abdulla azam
Uttar Pradesh News Live: यूपी में आधी रात के बाद आए तूफान ने हमीरपुर में तांडव मचाया है। यहां बेतवा नदी पर बन रहा पुल ढह गया है। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। छह लोग घायल हैं। कुछ लोग पिलर पर फंसे हुए हैं।
यूपी के सहारनपुर में शाकंभरी देवी सिद्धपीठ में देर रात अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। पहाड़ों पर हुई तेज बारिश के बाद अचानक भारी जलराशि नीचे उतर आई, जिसने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम को दो पासपोर्ट मामले में शुक्रवार को अदालत से बड़ी राहत मिली है।
13 जिलों के होमगार्ड कमांडेंट के तबादले
शासन ने 13 जिला कमांडेंट अदिकारियों का तबादला कर दिया है। पुलिस महानिदेशक होमगार्ड डीके ठाकुर ने सभी को तत्काल नई तैनाती स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। ओम प्रकाश सिंह को जौनपुर से चित्रकूट, ज्ञान प्रकाश को संभल से मैनपुरी, विनोद कुमार झा को फिरोजाबाद से आजमगढ़, शैलेंद्र मिश्र को संत कबीरनगर से कुशीनगर, धीरेंद्र पांडेय को प्रतापगढ़ से अलीगढ़, नीता भारतीया को सुल्तानपुर से अमेठी, श्यामजीत शाही को अलीगढ़ से सीतापुर, नीरज कुमार शर्मा को कुशी नगर से फिरोजाबाद, विजय कुमार सिंह को सहारनपुर से जौनपुर, मनोज कुमार (प्रथम) को कन्नौज से सहारनपुर, दिनेश ढींगरा को सीतापुर से प्रतापगढ़, मनोज सिंह बघेल को आजमगढ़ से जालौन, राजेश कुमार सिंह को जालौन से संभल जिला होमागार्ड कमांडेंट पद पर स्थानांतरित किया गया है।
दो पासपोर्ट मामले में अब्दुल्ला आजम की सात साल की सजा रद्द
सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम को दो पासपोर्ट मामले में शुक्रवार को अदालत से बड़ी राहत मिली है। एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट ने एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट के फैसले को पलटते हुए अब्दुल्ला आजम की सात साल की सजा को रद्द कर दिया। कोर्ट के इस फैसले से अब्दुल्ला के समर्थकों में खुशी की लहर है। हालांकि अन्य मामलों में सजायाफ्ता होने के चलते पूर्व विधायक को फिलहाल जेल से रिहाई नहीं मिलेगी।
प्रयागराज की महिला दरोगा से ससुर ने किया रेप
प्रयागराज में तैनात महिला दरोगा ने पारा निवासी रिटायर्ड ससुर (दरोगा) पर दुष्कर्म और प्रापर्टी डीलर पति पर फायरिंग का आरोप लगाया है। महिला दरोगा ने अन्य ससुरालीजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर पारा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए गुरुवार को किसान यूनियन नेताओं के साथ मिलकर थाने पर दो घंटे तक धरना दिया। पुलिस ने पीड़िता और उसके ससुरालीजनों की तहरीर पर दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला दरोगा पर थाने में प्रदर्शन करने के मामले में विभागीय कार्यवाही के लिए पारा पुलिस ने पत्र लिखा है। प्रयागराज पुलिस अधिकारियों द्वारा महिला दरोगा पर अनुशासनहीनता की जांच की जा रही है।
दो दिनों से लापता बुजुर्ग का तालाब में उतराता मिला शव, हत्या की आशंका
रायबरेली में कोतवाली क्षेत्र के पूरे जुड़ावन सिंह मजरे सुरसना गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब पिछले दो दिनों से लापता एक बुजुर्ग का शव गांव के ही तालाब में उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान 65 वर्षीय कुंज बिहारी उर्फ समोधी रैदास पुत्र जगन्नाथ के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने बुजुर्ग की हत्या किए जाने की आशंका जताई है कुंज बिहारी बीते दो दिनों से अचानक घर से लापता हो गए थे। उनके लापता होने के बाद पुत्र सोनू समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने अपनी ओर से उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका।
तमसा नदी में मृत गोवंश मिलने से खलबली
अम्बेडकरनगर में शुक्रवार सुबह जलालपुर-बसखारी मार्ग स्थित पक्के पुल के नीचे तमसा नदी में एक मृत गोवंश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मामले की जानकारी पाकर प्रशासन और पुलिस भी तत्काल सक्रिय हो गए।
घटना की सूचना व्यापारी नेता आनंद जायसवाल और पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश मिश्र ने नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन को दी। इसके बाद वरिष्ठ नेता केशव श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी विकास निषाद, गौरव उपाध्याय, मनोज पांडे और रामवृक्ष भार्गव सहित बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
