधी और माफिया उधम सिंह पर मेरठ डीआईजी कलानिधि नैथानी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज से जमानत लेने का आरोप है। उसकी तलाश में मेरठ पुलिस और एसटीएफ जुटी हैं।
पूरी खबर पढ़ें
यूपी पुलिस में फेरबदल, डीजी, एडीजी समेत नौ वरिष्ठ आईपीएस अफसरों का तबादला
योगी सरकार ने यूपी पुलिस में एक बार फिर फेरबदल किया है। आईजी, डीजी समेत नौ वरिष्ठ आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। इनमें चार डीजी, चार एडीजी और एक आईजी शामिल है। पुलिस विभाग में फेरबदल से अन्य विभाग के अफसरों में हड़कंप मचा है।
यूपी पुलिस में फेरबदल, डीजी, एडीजी समेत नौ वरिष्ठ आईपीएस अफसरों का तबादला, किसे कहां मिली तैनात?
मौत को दावत! गर्मी से बेहाल तेंदुआ पेड़ पर आराम कर रहा था, बच्चे बनाने लगे रील
यूपी के महराजगंजके लक्ष्मीपुर वन क्षेत्र में पेड़ की टहनी पर आराम कर रहे तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अचलगढ़ बीट के मानिकतालाब के पास तेंदुआ गर्मी और उमस से बचने के लिए पेड़ की ऊंची टहनी पर बैठा दिखाई दिया। इस दौरान आसपास मौजूद युवक मोबाइल से उसकी रील बनाते नजर आए।
पूरी खबर पढ़ें
यूपी में एंटी इनकंबेंसी नहीं, लेकिन… चुनाव से पहले एक्सिस माई इंडिया के प्रदीप गुप्ता ने क्या बताया?
यूपी में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश की राजनीति और सियासी माहौल पर एक्सिस माय इंडिया के चेयरमैन प्रदीप गु्प्ता ने पीटीआई से बातचीत में बड़ा बयान दिया है। उन्होने कहा कि प्रदेश में फिलहाल बीजेपी सरकार के प्रति लोगों में संतुष्टि का स्तर अच्छा दिखाई दे रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य है जहां राजनीतिक माहौल तेजी से बदलता है और जनता प्रदर्शन के आधार पर अपना रुख तय करती है।
पूरी खबर पढ़ें
यूपी में 7 लाख करोड़ के निवेश का ब्लू प्रिंट तैयार; GBC 5.0 की योगी ने समीक्षा की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों के साथ बैठक कर ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी 5.0) और निवेश परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर उतरने के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जीबीसी 5.0 के तहत प्रदेश के हर जनपद में निवेश सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी जिलों में रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिल सके। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश के जिलों की पर कैपिटा इनकम बढ़ाने के लिए मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूती देना जरूरी है।
पूरी खबर पढ़े
हादसों में दो युवकों की मौत, परिजनों में कोहराम
अम्बेडकरनगर में पुलिस सर्किल जलालपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मामलों में अज्ञात वाहन टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहनों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार हुई दो मौतों से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
श्रीराम-सीता के पवित्र दांपत्य का दिव्य उत्सव है विवाह पंचमी
अयोध्या में ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास में मणिराम छावनी में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी राम दिनेशाचार्य महाराज के श्रीमुख से रामकथा की रसवर्षा की जा रही है। इस कथा का रसास्वादन करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु गण यहां पहुंचे हैं। इसी कथा के क्रम में गुरुवार को श्रीसीताराम विवाहोत्सव के प्रसंग में धनुष भंग लीला एवं श्रीसीताराम विवाहोत्सव का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। इस मौके पर यजमानों ने वर-वधू पक्ष से शामिल होकर अपनी अपनी भेंट समर्पित की।
इस दौरान आचार्य प्रवर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहार केवल तिथि मात्र नहीं होते, बल्कि वे हमारे जीवन मूल्यों, आदर्शों और परंपराओं से जुड़े होते हैं। इन्हीं पावन पर्वों में एक अत्यंत शुभ और महत्वपूर्ण तिथि है विवाह पंचमी-जिसे भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह तिथि हिंदू पंचांग के अनुसार मार्गशीर्ष मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी होती है। मान्यता है कि इसी दिन मिथिला के राजा जनक की पुत्री जानकी का विवाह अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र श्रीराम से हुआ था। यह दिवस संसार को मर्यादा-पुरुषोत्तम दांपत्य, प्रेम, त्याग, विश्वास और आदर्श गृहस्थ-जीवन का संदेश देता है।
महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में भाग लेंगे कई राज्यों के मुख्यमंत्री
अयोध्या में शुद्ध ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी तदनुसार 27 जून को मणिराम छावनी पीठाधीश्वर व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज का 88 वां जन्म दिवस मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में दस दिवसीय समारोह का शुभारम्भ 19 जून से श्रीराम कथा के साथ शुरू होगा। हनुमत निवास महंत व विद्वान आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण रामकथा की रसवर्षा करेंगे। इस अवसर पर 27 जून को संत सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इस सम्मेलन में देश भर के धर्माचार्यों के समागम के साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्री गण भी हिस्सा लेंगे।
हत्या के बाद सड़क किनारे फेंका गया युवती का शव
बाराबंकी में देवा थाना क्षेत्र में देवा-चिनहट मार्ग पर उमरी गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में गुरुवार की सुबह एक युवती का शव मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्या के बाद युवती के शव को फेंका गया है। कुछ लोग दुष्कर्म की भी आशंका जता रहे हैं। पुलिस मृतका की पहचान के प्रयास में जुटी है।
सड़क किनारे मिला शव
देवा-चिनहट मार्ग पर उमरी गांव के पास सड़क के किनारे गुरुवार की सुबह एक युवती का शव देख कर राहगीर ठिठक गए। कुछ ही देर में वहां पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे कोतवाल यशकांत सिंह ने घटनास्थल की जांच की। लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने भी महिला की पहचान नहीं कर सके।
छत से गिरने से बुजुर्ग घायल
श्रावस्ती में विकास खण्ड इकौना क्षेत्र के बलुहा लालपुर खदरा गांव में गुरुवार को एक 55 वर्षीय बुजुर्ग छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया।
ग्राम पंचायत लालपुर खदरा के बलुहा निवासी अमर नाथ (55) गुरुवार सुबह किसी काम से अपने घर की छत पर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
तीन महीने से वेतन न मिलने पर संविदा डॉक्टर व कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
अयोध्या में तीन महीने से वेतन न मिलने से जिला अस्पताल के संविदा व आउटसोर्स पर कार्यरत डॉक्टर, स्टाफ नर्स, पैरा मेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की नाराजगी सामने आई है। संविदा व आउटसोर्स डॉक्टर तथा कर्मचारियों ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी के सामने सांकेतिक प्रदर्शन कर समय से वेतन भुगतान की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे संविदा व आउटसोर्स डॉक्टर तथा कर्मचारियों ने कहा कि वे सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़े हैं और लगातार पूरी जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय से वेतन नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों का कहना था कि अस्पताल प्रशासन उनसे समय से ड्यूटी पर आने और पूरी अवधि तक काम करने की अपेक्षा करता है, जबकि वेतन भुगतान में लगातार लापरवाही बरती जा रही है।
सीसीटीवी की निगरानी में हुई लेखपाल पद की भर्ती परीक्षा
अयोध्या में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित लेखपाल पद की परीक्षा जनपद के 15 केंद्रों पर सीसीटीवी की गहन निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा के दौरान 15 के सभी से अधिक अभ्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
गुरुवार को सुबह 10:00 बजे से 12:00 तक आए होते तो परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की डिजिटल मैपिंग की गई उसके बाद कमरों में प्रवेश दिया गया। 12 बजे परीक्षा छूटने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने कहा पेपर अच्छा था लेकिन कुछ सवाल बहुत टिपिकल भी पूछे गए थे। कुल मिलाकर पेपर सामान्य से मध्यम स्तर का रहा। अयोध्या में केंद्रों पर अधिकतर अभ्यर्थी जनपद गोरखपुर, अंबेडकर नगर, बाराबंकी, सुल्तानपुर के परीक्षा देने आए थे।
