अशोक गहलोत बोले, 'मैंने कांग्रेस अध्यक्ष बनने से कभी मना नहीं किया, मेरे ख़िलाफ़ साज़िश हुई' – BBC

राजस्थान के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर ने अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
समाप्त
अरशद मिसाल, सुमंत सिंह
इमेज स्रोत, ANI
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि वो कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहते थे, उनके ख़िलाफ़ साज़िश हुई है.
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैं उस समय विधायक दल का नेता था. सोनिया गांधी ने बिना मांगे तीन बार मुझे मुख्यमंत्री का पद दिया. सोनिया गांधी अगर मुझे कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनातीं तो मैं मना करूंगा? मैं अनपढ़ नहीं हूं, मैं कभी मना नहीं करता. मुझे लगता है कि बड़ी साज़िश हुई. हिन्दुस्तान में लोग समझते हैं कि अशोक गहलोत जो हैं उन्हें मुख्यमंत्री रहना था, कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बनना था, इसलिए विद्रोह हुआ."
उन्होंने आगे कहा, "चाहे कोई मेरा करीबी ही क्यों न हो उसके दिमाग़ में भी यही बात है कि अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री रहना था इसलिए विद्रोह करवा दिया. अब मैं उनको कैसे समझाऊं, मैं आज समझा रहा हूं आपको. अगर अब भी कुछ भला हो जाए तो भला करना मेरा."
"आज मेरे पास सब कुछ है, मैं देश का एक बेहद संतुष्ट राजनेता हूं. अब मैं किसी पद के पीछे नहीं भाग रहा हूं."
उन्होंने कहा, "मैं विद्रोह नहीं चाहता था लेकिन उसके बाद भी ऐसी स्थिति बन गई तो मैं माफ़ी चाहता हूं."
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि सितंबर 2022 में राजस्थान कांग्रेस में हुई राजनीतिक घटनाएं पार्टी आलाकमान के ख़िलाफ़ कोई बग़ावत नहीं थीं, बल्कि सचिन पायलट के मुख्यमंत्री बनने की संभावना को लेकर पार्टी के भीतर का मतभेद था.
राजस्थान के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर ने अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "वो (अशोक गहलोत) सिर्फ़ सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान देते रहते हैं. एक तरफ़ तो वो लगातार सचिन पायलट के ख़िलाफ़ बयान देते हैं. कभी-कभी वो अपनी दोस्ती साबित करने की कोशिश भी करते हैं, लेकिन फ़ोटो खिंचवाने का मतलब यह नहीं है कि वो दिल से एक हैं. जब भी कोई मुद्दा उठता है और सचिन अपनी बात रखने की कोशिश करते हैं, तो वो तुरंत कोई नई बात छेड़ देते हैं या पुरानी बातें याद दिलाने लगते हैं."
"वो उन्हें एक बिगड़े हुए बच्चे की तरह दिखाने की कोशिश करते हैं. वो हमारे मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के ख़िलाफ़ बेबुनियाद बातें करते हैं. अगर अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहते हैं, तो कांग्रेस नेतृत्व ही इस पर फ़ैसला करेगा."
इमेज स्रोत, ANI
विपक्षी 'इंडिया’ गठबंधन की सोमवार को बैठक होने जा रही है. इस बैठक में आम आदमी पार्टी शामिल नहीं होगी.
जब आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह से इस बैठक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं है. तो इस पर प्रतिक्रिया देना सही नहीं है. बैठक में वो क्या रणनीति बनाते हैं, कैसे वो आगे बढ़ते हैं, ये वो बताएंगे."
वहीं आप की नेता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, "कांग्रेस जो भी अलायंस करता है उसका एक मक़सद ख़ुद को मज़बूत करना है. उसका मक़सद देश को मज़बूत करना नहीं है. कल भी हमने देखा कि वो किस तरह युवाओं के ख़िलाफ़ खड़े हो गए."
उन्होंने आगे कहा, "जो पार्टी देश के युवाओं के ख़िलाफ़ खड़ी हो, उसके साथ कोई कैसे खड़ा हो सकता है. हम लोग देश के युवाओं के साथ हैं. आपने देखा, तमिलनाडु में जो विधानसभा चुनाव हुए, एक दिन भी नहीं लगे अपने सहयोगी की पीठ में छूरा घोपने में."
प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि कांग्रेस बीजेपी को चुनौती देने में कामयाब नहीं हुई है और कांग्रेस से गठबंधन का कोई सवाल ही नहीं है.
इमेज स्रोत, ANI
रेसलर और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र जुलाना में महंगाई, गैस की बढ़ती क़ीमतों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कथित नाराज़गी पर बात की.
हाल ही में नई दिल्ली में एशियाई खेलों के लिए कुश्ती चयन ट्रायल में फोगाट ने हिस्सा लिया था जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.
जुलाना में उन्होंने कहा, "अगर राजनीति हमारे खेल को बर्बाद करने का ख़तरा पैदा करती है, तो हमें राजनीतिक क्षेत्र पर भी ध्यान देना होगा ताकि मैं अपने स्तर पर युवाओं के लिए कुछ कर सकूं."
घरेलू गैस सिलेंडर की क़ीमतों में बढ़ोतरी पर उन्होंने कहा, "गैस की क़ीमतें तीसरी बार बढ़ाई गई हैं और इनके और बढ़ने की संभावना है. राहुल गांधी पूरे देश के सामने यह बात रख रहे हैं. यह सभी को साफ़ दिख रहा है. महंगाई तो अभी शुरू हुई है. आने वाले समय में यह और बढ़ेगी. मुझे भी कभी-कभी गैस सिलेंडर लेने में मुश्किल होती है."
एसआईआर पर उन्होंने कहा, "हरियाणा में एसआईआर शुरू हो रहा है, इसमें फ़र्ज़ी वोटर्स को शामिल नहीं किया जाना चाहिए और असली वोटर्स को वोटिंग लिस्ट से बाहर नहीं करना चाहिए."
अपने विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नाराज़गी की ख़बरों पर उन्होंने कहा, "ऐसी कोई नाराज़गी नहीं है. यह एक परिवार है, अगर हमारे अपने परिवार में कोई नाराज़गी है, तो हम उसे आपस में ही सुलझा लेंगे. मैं सभी को साथ लेकर चल रही हूं और जानकारी दे रही हूं कि कांग्रेस पार्टी का जोश ऊंचा है."
उन्होंने कहा कि पार्टी का रुख़ साफ़ है, लोगों को पार्टी से जोड़ना है, न कि किसी एक व्यक्ति से.
इमेज स्रोत, Getty Images
बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर को भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है.
कप्तान बनने के बाद रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि कप्तान की ज़िम्मेदारी निभाना एक बड़ी चुनौती है.
उन्होंने कहा, "इस ज़िम्मेदारी के बाद मुझे अपनी पर्सनैलिटी बदलने की ज़रूरत नहीं है. मुझे पहले जैसा ही रहने की ज़रूरत है."
श्रेयस अय्यर ने कहा, "सच कहूं तो मुझे चुनौतियां पसंद हैं. ख़ासकर मुंबई में बड़ा होने के कारण, जहां क्रिकेट बहुत बड़ी चीज़ है और यहां कंपटीशन बहुत ज़्यादा है. सभी बच्चे मुंबई की ओर से क्रिकेट खेलना चाहते हैं. बड़ा होते हुए मैंने कई चुनौतियों का सामना किया है. मेरी सोच हमेशा जीतने वाली रही है."
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए टी-20 टीम का एलान किया. बोर्ड ने श्रेयस अय्यर को भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया है.