भीषण आग से कपड़े की दुकान, ग्राहक सेवा केंद्र व कारखाना जलकर राख
अम्बेडकरनगर में जैतपुर थाना क्षेत्र के नेवादा बाजार में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से कपड़े की दुकान, ग्राहक सेवा केंद्र तथा सिलाई कारखाना जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में लाखों रुपये का सामान, कम्प्यूटर, सीसीटीवी कैमरे, सिलाई मशीनें और नगदी जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों तथा फायर ब्रिगेड की करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी में 25 से 30 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
सड़क पर पैदल जा रही महिला को तेज रफ्तार पार्सल ट्रक ने कुचला
रायबरेली में मिल एरिया थाना क्षेत्र में लखनऊ प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार की दोपहर सर्वोदय नगर ओवर ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार पार्सल ट्रक ने सड़क के किनारे पैदल जा रही एक महिला को कुचल दिया। घटना में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। महिला को कुचलने के बाद ट्रक चालक ने गैस लेने आए एक युवक की साइकिल को भी कुचला जिससे साइकिल चकनाचूर हो गई, तभी आसपास के लोगों ने दुर्घटना में शामिल चालक को दबोच लिया और सूचना पुलिस को दी गई । मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम में भेज दिया है ।
तेज आंधी-बारिश के बीच ताड़ के पेड़ पर गिरी आकाशीय बिजली, धू-धू कर जला पेड़
कुशीनगर जिले में शुक्रवार की भोर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश के बीच कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया। कहीं पेड़ गिरने तो कहीं बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। इसी बीच रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बसडिला के लाला टोला में आकाशीय बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव निवासी लधन श्रीवास्तव के घर के पास स्थित एक तरकुल (ताड़) के पेड़ पर कड़कड़ाती बिजली गिर गई, जिससे पेड़ में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगा। घटना को देख आसपास के लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
तेज आंधी-पानी से रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़, ट्रेनों का आवागमन हुआ प्रभावित
देवरिया में तेज आंधी-पानी की वजह से गौरीबाजार-चौरीचौरा के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ व बिजली का तार गिर गया जिससे ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक से गिरे वृक्षों की टहनियों व तारों को हटाने के बाद ट्रेनों का आवागमन शुरु हो सका।
शुक्रवार सुबह तेज आंधी पानी की वजह से गौरीबाजार के पूर्वी रेलवे ढाले के समीप ट्रैक पर पेड़ की डाल गिर गई। मिली जानकारी के मुताबिक़ इसके चलते दादर, कृषक एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। करीब तीन घंटे तक की मशक्कत के बाद ट्रैक पर गिरे पेड़ व बिजली के तारों को हटाया जा सका तब जाकर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो सका।
आकाशीय बिजली से अधेड़ की मौत
अम्बेडकरनगर में शुक्रवार को सुबह तेज रफ्तार बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के एक अधेड़ की मृत्यु उस समय हो गई जब वह अपनी भेड़ों को चरा रहा था । सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेज दिया ।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मीठेपुर इंद्रजीत पाल 55 वर्ष पुत्र भगवान दिनपाल शुक्रवार को सुबह लगभग 7.30 बजे अपनी भेद को भड़सारी गौशाला के पास चल रहे थे इस समय इंद्र देवता अपने रौद्र रूप में बरस रहे थे इस समय आसमान से गिरी बिजली ने भेड़ चरा रहे इन्द्रजीत पाल को अपना शिकार बना लिया ।सूचना पर परिजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दिया ।
संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से किशोरी की लटकती मिली लाश