बालक को बचाने को तेंदुए से भिड़ी महिला, तीन घायल
बहराइच जिले के सुजौली थाने के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के तेलियनपुरवा गांव में गुरूवार की सुबह तेंदुए के हमले में तीन लोग घायल हो गए।घायलों को सुजौली पीएचसी लाए जाने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज कर मोतीपुर सीएचसी रेफर कर दिया है।
सुजौली थाने के कतर्नियाघाट रेंज स्थित बरखड़िया के मजरे तेलियनपुरवा गांव निवासी मीना पत्नी हीरालाल (32) अपने पांच वर्षीय पुत्र मोहित के साथ गुरूवार सुबह घर से खेत की ओर जा रही थी। तभी गन्ने के खेत से निकलकर तेंदुआ मोहित पर हमला कर दिया। मीना तेंदुआ से भीड़ गई और 10 मिनट तक संघर्ष कर मोहित को तेंदुए से बचा लिया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में लेखपाल भर्ती परीक्षा सम्पन्न, 817 रहे अनुपस्थित
गोण्डा जिले में आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4920 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, इसमें से 4103 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 817 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। प्रवेश से पहले गहन तलाशी और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई गई। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
सरयू तट पर मगरमच्छ का शिकार बने ग्रेटर नोएडा के युवक का शव मिला
गोंडा में सरयू तट पर अंतिम संस्कार के वक्त मगरमच्छ का शिकार बने युवक का शव मौके से करीब दो किमी दूर गुरुवार को मिला है। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही के पास सरयू नदी में सास उर्मिला देवी के दाह संस्कार में शामिल होने ग्रेटर नोएडा से आए एक युवक को स्नान के दौरान मगरमच्छ ने पानी में खींच लिया था। जानकारी के अनुसार सिग्मा परी चौक ग्रेटर नोएडा निवासी दीपक (30 वर्ष) की शादी लगभग 7 वर्ष पूर्व उमरी निवासी लालचंद शर्मा पुत्र बाबूलाल शर्मा की पुत्री रेखा से हुई थी। दंपति की एक चार वर्षीय मासूम पुत्री भी है।
डिवाइडर से टकराकर दुकान में घुसी रोडवेज बस, आठ यात्री घायल
रायबरेली में गुरुवार को लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय राज मार्ग पर चालक के नियंत्रण से बेकाबू हुई रोडवेज की बस डिवाइडर से टकराकर दुकान में घुस गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। 8 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में कई लोग लेखपाल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी हैं। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बस का चालक मौके से फरार हुआ। एआरएम और सीओ महराजगंज मौके पर जांच करने पहुंचे।
कस्बा में आज सुबह करीब 5:30 बजे यात्रियों को लेकर रायबरेली डिपो की रोडवेज बस लखनऊ जा रही थीं। थाना गेट के पहले मेदनी लाल का पुरवा के सामने अचानक बस का दाहिना पहिया डिवाइडर से टकरा गया। तेज झटका लगने से यात्रियों के मुंह से चीख निकल पड़ी। यात्री संभल पाते इसके पहले ही चालक बस से नियंत्रण खो बैठा।
सड़क हादसे में शिक्षक अनिल कसौधन की मौत
अयोध्या के कामता सिंह बालिका इंटर कॉलेज राजेपुर पूरा बाजार में रसायन विज्ञान में प्रवक्ता अनिल कसौधन (31 ) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल की मृतक अनिल के भाई सुनील कुमार कसौधन पुत्र ज्ञानचंद कसौधन निवासी नागपाली थाना तारुन जनपद अयोध्या ने सूचना दिया कि मेरा भाई अनिल कसौधन अपने साथी घायल रामू क़ोरी उपरोक्त के साथ मोटरसाइकिल से गोसाईगंज बारात गया था।
वहां से लौटते समय बीस मई क़ो रात 9:45 भी बिलहर घाट बड़ी नहर के पास रसूलाबाद की तरफ से आ रहे डंपर के चालक ने तेज गति से लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए टक्कर मार दी। जिससे मेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल मंडलीय चिकित्सालय ले जाया गया । इलाज के दौरान मेरे भाई अनिल कसौधन उपरोक्त की मृत्यु हो गई।
