अमेरिका में शटडाउन का दूसरा दिन, ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी पर साधा निशाना – BBC

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो यह देख रहे हैं कि किन 'डेमोक्रेट एजेंसियों' को ख़त्म किया जा सकता है.
आनंद मणि त्रिपाठी, चंदन कुमार जजवाड़े
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ब्रिटेन: यहूदी आबादी वाले इलाके़ में हमले से दो लोगों की मौत, पीएम स्टार्मर ने बुलाई आपात बैठक
किसी के चेहरे की कॉपी करके आपत्तिजनक वीडियो बनाने का चलन, क्या इस क़ानून के ज़रिए किया जा सकता है बचाव
कोर्ट ने डॉक्टरों को अपनी लिखावट सुधारने को कहा, क्या है मामला
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका में संघीय सरकार का शटडाउन जारी है. इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो यह देख रहे हैं कि किन 'डेमोक्रेट एजेंसियों' को ख़त्म किया जा सकता है.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मुझे यकीन नहीं हो रहा कि कट्टरपंथी डेमोक्रेट्स ने मुझे यह ऐतिहासिक मौक़ा दिया."
अमेरिका में क़रीब सात साल बाद यह पहला सरकारी शटडाउन है. ट्रंप का कहना है कि रिपब्लिकन पार्टी को इसे अपने फ़ायदे के लिए इस्तेमाल करना चाहिए.
उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "रिपब्लिकन को डेमोक्रेट्स के थोपे गए इस शटडाउन का इस्तेमाल कर बेकार कर्मचारियों, बर्बादी और भ्रष्टाचार को ख़त्म करना चाहिए."
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बुधवार को कहा था कि सरकारी कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी 'नज़दीक' है. वहीं, संघीय कर्मचारियों ने बीबीसी से कहा कि उन्हें अपने भविष्य की चिंता है.
डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों ही एक-दूसरे को इस शटडाउन के लिए ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं. इसकी वजह से हज़ारों कर्मचारी बिना वेतन की छुट्टी पर भेजे गए हैं.
दरअसल, अमेरिका में सीनेट में सरकार के ख़र्चों को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी और इससे जुड़ा बिल पास नहीं हो पाया. इसके बाद अमेरिका में शटडाउन की स्थिति बन गई.
इमेज स्रोत, YT/ShivSena UBT
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है.
उद्धव ठाकरे ने अपने भाषण की शुरुआत शिवसेना के दो धड़े में बंटने से की और कहा, "जो चोरी हुआ वह पीतल था, मेरे पास सोना है."
उद्धव ठाकरे ने मराठवाड़ा क्षेत्र में सूखा घोषित न करने के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की आलोचना की.
सोनम वांगचुक की गिरफ़्तारी का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "सोनम वांगचुक एक सच्चे देशभक्त हैं. उन्होंने बहुत दुर्गम इलाके में न्याय के लिए आंदोलन शुरू किया था. लोकतंत्र में न्याय एक बुनियादी ज़रूरत है."
उद्धव ठाकरे ने मुंबई में विजयादशमी के मौके़ पर शिवाजी पार्क की रैली में ये बातें कही हैं.
इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी और अच्छे शासन के बीच कोई संबंध नहीं है. इसके अलावा ठाकरे ने मणिपुर का ज़िक्र करते हुए पीएम मोदी पर भी निशाना साधा.
भारत- पाकिस्तान के बीच एशिया कप ट्रॉफी को लेकर विवाद पर आज का कार्टून
इमेज स्रोत, Sheikh Shakeel
मध्य प्रदेश के खंडवा ज़िले में दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ है. यहां गुरुवार शाम को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटकर तालाब में गिर गई.
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस हादसे के बाद अब तक 11 शव निकाले जा चुके हैं.
इससे पहले पत्रकारों से बात करते हुए जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ओपी जुगताप ने कहा, "तालाब में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से अब तक लगभग 10 लोगों की मौत हुई है. गंभीर तौर पर घायल तीन लोगों को इलाज के लिए रेफ़र किया गया है."
"ट्रॉली में हादसे के समय 30 से 32 लोग सवार थे. अभी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है और हताहतों की संख्या बढ़ सकती है".
स्थानीय ख़बरों के मुताबिक़ मृतकों में आठ बच्चियां शामिल हैं. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे को "अत्यंत दुखद" बताया है.