अंबेडकरनगर में सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ताजूपुर गांव के मजरे ऊसरपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की घर के अंदर दुपट्टे के फंदे से लटकती मिली लाश। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ऊसरपुर गांव निवासी रामजी तिवारी की 16 वर्षीय पुत्री प्राची तिवारी अपने कमरे में थी। काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिजनों को शक हुआ। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो किशोरी दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई थी। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के बीच दबी जुबान में प्रेम प्रसंग की भी चर्चा है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। किशोरी का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
तेज आंधी से टीनशेड पर गिरा पेड़, दबने से मां की मौत बेटी गंभीर
रायबरेली में मिल एरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार आधी रात आए तेज आंधी-बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं । पूरे गौचरा मजरे राही गांव निवासी शकुंतला (51) पत्नी रामऔतार अपनी 19 वर्षीय बेटी शिवानी के साथ घर के बाहर दीवार के सहारे बने टीन शेड के नीचे सो रही थीं। रात करीब तीन बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान दीवार के पीछे खड़ा आम का पेड़ अचानक भरभराकर टीन शेड पर गिर पड़ा। हादसे में मां-बेटी दोनों मलबे में दब गईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का पंखे से लटका मिला शव
अयोध्या कोतवाली नगर क्षेत्र के खोजनपुर मोहल्ले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय संजीव कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घरेलू समस्याओं से परेशान चल रहा था। पड़ोसियों के अनुसार युवक भांग का नशा भी करता था। उसका एक घर नियावां में भी है जहां परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अश्विनी कुमार पांडे ने बताया कि युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
विजय प्रकाश निर्विरोध अध्यक्ष और पंकज सचिव निर्वाचित हुए
अयोध्या में राष्ट्रीय डाक कर्मचारी ग्रुप सी संघ का द्विवार्षिक मण्डलीय अधिवेशन प्रधान डाकघर में आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि नेशनल यूनियन के प्रांतीय सचिव आरपी मिश्र ने संगठन की ओर से सरकार से कर्मचारियों के विभिन्न समस्याओं के लिए सर्किल स्तर पर चर्चा किया। इसके अलावा सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। कार्यकारिणी के मण्डलीय अध्यक्ष विजय प्रकाश तिवारी और सचिव पंकज कुमार सिंह निर्विरोध चुने गए।
कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष नरेन्द्र पाण्डेय, संगठन मन्त्री कुलदीप शुक्ल, एवं कोषाध्यक्ष रजत सिंह को भी निर्विरोध चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजय प्रकाश तिवारी ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि हम संगठन के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करवाते रहेंगे।
बिजली खंभे से गिरकर प्राइवेट कर्मी घायल, लखनऊ रेफर
गोंडा में विद्युत उपकेंद्र ढोढेपुर के अंतर्गत रामापुर हाईटेंशन लाइन पर गुरुवार शाम मरम्मत कार्य के दौरान पोल से गिरकर एक प्राइवेट कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। खजुरी निवासी 30 वर्षीय संजय हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़कर काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक नीचे आ गिरा। ग्रामीण उसे प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी तरबगंज ले गए।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अनिकेत ने हालत नाजुक देख मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर किया। वहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि घटना के समय लाइन जुड़ी नहीं थी। युवक हीट स्ट्रोक के कारण चक्कर खाकर पोल से गिरा है। मामले की जांच कराई जा रही है।
मिझौड़ माई मंदिर पर गिरी आकाशीय बिजली, दुर्गा प्रतिमा क्षतिग्रस्त
अयोध्या में रौनाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करेरू मजरे बड़ा मिझौड़ में आकाशीय बिजली गिर गई। जिसके चलते मां दुर्गा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आस पास के बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन लगा हुआ है।
बड़ा मिझौड़ा में पूर्व प्रधान रामतेज यादव ने साल 2005 में अपने सहन के सामने एक दुर्गा मंदिर की स्थापना करवाई थी। जहां गाँव के लोग नियमित पूजा पाठ करने जाते है। आरोप है कि गुरुवार को भोर करीब साढ़े चार आंधी – पानी के दौरान मंदिर में लगी लोहे खिड़की पर बिजली टकराई और मंदिर के अंदर प्रवेश कर कई। बिजली मां दुर्गा प्रतिमा के संपर्क में आने से दुर्गा प्रतिमा में लगे आठ हाथ में दो हाथ की उंगलियां टूट गई।