यूपी कोऑपरेटिव बैंक के मैनेजर गिरफ्तार, 21 करोड़ रुपए के घोटाले में ऐक्शन
यूपी कोऑपरेटिव बैंक के मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गोंडा शाखा में हुए 21 करोड़ 47 लाख 78 हजार रुपये के चर्चित घोटाले में कोतवाली नगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी कोऑपरेटिव बैंक के मैनेजर गिरफ्तार, 21 करोड़ रुपए के घोटाले में ऐक्शन
UP में भाजपा करा रही विधायकों का सर्वे, 2027 में किसका काटेगी टिकट
यूपी में भाजपा अपने विधायकों के कामों से जुड़ा सर्वे करवा रही है। इससे अपने विधायकों की पॉपुलेरिटी के साथ ये भी जान पाएंगे की जनका किसके काम से खुश या नाखुश है। जनता जिनसे नाराज है उनकी जगह 2027 में नए चेहरों को जगह दी जाएगी।
यहां पढ़ें पूरी खबर: UP में भाजपा करा रही विधायकों का सर्वे, 2027 में किसका काटेगी टिकट
बाइक की टक्कर से छात्राओं को घायल करने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अयोध्या में करीब 18 वर्ष के एक युवक ने लापरवाही से बुलेट चलाते हुए 15 वर्षीय दो छात्राओं को टक्कर मार दी थी। जिसमें दोनो छात्राएं घायल हो गई थी। नौ मई को हुई इस दुर्घटना में गम्भीर रुप से घायल एक छात्रा के पिता की तहरीर पर अब एक्सीडेंट करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ है। वहीं घायल छात्रा का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसके ठीक होने में करीब छह माह का समय लगने की बात डाक्टर कह रहे है।
राजा गली अंगूरीबाग के रहने वाले गुफरान ने अपनी तहरीर में कहा है कि उसकी बेटी हुमा (15) ईरिक्शा से अपने स्कूल जा रही थी। देवकाली क्षेत्र में स्थित एक स्कूल के पास बिस्कुट लेने के लिए वह उतरी तभी तेज रफ्तार बुलेट से 18 वर्षीय सैफ निवासी शहजहांपुर थाना कोतवाली नगर ने उसे टक्कर मार दी। जिसके कारण हुमा के दोनो पैर टूट गए। उसकी सहेली अलीजा को भी गम्भीर चोट आयी। हुमा का नाका स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह दोनो पैर से चलने में असमर्थ है। डाक्टर ने उसे पूर्णतया स्वस्थ होने में छह माह से अधिक का समय लगने की बात कही है।
पति ने पत्नी की हत्या कर लगा ली फांसी
सीतापुर में थानगांव इलाके में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पति ने पहले बांके से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों की एक वर्ष पहले शादी हुई थी। शादी के बाद से ही अक्सर दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। थानगांव पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसरौली निवासी दीपू भार्गव (26) की शादी एक वर्ष पहले रेउसा के हरिहरपुर नेवादा की छाया देवी (24) के साथ हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा हो जता था। बुधवार शाम को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। रात में छाया घर के आंगन में सो रही थी। इस बीच दीपू ने उसपर बांके से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
श्रद्धालु ही नहीं सुरक्षा अधिकारी भी राम भक्ति में तल्लीन
अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद केवल धार्मिक पर्यटन ही नहीं बढ़ा है, बल्कि पूरी दुनिया में सनातन संस्कृति और प्रभु श्रीराम के प्रति लोगों का आकर्षण भी तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है. देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं। मंदिर परिसर में हर दिन ऐसा वातावरण देखने को मिलता है, जहां भक्ति, अनुशासन और श्रद्धा एक साथ जीवंत नजर आती है।
रामलला के दरबार में केवल श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा में तैनात अधिकारी और जवान भी प्रभु राम की भक्ति में डूबे देखे जा सकते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राम मंदिर की सुरक्षा में तैनात एसपी सुरक्षा अधिकारी बलरामाचारी दुबे परिसर के अपने ऑफिस में राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करते नजर आ रहे हैं।
दो वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ा पुल एप्रोच, ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन
बलरामपुर में प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की सड़क हरिहरगंज-ललिया बनकटवा मार्ग से जुड़ी ललिया-भवनियापुर लिंक मार्ग पर स्थित भवनियापुर गांव के निकट पुल का एप्रोच तथा पूर्वी छोर की सुरक्षा दीवार दो वर्ष पूर्व आई बाढ़ में कटकर नाले में समाहित हो गई थी। लंबे समय बीत जाने के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू न होने से क्षेत्रीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के विरोध में प्रदर्शन कर आक्रोश जताया तथा जिलाधिकारी को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से पत्र भेजकर शीघ्र समस्या समाधान की मांग की है।
टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर महिला की मौत
सीतापुर में तालगांव इलाके में टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गुरुवार को एक महिला की मौत हो गई। हादसा देख अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार फोन करने के बाद संपर्क हो पाया। करीब एक घंटे बाद बिजली कनेक्शन काटा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिरकल्लीपुर के पचपखारी निवासी रामप्यारी (40) गुरुवार सुबह शौच के लिए जा रहीं थी। वह खेत के पास पहुंची ही थी तभी टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। पास से गुजर रहे लोग रामप्यारी को झुलसता देख चीख पुकार मचाने लगे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों का आरेाप है कि बिजली विभाग के नंबर पर कई बार फोन किया गया पर संपर्क नहीं हो पाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद संपर्क हो पाया। तब जाकर कर्मचारियों ने बिजली का कनेक्शन काटा, लेकिन तब तक रामप्यारी की मौत हो चुकी थी।
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सीतापुर में रामपुर कला स्थित महमूदाबाद रोड पर बुधवार को एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइ सवार गंभीर रूप से चोटिल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, हादसे के बाद पिकअप सवार मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।
बिसवां के विशंभरपुर निवासी रजनीश उर्फ लल्लन बुधवार को किसी काम से लखनऊ गए थे। देर शाम वह बाइक से घर लौट रहे थे। रजनीश रामपुर कला स्थित देवकालिया ग्रामीण बैंक के पास पहुंचे ही थे तभी बिसवां की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से रजनीश बाइक समेत सड़क पर गिर गए। हादसा देख अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों को जुटता देख आरोपी पिकअप चालक मौके से भाग निकला।
हाईवे के पास खाली प्लॉट में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, पहचान नहीं
गोंडा-जरवल फोरलेन पर भंभुवा के पास बुधवार देर शाम करीब नौ बजे खाली प्लॉट में करीब 30 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसओजी और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
सांसद सायोनी घोष के सिर कलम पर एक करोड़; यूपी BJP नेता का VIDEO, अब बैकफुट पर आए
टीएमसी सांसद सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले को एक करोड़ का इनाम देने की घोषणा वाले यूपी भाजपा नेता के विवादित बयान से देश की सियासत गरमा गई है। सयोनी भी एक्टिव हुईं तो भाजपा नेता बैकफुट पर आ गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें: सांसद सायोनी घोष के सिर कलम पर एक करोड़; यूपी BJP नेता का VIDEO, अब बैकफुट पर आए
छात्राओं को स्कूटी देने की तैयारियां तेज, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए यह निर्देश
उत्तर प्रदेश में विश्वविद्यालय और डिग्री कॉलेजों की मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने के लिए ‘रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना’ पर काम तेज हो गया है। सीएम योगी ने बुधवार को उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पात्रता और मेरिट के नियम जल्द से जल्द तय करने के निर्देश दिए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें: छात्राओं को स्कूटी देने की तैयारियां तेज, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए यह निर्देश
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play