अभिनय करने से कोई PM नहीं बन जाता: डिप्टी CM ने इंडिया गठबंधन की सांकेतिक संसद पर राहुल गांधी को घेरा – Dainik Bhaskar

दिल्ली में इंडिया गठबंधन की ओर से लगाई गई सांकेतिक संसद को लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के अभिनय पर निशाना साधते हुए कहा कि अभिनय करने से कोई प्रधानमंत्री नहीं बन जाता।
दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन प्रयागराज में डिप्टी सीएम ने कहा कि भाषण देना और बयानबाजी करना अलग बात है, जबकि धरातल पर काम करके जनता का दिल जीतना बिल्कुल अलग है। जनता का दिल जीतने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के संगठन तंत्र ने किया है। जनता का फैसला है कि एक बार नहीं, बार-बार भाजपा सरकार चाहिए। तभी विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना पूरा होगा।
आजम पर बोले, गड़बड़ी नहीं करते तो कार्रवाई क्यों होती?
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के आजम खान के साथ हो रही कार्रवाई को लेकर दिए गए बयान पर केशव मौर्य ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चोरी और सीना जोरी दोनों नहीं चल सकती। अखिलेश यादव और आजम खान के बयान ऐसे हैं, जैसे सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। अगर कोई गड़बड़ी नहीं करेगा तो कार्रवाई क्यों होगी?
उन्होंने कहा कि आजम खान को इतने दिनों तक जेल में रहना पड़ा तो इसकी वजह अपराध था। जमानत मिलने के बाद कथित तौर पर वित्तीय गड़बड़ी और गलत तरीके से लेनदेन के प्रमाण मिलने पर ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया। ईडी अपनी जांच करेगी और आजम खान के वकील के रूप में अखिलेश यादव अपनी बात रखेंगे, लेकिन जांच सिर्फ आजम खान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आजम खान अखिलेश यादव की कैबिनेट में मंत्री थे। अगर उनके मंत्री ने इतना बड़ा घोटाला किया तो तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव क्या कर रहे थे?
भाजपा को हिंदू-मुस्लिम करने की जरूरत नहीं
कांग्रेस नेता इमरान मसूद के भाजपा पर हिंदू-मुस्लिम राजनीति करने और वर्ष 2027 में कांग्रेस-सपा गठबंधन की सरकार बनने के बयान पर भी डिप्टी सीएम ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हिंदू-मुस्लिम करने की कोई जरूरत नहीं है। पार्टी को सभी वर्गों का सहयोग और समर्थन मिल रहा है। सबका साथ, सबका विकास के साथ सभी लोग भाजपा को वोट दे रहे हैं। सरकार ऐसे ही नहीं बनती, जनता का समर्थन, आशीर्वाद और वोट मिलने से बनती है। भाजपा की सरकार बनी हुई है और आगे भी बनेगी।
रामलीला मैदान के कार्यक्रम को बताया फ्लॉप
31 अक्टूबर और एक नवंबर को विपक्ष की राजनीतिक गतिविधियों पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने कहा कि विपक्ष ने लोकतंत्र का मजाक उड़ाने की कोशिश की। एक नवंबर को रामलीला मैदान में हुए कार्यक्रम में जनता नहीं पहुंची। यह कार्यक्रम फ्लॉप हो गया। जनता ने विपक्ष को नकारते हुए संदेश दिया है कि उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार का तख्तापलट करने की बात करता है, लेकिन जनता ऐसे लोगों को ही पलट देगी।
मोदी-शाह के इस्तीफे की मांग पर भी पलटवार
राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग किए जाने संबंधी बयान पर डिप्टी सीएम ने कहा कि इस्तीफा मांगने और नकली प्रधानमंत्री बनने का अभिनय करने से कोई प्रधानमंत्री नहीं बन जाता। राहुल गांधी असली प्रधानमंत्री नहीं बन सकते और अखिलेश यादव असली मुख्यमंत्री नहीं बन सकते।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News