Feedback
अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति और गंभीर हो गई है. राज्य के 28 में से 26 जिले इसकी चपेट में आ चुके हैं. राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के मुताबिक अब तक 1,03,167 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. इस आपदा में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं.
पिछले 24 घंटों में अपर सुबनसिरी, अपर सियांग, क्रा दादी, कमले और पापुम पारे जिलों में बाढ़ और भूस्खलन की नई घटनाएं सामने आई हैं. अपर सुबनसिरी में तीन बाढ़ और तीन भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि अपर सियांग में 15 भूस्खलन, सात बार भारी बारिश और चार बाढ़ की घटनाएं हुईं.
सबसे ज्यादा प्रभावित जिला अपर सियांग है, जहां 49,259 लोग प्रभावित हुए हैं. इसके बाद सियांग में 25,365, क्रा दादी में 13,731, ईस्ट कामेंग में 6,146, अपर सुबनसिरी में 3,467 और नामसाई में 2,657 लोग प्रभावित हैं.
राज्यभर में अब तक 622 मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. इनमें 454 कच्चे, 100 पक्के मकान, 44 झोपड़ियां और 24 अन्य ढांचे शामिल हैं. कई इलाकों में पुल, सड़कें, स्कूल, छात्रावास, सिंचाई परियोजनाएं, जलापूर्ति व्यवस्था और बाढ़ सुरक्षा ढांचे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.
बाढ़ का असर खेती पर भी पड़ा है. अब तक 561.75 हेक्टेयर क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है, जिसमें 224 हेक्टेयर कृषि भूमि और 337.75 हेक्टेयर बागवानी क्षेत्र शामिल है.
मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पापुम पारे जिले में 24 घंटे के दौरान 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने की आशंका है. शुक्रवार को ईस्ट कामेंग और पापुम पारे में बहुत भारी बारिश का अनुमान है. हालांकि शनिवार से मौसम में कुछ सुधार की संभावना है, लेकिन कुछ जिलों में भारी बारिश का खतरा बना रहेगा.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू