अमेरिका के जॉर्जिया में साइलेंट (हार्ट) अटैक से जान गंवाने वाले खैरथल-तिजारा जिले के जाट बहरोड़ गांव निवासी विपिन चौधरी (24) का शव पोस्टमार्टम के बाद अब भारत के लिए रवाना कर दिया गया है।मृतक का शव अमेरिका से अलवर 12 दिन बाद आ रहा है। शुक्रवार रात दिल
विपिन चौधरी पुत्र हवा सिंह जून 2024 में बेहतर भविष्य की उम्मीद में अमेरिका गया था। वह वहां एक शॉपिंग मॉल में बिलिंग का काम करता था। 29 दिसंबर की रात उसने परिवार से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी और पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा था। अगली सुबह 30 दिसंबर को जब वह नहीं उठा तो साथ रहने वाले दोस्त ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार शव को भारत लाने में इंडियन कम्युनिटी वेलफेयर फंड (भारत सरकार) की ओर से करीब साढ़े 7 लाख रुपये का खर्च वहन किया गया है। इस पूरी प्रक्रिया में इंडियन नॉर्थ अमेरिका एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम भंडारी की अहम भूमिका रही, जिनके सहयोग से शव को भारत भेजने की व्यवस्था संभव हो सकी।
विपिन ने अमेरिका जाने के लिए अपनी करीब डेढ़ बीघा पुश्तैनी जमीन बेच दी थी और 30 से 40 लाख रुपये खर्च किए थे। उसकी योजना थी कि दो-तीन साल कड़ी मेहनत कर ज्यादा से ज्यादा पैसा कमाकर घर लौटेगा, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।
शव के गांव पहुंचने की खबर मिलते ही जाट बहरोड़ सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक के माता-पिता और परिजन बेटे के अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.