नेपाल के पीएम बालेन शाह और पीएम मोदी के बीच सोमवार को द्विपक्षीय बैठक हुई. इस बैठक में दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हुए हैं. साथ ही पड़ोसी देश नेपाल को आर्थिक तौर पर मजबूत करने के लिए पीएम मोदी ने 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये की मदद का ऐलान किया.
पीएम मोदी ने कहा, ”हम नेपाल में स्टार्ट-अप इनक्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करेंगे. हम नेपाली छात्रों के लिए भारत में कानून और प्रौद्योगिकी में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़े हैं. खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य-संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए हम नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी सहयोग करेंगे.”
पीएम मोदी और बालेन शाह के बीच करीब 100 मिनट तक बातचीत हुई. द्विपक्षीय बैठक के दौरान बालेन शाह ने पीएम मोदी को खास तोहफा दिया है. उन्होंने पीएम मोदी को रुद्राक्ष की माला दिया. वहीं पीएम मोदी ने बालेन शाह को त्रिवेनी का जल दिया.
भारत और नेपाल के बीच हुए ये समझौते साइन
भारत और नेपाल के बीच कई समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं. जिसमें चिकित्सा के क्षेत्र में साथ में काम करने से लेकर पशुपालन और मछली पालन के विकास शामिल हैं.
1. भारत और नेपाल के बीच फॉरेंसिक विज्ञान में सहयोग होगा. गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच पढ़ाई और रिसर्च के क्षेत्र में सहयोग होगा.
2. भारत की राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी और नेपाल की पुलिस अकादमी मिलकर पुलिसकर्मियों को बेहतर ट्रेनिंग देने के लिए एक-दूसरे की मदद करें.
3. भारत और नेपाल के प्रमुख ट्रेनिंग संस्थान मिलकर नेपाल के सरकारी अफसरों को काम करने के बेहतर तरीके सिखाएंगे.
4. भारत और नेपाल आयुर्वेद और इलाज के पुराने व पारंपरिक तरीकों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करेंगे.
5. भारत का इसरो (ISRO) और नेपाल का संचार मंत्रालय मिलकर ‘दक्षिण एशिया सैटेलाइट’ का इस्तेमाल करेंगे, ताकि नेपाल में संचार नेटवर्क को बेहतर बनाया जा सके.
6. दोनों देश अपने शहरों का विकास करेंगे. दोनों देश शहरों को आधुनिक, बेहतर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए एक-दूसरे के साथ तकनीक साझा करेंगे.
7. भारत और नेपाल अपने नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और इलाज मुहैया कराने के लिए मिलकर काम करेंगे.
8. दोनों देश पशुपालन और मछली पालन के व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए एक-दूसरे का सहयोग करेंगे.
ट्रेन जनकपुरधाम का किया उद्घाटन
बैठक के बाद पीएम मोदी और बालेन शाह ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया. अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलने वाली यह ट्रेन 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी. ट्रेन के प्रमुख स्टॉपेज में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं.
यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी. जनकपुरधाम से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी. इससे भारत में भगवान राम की जन्मभूमि और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि के बीच सीधा रेल संपर्क बनेगा.
ये भी पढ़ें: सपा-कांग्रेस में 20 मिनट में सब कुछ सुलझा या और उलझी बात? जानें मीटिंग की इनसाइड स्टोरी!
दीक्षा छाबड़ा ABP live.Com में सीनियर कॉपी एडिटर हैं. यहां ये न्यूज डेस्क का हिस्सा हैं. दीक्षा को देश, विदेश और एंटरटेनमेंट की दुनिया में काफी दिलचस्पी है. वो इन सभी के बारे में लिखती हैं. इन्हें पत्रकारिता के जगत में 9 साल पूरे हो चुके हैं. इन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ की थी. इसके बाद से ये इंडिया टीवी, टीवी9 जैसी संस्थाओं में एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर चुकी हैं. दीक्षा ने अपनी पढ़ाई इंडिया टुडे मीडिया इंस्टीट्यूट से की है. संपर्क करें- Mail Id- dikshac@abpnetwork.com, X-https://x.com/Diksha29chhabra
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.