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा: "खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं. शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं."
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के निकटतम परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि और घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
इमेज स्रोत, Sheikh Shakeel
खंडवा में कैसे हुए बड़ा हादसा?
खंडवा पुलिस के मुताबिक़ यह घटना खंडवा जिले के पंधाना इलाके के जामली गांव की है. यहां दशहरे की शाम देवी विसर्जन के लिए पाडल फाटा गांव के लोग पास के जामली गांव पहुंचे थे.
यहां नदी के ऊपर बने कच्चे पुल पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग पानी में जा गिरे.
गुरुवार शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना के बाद जेसीबी से रेस्क्यू शुरू किया गया और शाम 6 बजे तक 11 शव निकाले जा चुके थे. चश्मदीदों के मुताबिक़, ट्रैक्टर-ट्रॉली में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे.
इमेज स्रोत, Bastar police
छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर में पुलिस ने 103 संदिग्ध माओवादियों के आत्मसमर्पण का दावा किया है.
ज़िले के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर जितेंद्र कुमार यादव ने कहा है कि इन माओवादियों में से 49 पर कुल एक करोड़ छह लाख रुपये का इनाम था.
बस्तर के आईजी पुलिस सुंदरराज पी ने कहा, “पुनर्वास से पुनर्जीवन अभियान सिर्फ़ आत्मसमर्पण नहीं, बल्कि उस विचारधारा की हार है, जो बरसों तक हिंसा और भ्रम के सहारे टिकी रही. ऐसे कदम क्षेत्र में शांति और विकास को मजबूत करते हैं.”
उन्होंने दावा किया कि इस साल अब तक बस्तर में 970 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है.
अकेले बीजापुर जिले में इस साल 421 माओवादी गिरफ्तार हुए, 410 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया और जिले में अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 137 माओवादी मारे गए हैं.
छत्तीसगढ़ में पिछले 20 महीनों से माओवादियों के ख़िलाफ़ सघन अभियान चल रहा है.
देश के गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश से 31 मार्च 2026 तक माओवाद को ख़त्म करने की समय सीमा तय की है.
इमेज स्रोत, @rashtrapatibhvn
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दशहरे के मौक़े पर एक कार्यक्रम में, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को “आतंकवाद के रावण पर मानवता की जीत का प्रतीक” बताया है.
उन्होंने दिल्ली में लाल क़िले के मैदान में होने वाले रावण दहन कार्यक्रम में भाग लिया.
उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “जब आतंकवाद का दानव मानवता पर प्रहार करता है तब उसका दमन करना अनिवार्य हो जाता है.”
भारत ने इसी साल 7 मई की सुबह घोषणा की कि उसने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 लोगों की हत्या के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में नौ "आतंकवादी ठिकानों" पर हमले किए हैं.
भारत ने इस अभियान को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया.
हालांकि पाकिस्तान ने हमेशा पहलगाम हमलों में किसी भी तरह की भूमिका होने से इनकार किया है. उसने भारत के आरोपों को सिरे से खारिज किया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवा इसी महीने के अंत तक फिर से शुरू हो सकती है.
विदेश मंंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी है.
वहीं विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ इस साल की शुरुआत से ही भारत और चीन के बीच संबंधों को धीरे-धीरे सामान्य करने के लिए दोनों देशों के सिविल एविएशन अथॉरिटी के बीच तकनीकी स्तर पर बातचीत चल रही थी.
इस बातचीत का मक़सद भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवा फिर से शुरू करना और एक नए हवाई सेवा समझौते पर सहमति बनाना था.
इस मुद्दे पर चर्चा के बाद इस बात पर सहमति बनी है कि भारत और चीन के चुनिंदा शहरों को जोड़ने वाली सीधी हवाई सेवाएं अक्तूबर 2025 के अंत तक फिर से शुरू की जा सकती हैं.
विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ यह समझौता भारत और चीन के लोगों के बीच संपर्क को और बेहतर बनाएगा.
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत और वेस्ट इंडीज के बीच चल रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भारत की टीम ने दो विकेट के नुक़सान पर 121 रन बना लिए हैं. पहली पारी के आधार पर भारत अभी वेस्ट इंडीज़ से 41 रनों से पीछे है.
भारत की तरफ से ओपनर केएल राहुल ने अर्धशतक बना लिया है और वो 53 रन बनाकर नाबाद हैं. उनके साथ शुभमन गिल 18 रन बनाकर खेल रहे हैं.
इससे पहले यशस्वी जायसवाल 36 और साई सुदर्शन 7 रन बनाकर आउट हो गए.
भारत के ख़िलाफ़ दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में वेस्ट इंडीज़ की पहली पारी 162 रनों पर सिमट गई थी.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार को वेस्ट इंडीज़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
इसके बाद पूरी टीम 44 ओवर में ऑलआउट हो गई.
भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने चार और जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट चटकाए.
वेस्ट इंडीज़ की पारी में सबसे ज़्यादा 32 रन जस्टिन ग्रीवेस ने बनाए. वो तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह का शिकार बने.
इमेज स्रोत, @narendramodi
प्रधानमंत्री मोदी ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी श्रद्धांजलि दी है. इसके साथ ही उन्होंने विजय घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी है.
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में थोड़ी देर पहले इसकी तस्वीरें साझा की हैं.
पीएम मोदी ने लिखा, “आज सुबह राजघाट पर प्यारे बापू को श्रद्धांजलि दी. हमारी धरती को बेहतर बनाने का रास्ता दिखाने के लिए उनके विचार लगातार लाखों लोगों का मार्गदर्शन कर रहे हैं.”
इमेज स्रोत, @narendramodi
पीएम मोदी ने बताया है कि उन्होंने आज सुबह विजय घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित की.
उन्होंने कहा, "उन्हें (लाल बहादुर शास्त्री) भारत की प्रगति के लिए, उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए याद किया जाता है."
इमेज स्रोत, ANI
भारत की आज़ादी की लड़ाई में आरएसएस की भूमिका वाले पीएम मोदी के बयान पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रतिक्रिया दी है.
ओवैसी ने कहा है, " ये कहां से कहानी बना लेते हैं? मैं यह दावा सुनने के बाद परेशान था कि आरएसएस ने भारत की आज़ादी की लड़ाई में हिस्सा लिया. प्रधानमंत्री मोदी लंबे-लंबे भाषण देते हैं. मुझे पढ़ने की थोड़ी आदत है. मेरी जानकारी के अनुसार, आरएसएस के एक भी आदमी ने मुल्क की आज़ादी में जान नहीं गंवाई है, अगर है तो नाम बता दो उनका."
ओवैसी ने कहा, “आरएसएस के संस्थापक केबी हेडगेवार पहले कांग्रेस के सदस्य थे. चंद्रशेखर परमाणिक ने जो उनकी जीवनी लिखी है, उसमें ज़िक्र है कि हेडगेवार ने 1930 में दांडी मार्च में भाग लिया और जेल गए, लेकिन उनका मक़सद स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेना नहीं था, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों को आरएसएस से जोड़ना था.”
ओवैसी ने कहा, “आप उंगली काटकर शहीदों में शामिल नहीं हो सकते."
इमेज स्रोत, Sunil
उत्तर प्रदेश के संभल ज़िले में गुरुवार सुबह प्रशासन ने राया बुज़ुर्ग गांव में बने एक मैरिज हॉल को बुलडोजर से गिरा दिया है.
इस दौरान संभल के ज़िलाधिकारी (डीएम) राजेंद्र पेंसिया और एसपी केके बिश्नोई मौक़े पर मौजूद थे.
डीएम ने मीडिया से कहा, “ज़िले भर में अतिक्रमण के ख़िलाफ़ अभियान लगातार जारी है. यह तालाब की ज़मीन है जिस पर अवैध निर्माण हुआ था. इस मामले में तहसीलदार ने 30 दिन पहले आदेश जारी किया था. इसके ख़िलाफ़ कोई अपील नहीं की गई. आज उस आदेश के तहत कार्रवाई हो रही है.’’
इमेज स्रोत, Sunil
फ़िलहाल इलाक़े में 200 पुलिसकर्मी और पीएसी जवान तैनात किए गए हैं और ड्रोन से इसकी निगरानी की जा रही है.
प्रशासन का दावा है कि मैरिज हॉल से साथ ही इस जगह पर तालाब की ज़मीन पर मस्जिद भी बनाई गई है.
यह मैरिज हॉल क़रीब 30 हज़ार वर्ग फुट में फैला है, जबकि मस्जिद क़रीब 550 वर्ग फुट में है. प्रशासन ने दोनों को पूरी तरह गिराने का आदेश दिया है.
