अंतरिक्ष में चुपके से सैंडविच ले गया था NASA का एस्ट्रोनॉट, फिर जो हुआ उसने बदल दिए नियम – India.com

अंतरिक्ष की दुनिया में आज से करीब 60 साल पहले ऐसा कुछ हुआ, जिसकी कल्पना खुद नासा ने भी नहीं की थी. इसी घटना की वजह से NASA को अंतरिक्ष यात्रियों के लिए सामान ले जाने के नियम और सख्त करने पर मजबूर कर दिया. दरअसल साल 1965 में NASA के एस्ट्रोनॉट जॉन यंग अपने साथ एक सैंडविच छिपाकर अंतरिक्ष में ले गए थे. यह कोई सामान्य बात नहीं थी, क्योंकि इस सैंडविच को मिशन के लिए मंजूरी नहीं मिली थी. यह घटना Gemini III मिशन के दौरान हुई थी, जो 23 मार्च 1965 को अमेरिका के केप कैनेडी से लॉन्च हुआ था. जॉन यंग इस मिशन में पायलट थे, जबकि उनके साथ अंतरिक्ष यात्री वर्जिल ‘गस’ ग्रिसम कमांडर थे. दोनों का काम अंतरिक्ष यान और उसकी तकनीक को टेस्ट करना था.

उस समय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में खाने के लिए खास तरह का खाना दिया जाता था. इसमें ऐसा खाना भी शामिल था, जिसे पानी डालकर तैयार करना पड़ता था. जॉन यंग और गस ग्रिसम को यह खाना खास पसंद नहीं आ रहा था. यंग को लगा कि अगर अंतरिक्ष में एक ताजा सैंडविच मिल जाए तो खाने का मजा कुछ अलग होगा. इसके बाद उनके साथी अंतरिक्ष यात्री वॉली शिर्रा ने एक स्थानीय रेस्टोरेंट से कॉर्न बीफ सैंडविच खरीदा. यंग ने इसे अपने स्पेससूट की जेब में छिपा लिया और मिशन पर लेकर चले गए.

मिशन शुरू होने के करीब दो घंटे बाद यंग ने अपना छिपाया हुआ सैंडविच निकाला. उन्होंने इसे ग्रिसम को भी खाने के लिए दिया. शुरुआत में ग्रिसम ने पूछा कि यह सैंडविच आया कहां से. यंग ने बताया कि वह इसे अपने साथ लेकर आए हैं. लेकिन जैसे ही ग्रिसम ने सैंडविच खाना शुरू किया, समस्या सामने आ गई. सैंडविच में इस्तेमाल की गई राई की ब्रेड टूटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में बिखरने लगी. अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण बहुत कम होने की वजह से ये टुकड़े हवा में तैरने लगे.

धरती पर अगर ब्रेड का टुकड़ा नीचे गिर जाए तो कोई बड़ी बात नहीं है. लेकिन अंतरिक्ष यान के अंदर ऐसा नहीं होता. वहां खाने के छोटे टुकड़े हवा में तैर सकते हैं और किसी उपकरण के अंदर जा सकते हैं. वे अंतरिक्ष यात्री की आंखों तक भी पहुंच सकते हैं. इसी वजह से ग्रिसम ने सैंडविच को वापस अपने स्पेससूट की जेब में रख लिया, ताकि उसके टुकड़े पूरे केबिन में ना फैलें. यह पूरा मामला बहुत कम समय तक चला, लेकिन बाद में इस छोटे से सैंडविच की काफी चर्चा हुई.
असल परेशानी सैंडविच से ज्यादा इस बात को लेकर थी कि इसे NASA की मंजूरी के बिना अंतरिक्ष यान में ले जाया गया था. उस समय NASA के अधिकारी इस बात को लेकर काफी सतर्क थे कि अंतरिक्ष यान के अंदर कोई ऐसी चीज ना जाए, जो उपकरणों के लिए खतरा बन सके. इस घटना को लेकर अमेरिकी कांग्रेस में भी सवाल उठे. NASA के अधिकारियों के बीच भी इस बात पर चर्चा हुई कि क्या अंतरिक्ष यात्रियों को अपनी पसंद की चीजें साथ ले जाने की आजादी होनी चाहिए या नहीं.जॉन यंग को इस घटना के लिए औपचारिक रूप से सजा नहीं मिली, लेकिन NASA ने इससे एक सबक जरूर लिया.

Gemini III मिशन के बाद NASA ने अंतरिक्ष यात्रियों के साथ जाने वाली चीजों को लेकर नियम और सख्त कर दिए. Gemini IV मिशन से यात्रियों को पहले से बताना पड़ता था कि वे अपने साथ कौन-कौन सी चीजें ले जाने वाले हैं. ऐसी चीजों पर रोक लगाई गई, जो भारी या बड़ी हों या अंतरिक्ष यान के अंदर तैरकर उपकरणों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती हों. यानी एक छोटा सा सैंडविच भी NASA के लिए बड़ी सीख बन गया. Gemini III मिशन आखिरकार सफल रहा. जॉन यंग और गस ग्रिसम सुरक्षित वापस लौट आए. मिशन करीब पांच घंटे चला और इस दौरान अंतरिक्ष यान ने तीन चक्कर लगाए.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
इकराम मूल रूप से उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं मगर जन्म देश की राजधानी दिल्ली में हुआ. शुरुआती शिक्षा स्थानीय स्कूल में हुई. इसी के साथ ज्ञान हासिल करने … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News