संबंधित ख़बर- श्रेयस अय्यर को क्यों चुना गया टी-20 टीम का कप्तान, क्या वैभव सूर्यवंशी तोड़ पाएंगे सचिन का रिकॉर्ड
इमेज स्रोत, Photo: Asif Ali
उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में दयारा बुग्याल ट्रैक के दौरान लापता हुईं 24 वर्षीय बबीता पांडे का एक हफ़्ते बाद भी पता नहीं चला है. युवती नैनीताल की रहने वाली हैं और अपने दो दोस्तों के साथ ट्रैकिंग पर गई थीं.
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, बबीता 29 मई की रात गोई बेस कैंप में अपने साथियों हरमनपाल सिंह और हरमनप्रीत सिंह के साथ रुकी थीं. दोनों युवकों का दावा है कि रात में वह टेंट से बाहर निकलीं और फिर वापस नहीं लौटीं.
31 मई को युवती के भाई की शिकायत पर मामले में एफ़आईआर दर्ज की गई. पुलिस ने दोनों साथियों से पूछताछ की है. हालांकि, पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार नहीं किया है.
लापता युवती की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, एनआईएम, राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीमें दयारा बुग्याल सहित आसपास के जंगलों, गहरी खाइयों, चट्टानों के बीच सभी संभावित स्थानों पर खोज अभियान चला रही हैं.
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, रविवार को उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी के हेलीकॉप्टर की मदद से पूरे दयारा ट्रैक क्षेत्र और आसपास के इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया गया.
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, कमलेश उपाध्याय अभियान की लगातार समीक्षा कर रही हैं. पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी, जनक सिंह पंवार मौके पर कैंप कर खोज एवं बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं.
इस बीच, ट्रैकिंग परमिट में कथित अनियमितताओं को लेकर संबंधित एजेंसी भी जांच के दायरे में है. परमिट दस्तावेज़ों में गड़बड़ी के आधार पर आगे की जांच पुलिस करेगी.
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है. भारतीय टीम ने रविवार को 564 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी थी.
इसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने पांच विकेट के नुक़सान पर 113 रन बनाए हैं.
भारत की ओर से मानव सुथार ने तीन विकेट और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए.
इस टेस्ट मैच में भारत मज़बूत स्थिति में नज़र आ रहा है.
यह टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है.
संबंधित ख़बर- वैभव सूर्यवंशी को अनदेखा कर पाना सेलेक्टर्स के लिए नामुमकिन क्यों था
इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली के मालवीय नगर इलाक़े में एक होटल में आग लगने के मामले में पुलिस ने दूसरे अभियुक्त केशव नेगी को गिरफ़्तार किया है. केशव नेगी नामक अभियुक्त उत्तराखंड के रहने वाले थे.
उनकी गिरफ़्तारी को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात की है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड के केशव नेगी की गिरफ्तारी के बारे में आज दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात हुई.”
उन्होंने आगे लिखा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी. पूरा विश्वास है कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाएंगी.”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि उन्होंने केशव नेगी की बेटी कनिष्का से भी बात की है और सभी तरह की मदद देना का आश्वासन दिया है.
संबंधित ख़बर- एग्ज़िट बंद थे और खिड़कियां सील… आग से 21 ज़िंदगियां लेने वाले इस होटल में थीं कई खामियां
इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल में राज्य सरकार ने मदरसों के सर्वे का आदेश दिया है.
इस पर पश्चिम बंगाल की महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि ये बहुत ज़रूरी है.
उन्होंने मीडिया से कहा, "यह बहुत आवश्यक और बेहद ज़रूरी है क्योंकि पिछले 34 सालों में हमने देखा है कि किस तरह रोहिंग्या और अवैध घुसपैठियों को प्रोत्साहित किया गया और पश्चिम बंगाल लाया गया."
उन्होंने आगे कहा, "हमने शाद अली जैसे आतंकियों को देखा है, जो एक अवैध मदरसे में रहते थे और वहीं शरण लेते थे. उसने तीन बार मतदान भी किया था. हमने उसका वोटर कार्ड देखा था."
मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने आगे कहा, "हम नहीं चाहते कि पश्चिम बंगाल इन अवैध मदरसों के माध्यम से आतंकियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बने. हम चाहते हैं कि हमारे मुस्लिम बच्चे भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास की इस यात्रा का हिस्सा बनें."
उन्होंने कहा कि वो वैध मदरसों में भी आधुनिक शिक्षा दिए जाने के पक्ष में हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
विपक्षी इंडिया गठबंधन की बैठक सोमवार को दिल्ली में होने वाली है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि 23 राजनीतिक दल इस बैठक में शामिल होंगे.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "23 राजनीतिक दलों ने सोमवार, 8 जून 2026 को दोपहर 12 बजे नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली ‘इंडिया’ जनबंधन की बैठक में भाग लेने की पुष्टि की है. कुछ दलों ने अपने-अपने कारणों से इस विशेष बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है."
उन्होंने आगे लिखा, "हालांकि बैठक में शामिल नहीं होने वाले दलों ने मोदी सरकार की उन नीतियों और कार्रवाइयों का कड़ा विरोध ज़ाहिर किया है, जो लाखों भारतीयों से उनका वोट देने का अधिकार छीन रही हैं, रोज़ संविधान पर हमला कर रही हैं. जांच एजेंसियों के ज़रिए विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही हैं, करोड़ों भारतीयों की रोज़ी-रोटी को गंभीर नुक़सान पहुंचा रही हैं."
जयराम रमेश ने कहा कि भारत की तरह ‘इंडिया’ गठबंधन अपनी विविधता के साथ एकजुट होकर खड़ा है.
इमेज स्रोत, ANI
इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो 8वीं भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग बैठक में भाग लेने के लिए भारत पहुंचे हैं.
इस दौरान दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो ने भारत-इंडोनेशिया संबंधों पर चर्चा की.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, “नई दिल्ली में आठवीं भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग बैठक के लिए आपका और आपके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए मुझे बहुत ख़ुशी हो रही है.”
“हमें पिछले महीने ही ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान मिलने का अवसर मिला था, और मैं फिर से भारत आने के लिए समय निकालने पर आपकी सराहना करता हूं.”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी संयुक्त आयोग बैठक चार सालों के बाद हो रही है और मेरा मानना है कि यह स्वीकार करना अहम है कि इन चार सालों में हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों में वास्तव में अच्छी प्रगति की है.”
एस. जयशंकर ने कहा, “हमने साल 2025 में अपने द्विपक्षीय संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरे होने का उत्सव मनाया. पिछले वर्ष हमें राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में स्वागत करने का सम्मान प्राप्त हुआ था.”
इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर बताया था, “दोनों मंत्री अपने देशों के बीच मज़बूत व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग को और अधिक गहरा एवं सुदृढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे.”
इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 'एक पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय किया' है.
उन्होंने रविवार को एक बार फिर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग की है.
अभिजीत दीपके ने एक्स पर लिखा, "धर्मेंद्र प्रधान ने एक पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय किया है. अगर अगले सात दिनों के भीतर उन्हें पद से नहीं हटाया गया या वह इस्तीफ़ा नहीं देते हैं, तो हमें ज़मीन पर अपना प्रदर्शन जारी रखने के लिए मजबूर होना पड़ेगा."
इसके अलावा उन्होंने रविवार को बाद में इंस्टाग्राम लाइव के ज़रिए लोगों से जुड़ने की भी बात कही.