इससे पहले बुधवार को ही प्रशासन ने गांव में बैठक की थी और ग्रामीणों से अपील की गई थी कि वो बुलडोजर से होने वाली कार्रवाई के दौरान बेवजह घरों से बाहर न निकलें.
प्रशासन का कहना है कि 13 सितंबर को तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने दोनों निर्माणों पर लाल निशान लगाया था.
इमेज स्रोत, PA Media
ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक कार हमले में चार लोग घायल हो गए हैं. यह हमला एक यहूदी प्रार्थना स्थल के पास हुआ है.
इस हमले के संदिग्ध को पुलिस ने गोली मार दी है और ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहम ने बताया कि संदिग्ध हमलावर की मौत की ख़बरें आ रही हैं.
इस घटना की सूचना पुलिस को एक चश्मदीद ने दी. चश्मदीद ने देखा कि कार लोगों की भीड़ की तरफ जा रही है और इसने एक व्यक्ति को कुचल दिया है.
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने अपनी डेनमार्क यात्रा रद्द कर दी है और कोपेनहेगन से वापस लौट रहे हैं. स्टार्मर शाम को लंदन में इमरजेंसी मीटिंग करने वाले हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बात कर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है.
उन्होंने लिखा, “खड़गे जी से बात कर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली और उन्हें जल्द ठीक होने की शुभकामनाएं दीं. उनके लंबे जीवन और निरंतर स्वस्थ रहने की प्रार्थना करता हूं.”
खड़गे ने पीएम मोदी को इसके लिए धन्यवाद दिया है.
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को बेंगलुरु के एक हॉस्पिटल में भर्ती हुए थे.
उनके बेटे प्रियांक खड़गे ने बताया था कि मल्लिकार्जुन खड़गे को डॉक्टरों ने पेसमेकर लगवाने की सलाह दी थी, इसलिए वो पहले से तय योजना के मुताबिक़ हॉस्पिटल में भर्ती हुए थे.
इस बीच कांग्रेस ने भी अपने पार्टी अध्यक्ष के जल्द ठीक होने के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी का इसके लिए धन्यवाद भी किया.
इमेज स्रोत, Indonesia's National Search and Rescue Agency
इंडोनेशिया में बचावकर्मियों ने बताया है कि वहां के एक स्कूल के मलबे में अब "किसी के जीवित होने के संकेत नहीं" मिले हैं. इस हादसे में 59 लोग अब भी लापता हैं.
यहां सोमवार को जब सिदोआर्जो शहर में दो मंज़िला इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल की इमारत गिरी थी, उस वक़्त स्कूल में सैकड़ों छात्र मौजूद थे. इनमें से अधिकांश किशोर थे.
इस हादसे में अब तक 5 छात्रों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि क़रीब 100 छात्र घायल हैं.
मलबे से 13 लोगों को बाहर निकाला गया है, जिनमें से दो की बाद में मौत हो गई.
गुरुवार को राहत कार्य में लगी एजेंसी (बीएनबीपी) ने कहा है कि थर्मल ड्रोन को स्कूल के मलबे में किसी के जीवित होने के संकेत नहीं मिले हैं.
इमेज स्रोत, ANI
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान की नियत में खोट है. उन्होंने सर क्रीक सीमा को लेकर यह बयान दिया है.
राजनाथ सिंह ने कहा है, “आज़ादी के 78 साल बीत जाने के बावजूद सर क्रीक इलाक़े में सीमा को लेकर एक विवाद खड़ा किया जाता है. भारत ने कई बार बातचीत के रास्ते इसका समाधान करने का प्रयास किया है, मगर पाकिस्तान की नियत में खोट है.”
उन्होंने आगे कहा, "उसकी नियत साफ़ नहीं है. जिस तरह से हाल में पाकिस्तान की फ़ौज ने सर क्रीक के सटे इलाक़ों में अपना मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाया है, वह उसकी नियत बताता है."
राजनाथ सिंह ने कहा, “अगर सर क्रीक इलाक़े में कोई भी हिमाकत की गई तो उसे ऐसा क़रारा जवाब मिलेगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे.”
सर क्रीक विवाद
सर क्रीक मामले पर विवाद 1960 के दशक में शुरू हुआ था. इस विवाद को हल करने के लिए दोनों देशों के बीच कई बार बातचीत हो चुकी है.