आम तोड़ने गए युवक की पेड़ से गिरकर मौत
रायबरेली क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में आम तोड़ने गए एक युवक की पेड़ से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू की है।
ठकुराइन खेड़ा गांव का निवासी सूरज पुत्र चन्द्रशेखर बीती रात करीब 10 बजे अपने साथियों अखिलेश व सुनील के साथ दूसरे की बाग में आम तोड़ने गया था। बताया जा रहा है कि सूरज आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक डाल टूट गई, जिससे वह नीचे जमीन पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। साथियों ने परिजनों को सूचना दी।
फिर आनन-फानन उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ।
आंधी-तूफान और बारिश से बिजली व्यवस्था ध्वस्त, रातभर गुल रही आपूर्ति
रायबरेली क्षेत्र में बीती रात लगभग 12 बजे तेज आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश से विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। अचानक मौसम खराब होने के बाद नगर सहित ग्रामीण इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरी रात लोग अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। तेज हवाओं और बारिश के चलते कई स्थानों पर फाल्ट आने की आशंका के मद्देनजर बिजली विभाग की टीमें सुबह से ही लाइनों की पड़ताल में जुट गई हैं।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने 33 केवीए लाइन, 11 हजार वोल्ट लाइन तथा एलटी लाइनों की जांच शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र के बेलहनी और गौरा रूपई फीडर ब्रेकडाउन हो गए थे, जिसके चलते आसपास के कई गांवों की आपूर्ति प्रभावित रही। फीडरों में आए तकनीकी फाल्ट का पता लगाने के लिए कर्मचारियों को विभिन्न स्थानों पर भेजा गया है।
नौतपा में बरसी राहत: अयोध्या में बारिश से मौसम सुहाना, किसानों के चेहरे खिले
अयोध्या में भीषण गर्मी और नौतपा की तपिश के बीच शुक्रवार भोर में हुई तेज बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। गरज-चमक के साथ हुई बारिश से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं साबित हुई। मौसम विभाग ने 31 मई तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है।
सुबह हुई बारिश के बाद जिले का मौसम सुहाना हो गया। ठंडी हवाओं के चलते लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद फिर तेज धूप निकलने से उमस बढ़ने लगी। बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। नालियों की गंदगी सड़कों पर फैल जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल
सुलतानपुर में शुक्रवार की सुबह चांदा कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 731 पर अलग-अलग स्थानो पर दो सड़क हादसे हुए। जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पहली घटना चांदा कोतवाली क्षेत्र के कोथरा गांव के समीप हुई। वहां पर लखनऊ से वाराणसी जा रही एसी लदी मैजिक मालवाहक चालक को नीद की झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में जा गिरी।
जिससे चालक मोनू पुत्र पूरन निवासी ग्राम किशुनपुर थाना सिधौली जनपद सीतापुर व परिचालक संदीप पुत्र भगवती प्रसाद नयागांव जनपद सीतापुर को गंभीर चोटें आई। दोनों को लोगों की मदद से सीएससी प्रतापपुर कमैचा भर्ती कराया गया। जहां से चालक मोनू की हालत गंभीर होने की स्थिति में चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जेसीबी लेकर जा रहे युवक को चार लोगों ने जमकर पीटा
गोंडा में जेसीबी मशीन लेकर जा रहे युवक की चार लोगों ने पिटाई कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराया है। नगर पंचायत धानेपुर के बंजरिया गांव के रहने वाले लालबाबू वर्मा के मुताबिक वह डेबरी कला के रहने वाले महेश सिंह की जेसीबी मशीन चलाता है। गुरुवार को वह जेसीबी लेकर राजापुर कार्य करने गया था।
जहां पर विपक्षी अनिल वर्मा व इनके भाई शैलेन्द्र वर्मा उर्फ छोटू दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अपशब्द कहते हुए कहा कि मेरे दुश्मन महेश सिंह की जेसीबी लेकर काम करने आये हो जब उसने अपशब्द कहने का विरोध किया तब विपक्षी गण मारने लगे हल्ला गुहार सुनकर तमाम लोग आये बीच बचाव किया तब विपक्षी धमकी देते हुए चले गए। प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कराया गया है और अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