संबंधित ख़बरें:
कॉकरोच जनता पार्टी ने सरकार को दिया सात दिन का समय, अभिजीत दीपके बोले- 'यह सिर्फ़ ट्रेलर था'
कॉकरोच जनता पार्टी की अंतरराष्ट्रीय मीडिया में कैसी चर्चा
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
कॉकरोच जनता पार्टी की अंतरराष्ट्रीय मीडिया में कैसी चर्चा
वैभव सूर्यवंशी को अनदेखा कर पाना सेलेक्टर्स के लिए नामुमकिन क्यों था
कॉकरोच जनता पार्टी क्या बड़े आंदोलन का रूप ले पाएगी, क्या कहते हैं विशेषज्ञ
घरेलू गैस के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी, कांग्रेस ने क्या कहा
'बर्फ़ चबाकर जिंदा रहा', ऑक्सीज़न ख़त्म होने के छह दिन बाद ज़िंदा मिले शेरपा की कहानी
इमेज स्रोत, ANI
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने फ़्रेंचाइज़ी को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि उनका सपना क्रिकेट के तीनों फ़ॉर्मेट में खेलना है.
उन्होंने यह भी कहा कि वह 'सिर्फ़ खेलने के लिए क्रिकेट नहीं खेलना चाहते, वह 10-20 साल क्रिकेट में डोमिनेट करना' चाहते हैं.
आईपीएल फ़्रेंचाइज़ राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को वैभव सूर्यवंशी का एक इंटरव्यू शेयर किया. इसमें वैभव ने भविष्य में क्रिकेट खेलने और अपने सपनों के बारे में बात की.
उन्होंने दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली के बारे में भी बात की.
इंटरव्यू के दौरान वैभव से टेस्ट क्रिकेट खेलने से जुड़ा सवाल किया गया.
उनसे पूछा गया, 'जिस तरीक़े से (सुनील) गावस्कर ने जब आपको बोला तो आपने दो बातें कहीं. उसके बारे में आप बताइए. आपने गावस्कर को आगे के गोल के बारे में रेड बॉल क्रिकेट पर बताया, उसके बारे में बताइए.'
इस पर वैभव ने जवाब दिया, "बहुत लोग ये सोचते हैं और उन्होंने भी बात की कि आगे रेड बॉल खेलना है कि नहीं खेलना. तो मैंने बस उसी का जवाब दिया कि मैं रेड बॉल से काफ़ी प्रैक्टिस कर चुका हूं और करता हूं. और अपने राज्य के लिए भी मैं काफ़ी रेड बॉल खेला हूं. मुझे रेड बॉल खेलना है क्योंकि मैं रेड बॉल की प्रैक्टिस करता हूं."
उन्होंने कहा, "ये फ़ॉर्मेट (टी20) में मैं इसलिए ऐसे बैटिंग करता हूं क्योंकि इस फ़ॉर्मेट की यही मांग है. रेड बॉल में जो नीड होगी मैं उस तरीक़े से अपनी बैटिंग में बदलाव करूंगा. वनडे में जो नीड होगी उस तरीक़े से बदलूंगा. मेरा सपना तो तीनों फ़ॉर्मेट खेलने का है."
वैभव से अपने सपने और भविष्य क्रिकेट को लेकर उनके आगे की योजनाओं के बारे में भी पूछा गया.
उनसे सवाल किया गया, "आपने जब स्टार्ट किया, बहुत सारे प्लान बनाए, सपने देखे और फिर एक-एक करके एचीवमेंट हासिल की. आगे क्या सोच रहे हैं?"
इस पर उन्होंने कहा, "मैंने सोचा है कि मैं अब जब क्रिकेट खेलूं, अगले 20 साल तक, या जितने दिन भी खेलूं, देश के लिए, किसी फ़्रेंचाइज़ी के लिए या किसी टीम के लिए खेलूं, इस तरीक़े से खेलूं कि जब लोग देखें और मैच के बारे में सोचें तो ऐसा बोलें कि एक प्लेयर जब भी खेलता था तो अकेला ही मैच ख़त्म कर देता था."