सर क्रीक विवाद दरअसल 60 किलोमीटर लंबी दलदली ज़मीन का विवाद है जो भारतीय राज्य गुजरात और पाकिस्तान के राज्य सिंध के बीच स्थित है.
सर क्रीक पानी के कटाव के कारण बना है और यहाँ ज्वार भाटे के कारण यह तय नहीं होता कि कितने हिस्से में कब पानी रहेगा और कितने में नहीं.
दूसरे शब्दों में सर क्रीक दोनों देशों के बीच ऐसी सीमा है जो स्थिर नहीं है.
इस कारण दोनों देशों के मछुआरों के लिए भी कई बार मुसीबत बनी रहती है, जो ग़लती से सीमा का उल्लंघन कर बैठते हैं.
अब तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
चीन के इस वीज़ा का निशाना भारतीयों को क्यों बनाया जा रहा है?
मोहसिन नक़वी ने एशिया कप ट्रॉफ़ी भारत को सौंपने पर रखी ये शर्त
महात्मा गांधी और उनके सबसे बड़े बेटे हरिलाल के बीच क्यों थी इतनी दूरियाँ?
इमेज स्रोत, R.SATISH BABU/AFP via Getty Images
भारत के ख़िलाफ़ दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में वेस्ट इंडीज़ की पहली पारी 162 रनों पर सिमट गई.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार को वेस्ट इंडीज़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
इसके बाद पूरी टीम 44 ओवर में ऑलआउट हो गई.
इस पारी में भारत की धारदार गेंदबाज़ी के आगे वेस्ट इंडीज़ की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती नज़र आई.
मोहम्मद सिराज ने चार और जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट चटकाए.
इमेज स्रोत, Getty Images
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता डॉ. उदितराज ने कहा है, "काश पटेल जी कुछ दिन और जिंदा रहते तो न मोदी जी रहते और न ही आरएसएस रहता. ये खत्म हो जाता क्योंकि पटेल जी ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया था."
उन्होंने कहा, "नेहरू जी लिबरल थे इसलिए ये बच गए. दो नेशन की थ्योरी भी देने वाले यही हैं और 52 साल तक इन्होंने तिरंगा भी नहीं अपनाया."
डॉ. उदितराज ने कहा, "डॉ. आंबेडकर के जीते जी 12 दिसंबर 1949 को आरएसएस ने संविधान जलाया. गांधी जी की हत्या करने वाला गोडसे भी आरएसएस से था."
उन्होंने कहा, "इन्होंने आज़ादी के समय गद्दारी की, आज़ादी के बाद देश तोड़ने का काम किया. इन्होंने हमेशा हिंदू मुस्लिम, तोड़फोड़ और झगड़ा लगाना यही करते रहे. आज किस बात का पोस्टल और सिक्का जारी हो रहा है?"
इमेज स्रोत, Naseer Chaudhry
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर (पीएके) में चल रहे विरोध प्रदर्शनों ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया.
चम्याती इलाके में हुई झड़पों के दौरान तीन पुलिसकर्मी मारे गए और लगभग 150 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पीएके के प्रधानमंत्री चौधरी अनवारुल हक़ और संघीय मंत्री तारिक फज़ल चौधरी ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में घटना की पुष्टि की.
अनवारुल हक़ ने कहा, “हिंसा के ज़रिए कोई लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता. संघर्षों का समाधान हमेशा बातचीत के ज़रिए होता है.”
संघीय मंत्री तारिक फज़ल चौधरी ने बताया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उन्हें कमेटी नेताओं से बातचीत कर समाधान निकालने की ज़िम्मेदारी दी है. “हमने कमेटी की 90% मांगें मान ली हैं और आगे भी चर्चा के लिए तैयार हैं.”
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने क्या कहा?
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की स्थिति पर गहरी चिंता जताई है.
उन्होंने घटना की पारदर्शी जांच के आदेश दिए हैं और अधिकारियों को निर्देश दिया है कि विरोध प्रदर्शनों से प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए.
अपने बयान में प्रधानमंत्री शरीफ़ ने कहा, "शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन प्रदर्शनकारियों को सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित करने से बचना चाहिए."
इमेज स्रोत, Screen Grab
क्या हैं प्रदर्शनकारियों की मांगें?
हाल ही में सरकार और पीएसी के बीच हुई वार्ता विफल रही थी, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन तेज़ हो गए हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2025 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News