भाजपा चलाएगी ‘ 12 साल -विश्वास के, विकास के’ अभियान
बाराबंकी में केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा जागरूकता कार्यक्रम के जरिये जन-जन तक पहुंचने को कवायद में जुट गई है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इन 12 साल की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए ‘विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 साल नाम से एक अभियान शुरू करने की घोषणा की है, जो आगामी विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से विश्व योग दिवस (21 जून ) तक चलेगा। गुरुवार को जिला कार्यालय पर कार्यशाला आयोजित की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पद से संबोधित करते हुए एमएलसी व जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल ने कहा कि 12 वर्षों में नरेंद्र मोदी सरकार ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक कद बढ़ा है। आंतरिक सुरक्षा, सामरिक दृष्टि से, आर्थिक मोर्चे सहित विकास और विरासत को समर्पित 12 सालों में मोदी सरकार ने जनकल्याण के लिए अनेकों योजनाओं को सफलता पूर्व जमीन पर उतारा है। इन्हीं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लूट के 68 बकरे-भेड़ व 2.04 लाख के साथ तीन गिरफ्तार
सुलतानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में बकरों से लदी पिकअप लूट करने वाले अंतर्जनपदीय अभियुक्तों को अमेठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लूटी गई पिकअप सहित 68 बकरे व भेंड़, लूट में प्रयुक्त कार, दो तमंचा कारतूस व व्यापारियों से लूटे गए 2.04 लाख रुपए व दो मोबाइल बरामद किए हैं। वहीं लुटेरों का एक साथी फरार हो गया। एसपी ने घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का 25 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस कार्यालय गौरीगंज में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सरवणन टी ने बताया कि आपरेशन चक्रव्यूह के तहत एसएचओ मुसाफिरखाना विवेक सिंह व एसएचओ भाले सुल्तान अजयेन्द्र पटेल को मुखबिरों से सूचना मिली कि बीते मंगलवार की रात सुलतानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में बकरी व्यापारियों के साथ लूट की घटना करने वाले बदमाश बिना नंबर की कार व बकरियों से लदी हुई पिकअप से ग्राम मठाभुसुण्डा जंगल की ओर से लखनऊ-सुलतानपुर हाइवे की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस की दो टीम बनाकर चेकिंग की जाने लगी। तभी दोनों गाड़ियां आती हुई दिखायी दी। जिनकी नाकाबन्दी कर पुलिस ने उन्हें घेर लिया।
तेज तूफान का कहर : कई पेड़ धराशायी, ट्रांसफार्मर व पोल गिरे, बिजली व्यवस्था ठप
बलरामपुर में गुरुवार रात आए तेज आंधी-तूफान ने जनपद के कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ गिर गए, वहीं बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर भी धराशायी हो गए। इससे विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
जरवा कोतवाली के ठीक सामने स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कोइलाबास बेस कैंप तथा रामपुर वन विश्राम भवन के पास पेड़ और बिजली के पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रातभर अंधेरा छाया रहा और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पॉश मार्केट में भीषण आग से हड़कंप, क्रॉकरी शोरूम जलकर राख
शाहजहांपुर शहर के पॉश बाजार गोविंदगंज स्थित चर्च के पास गुरुनानक क्रॉकरी शोरूम में गुरुवार रात करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और शोरूम से उठती लपटें व धुएं के गुबार दूर तक दिखाई देने लगे। घटना से आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि शोरूम के ठीक बगल में जूते-चप्पलों का बड़ा शोरूम भी स्थित है, जिससे आग फैलने की आशंका के चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके से गुजर रहे एक व्यापारी नेता ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
शादी का झांसा देकर किशोरी का यौन शोषण, केस दर्ज
