अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता नाइजीरिया के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को टप्पल व जट्टारी क्षेत्र में समूह के कार्यों का अध्ययन व अवलोकन किया। समूह के कार्यों व गुणवत्ता को देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की सराहना की। समूह के उत्पादों व उनके कार्यों को देखकर नाइजीरियाई प्रतिनिधि मंडल ने संतोष व्यक्त किया। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि विश्व के अनेक देशों में सरकारों द्वारा इस प्रकार का संस्थागत सहयोग देखने को नहीं मिलता, इसलिए भारत का यह मॉडल नाइजीरिया सहित अन्य विकासशील देशों के लिए भी अत्यंत उपयोगी और प्रेरणास्रोत है।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों की सफलता और ग्रामीण आजीविका के नवाचारों का अध्ययन करने के लिए नाइजीरिया का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को टप्पल विकासखंड पहुंचा। महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक भागीदारी और ग्रामीण आर्थिक सुदृढ़ीकरण को लेकर किए जा रहे कार्यों को देखा। प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की कार्यप्रणाली, सामुदायिक संस्थाओं की संरचना तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने भरतपुर एवं जट्टारी क्षेत्र का भ्रमण कर स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित बैग निर्माण इकाई, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट सहित अन्य आजीविका परियोजनाओं का निरीक्षण किया। ग्रामीण महिलाओं को मिल रहे रोजगार, स्वरोजगार, आयवृद्धि तथा आर्थिक सशक्तिकरण के मॉडल को निकट से समझा और इसे अत्यंत प्रभावी एवं अनुकरणीय बताया।
28 सदस्यों ने समूहों के कार्यों को देखा
प्रतिनिधिमंडल की सदस्य एवं नाइजीरिया की सुप्रीम मैनेजमेंट ट्रेनिंग एंड कंसल्टेंसी सर्विसेज की डिप्टी चीफ कंसल्टेंट एवं मुख्य परिचालन अधिकारी ओलुवातोयिन ओलोमो ने कहा कि भारत आगमन से लेकर अब तक उन्हें हर स्थान पर आत्मीय स्वागत और सहयोग प्राप्त हुआ है। भारत में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में जिस व्यापक स्तर पर कार्य हुआ है, वह अत्यंत प्रभावशाली है। उन्होंने कहा कि ऐसा सशक्त और परिणामकारी कार्य केवल दूरदर्शी एवं कुशल नेतृत्व में ही संभव है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नाइजीरिया के मानवीय कार्य एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री डॉ0 बर्नार्ड एम. डोरो ने किया। अध्ययन भ्रमण का समन्वयन डॉ0 रुचिरा भट्टाचार्य, सहायक प्रोफेसर एवं प्रमुख, एनआईआरडीपीआर दिल्ली शाखा द्वारा किया गया। नाइजीरिया की ओर से डॉ0 ओलुबिसी फासुयी समन्वयक, डॉ. ओलोटू जुआन दलनायक और इखिने राष्ट्रीय नकद अंतरण कार्यालय में परियोजना लेखाकार के रूप में प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की डिप्टी कमिश्नर डॉ0 मंजू त्रिवेदी, डीएमएम समीर शर्मा, मो. असलम मौजूद रहे।
नाइजीरिया के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में यह रहे मौजूद
उपायुक्त एनआरएलएम मंजू त्रिवेदी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के दलनायक डॉ. ओलोटू जुआन और इखिने राष्ट्रीय नकद अंतरण कार्यालय में परियोजना लेखाकार के रूप में प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे। दल में इब्राहिम अब्दुलकरीम ओज़ी, इखिने ओगिसेमेहोबो ह्यूबर्ट बालोगुन,मोडुपे पेशेंस ओशारोडे, मर्सी नेनेना इचा,क्वीन्सले इभाडे, एबोइगबोडिन, सेसिलिया ओलुवातोयिन ओलोमो, संडे उग्वू ओग्बुआन्या, जोसेफ ओन्येमेची ओडोएमेनम, आयशातु याश्उ, इस्माइला दल्हात उथमान, सानुसी बेल्लो, सुलेमान कपांगे हुसैनी, अमीनू मोहम्मद, अब्दुल्लाही अलीयू, अली माडू कागू, क्रिस्टियाना बारिनाडुम सिबोर, अदेगोके ओपेयेमी अडेलोये, इनोसेंट उदोसेन ओकुरे, ओनोची क्रिश्चियन ओबियाजुलु, हदीजा अब्दुलकादिर, अकिनतुंडे सैमसन ग्बादामोसी, दाहिरू उमर इब्राहिम, दंजुमा मोमोहसान्नी सुलेमान, ओलुबिसी ओलुफुंके फासुयी, मुक्तार गरबा, उमर मुहम्मद नकवाडा, इस्माइला रिबे अबूबकर ने अध्ययन व भ्रमण किया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 में टप्पल को राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल इमर्शन साइट के रूप में चयनित किए जाने के बाद से यह क्षेत्र आजीविका संवर्धन एवं स्वयं सहायता समूहों के सफल मॉडलों के अध्ययन का प्रमुख केंद्र बन गया है। बताया कि समय-समय पर भारत सरकार, नई दिल्ली, प्रधानमंत्री कार्यालय, विभिन्न केंद्रीय संस्थानों एवं एसआईआरडी हैदराबाद सहित अनेक राष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधिमंडल यहां पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन और सामुदायिक संस्थाओं के कार्यों का अवलोकन करते रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play