गोंडा के धानेपुर इलाके की एक किशोरी को मोतीगंज थाना क्षेत्र का एक युवक अपने प्रेम जाल में फंसाकर शादी करने झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया और उसका यौन शोषण किया। लड़की ने जब शादी का दबाव बनाया तब इंकार कर दिया। इसपर किशोरी ने घरवालों को आपबीती बताई। पिता की शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले एक व्यक्ति के मुताबिक उसकी लड़की से मोतीगंज थाना क्षेत्र के भोरहा बरगदहा गांव निवासी युवक लवकुश बातचीत करता था। आरोप लगाया है कि युवक ने लड़की को पहले प्रेम जाल में फंसाया और शादी करने का झांसा देकर अपने साथ लेकर चला गया। उसे चालीस दिन तक साथ रखा और शारीरिक संबंध बनाए। अब शादी करने और साथ रखने से इंकार कर रहा है।
पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से लुटेरा जख्मी, दो अन्य साथी भी दबोचे
गोंडा में सीमेंट व्यापारी से लूट के मामले में पुलिस को गुरुवार देर रात बड़ी कामयाबी हासिल हुई। मनकापुर पुलिस व एसओजी टीम के साथ हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को धर दबोचा। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, 44 हजार रुपए और अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया किया गये।
बीते सोमवार की शाम लगभग छह बजे बैरीपुर रामनाथ गांव के पास सीमेंट व्यापारी के एजेंट प्रेमनाथ गुप्ता से अपाची सवार तीन बदमाश मारपीट कर 1.10 लाख रुपये छीन कर फरार हो गये थे। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। पुलिस इसे चुनौती के रूप में लेते हुए मंगलवार को एफआईआर दर्ज करके अपराधियों को पकड़ने में जुट गयी। वही एसपी विनीत जायसवाल ने मामले के खुलासे के लिए पांच टीमे गठित कराकर मामले में जल्द से जल्द खुलास करने का निर्देश दिया था।
हैदरगढ़ में टक्कर के बाद आग का गोला बने ट्रक और डंपर, ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत
बाराबंकी के कस्बा हैदरगढ़ के निकट हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर सतरही गांव के पास गुरुवार देर रात ट्रक और डंपर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में ट्रक चालक केविन के अंदर फंसकर जिंदा जल गया, जबकि डंपर चालक और उसका खलासी तथा ट्रक का खलासी किसी तरह जान बचाने में सफल रहे।
थाना असंद्रा क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी धर्मेन्द्र कुमार पाल (32) पुत्र रामसरन ट्रक में ईंट लादकर हैदरगढ़ की ओर जा रहे थे। रात करीब 11 बजे सतरही गांव के निकट सामने से फतेहपुर जनपद की ओर से गिट्टी लादकर आ रहे डंपर से उनकी ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्याज लदी ट्रक पलटी, दो बाइकों सवार तीन युवकों की मौत, एक गंभीर
अमेठी में मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइकों पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शंकरगंज चौराहा मोड़ के पास उस समय हुआ जब प्याज से लदी एक अनियंत्रित ट्रक पलट गई और उसके नीचे बाइक सवार दब गए।
मिली जानकारी के अनुसार, दरपीपुर में आयोजित एक भंडारे में शामिल होने के बाद चार युवक दो मोटरसाइकिलों से अपने घर लौट रहे थे। वे सब शंकरगंज चौराहा मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि गौरीगंज की ओर से आ रही प्याज लदी ट्रक संख्या यूपी 44 सीटी 4747 अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रक पलटते ही उसके नीचे दोनों बाइकें दब गईं।
पहाड़ों पर भारी बारिश से यूपी के सहारनपुर में बाढ़; दुकानें-लोग बहे, महिला की मौत
यूपी के सहारनपुर में शाकंभरी देवी सिद्धपीठ में देर रात अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। पहाड़ों पर हुई तेज बारिश के बाद अचानक भारी जलराशि नीचे उतर आई, जिसने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
पूरी खबर यहां पढ़ें: पहाड़ों पर भारी बारिश से यूपी के सहारनपुर में बाढ़; दुकानें-लोग बहे, महिला की मौत
यूपी में तूफान का कहर, बेतवा नदी पर बन रहा पुल ढहा, छह की मौत, कई मलबे में दबे, तीन पिलर पर फंसे
यूपी में आधी रात के बाद आए तूफान ने हमीरपुर में तांडव मचाया है। यहां बेतवा नदी पर बन रहा पुल ढह गया है। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। छह लोग घायल हैं। कुछ लोग पिलर पर फंसे हुए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी में तूफान का कहर, बेतवा नदी पर बन रहा पुल ढहा, छह की मौत, कई मलबे में दबे, तीन पिलर पर फंसे
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play