वैभव ने कहा, "वो डॉमिनेंस दिखना चाहिए, क्योंकि उसी चीज़ के लिए मैं मेहनत कर रहा हूं. सिर्फ़ ऐसा नहीं कि खेला और खेल ख़त्म. ऐसा खेलना है कि सिर्फ़ खेलना नहीं है, 10 साल, 20 साल तक डॉमिनेट करना है और अच्छा क्रिकेट खेलना है."
वैभव ने विराट कोहली के साथ हुई उनकी बातचीत की भी चर्चा की.
उन्होंने कहा, "जब उन्होंने (विराट कोहली) कंधे पर हाथ डाला, जब मुझसे बात कर रहे थे तो मुझे लग रहा था जैसे सपना हो. जिस तरीक़े से उन्होंने बात की, लगा ही नहीं कि वो विराट कोहली हैं. एक बड़े भाई की तरह उन्होंने मुझे समझाया, बताया कि मैं क्या अच्छा कर रहा हूं, क्या अच्छा करना चाहिए और किस चीज़ पर फ़ोकस करना चाहिए."
शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए टी-20 टीम का एलान हुआ है.
आईपीएल के 19वें सीज़न में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी-20 टीम में जगह मिली है.
इमेज स्रोत, Gailan Haji / Middle East Images / AFP via Getty Images
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा है कि मध्य-पूर्व में तैनात अमेरिकी सुरक्षा बलों ने रविवार को दो ईरानी ड्रोन गिराए हैं.
सेंटकॉम ने एक्स पर लिखा, "आज, मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी बलों ने ईरान के एकतरफ़ा हमला करने वाले दो ड्रोन गिराए. ये ड्रोन होर्मुज़ स्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात के लिए ख़तरा बन रहे थे."
अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम लागू है. दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाती हैं.
इससे पहले शनिवार को बहरीन और कुवैत पर ईरान की ओर से हमलों की ख़बरें आई थीं.
ईरान का कहना था कि ये हमले ईरानी रडार ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के जवाब में किए गए थे.
इमेज स्रोत, Getty Images
कोलकाता नगर निगम से मेयर फिरहाद हकीम के इस्तीफ़े के बाद बने हालात में आगे की रणनीति तय करने के लिए ममता बनर्जी ने रविवार शाम को अपने आवास पर तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों की बैठक बुलाई है.
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सूत्रों ने इसकी जानकारी दी.
टीएमसी के एक नेता ने बताया कि इस बैठक में मेयर पद के अगले उम्मीदवार का चयन किया जा सकता है. फ़िलहाल निगम में पार्टी के 136 पार्षद हैं. लेकिन राजनीतिक हलकों में इस बैठक में तमाम पार्षदों के शामिल होने पर आशंका जताई जा रही है.
हाल में पार्टी के 58 विधायकों ने बगावत कर दी है. हकीम ने बीते शुक्रवार को इस्तीफ़ा दिया था. फ़िलहाल पार्टी ने यह तय नहीं किया है कि वो मेयर पद के लिए किसी को चुनेगी या नहीं. इससे बैठक के एजेंडे पर कयास लगाए जा रहे हैं.
हकीम के इस्तीफ़े के बाद नगर निगम बोर्ड के भंग होने का ख़तरा भी पैदा हो गया है.
इसकी वजह राज्य सरकार की ओर से भेजा गया वह नोटिस है जिसमें कहा गया है कि मेयर के इस्तीफ़े के बाद नगर निगम बोर्ड को भंग क्यों न कर दिया जाए. निगम से तीन दिनों के भीतर इसका जवाब मांगा गया है.
ममता बनर्जी को सोमवार को इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए रविवार रात को ही दिल्ली जाना है. उससे पहले नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक में भावी रणनीति तय करने की योजना बनाई गई है.
तृणमूल कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि फिरहाद का उत्तराधिकारी बनने वाले नेता को काम करने के लिए मुश्किल से छह महीने का समय मिलेगा. दिसंबर में निगम के चुनाव होने हैं.
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों की गिरफ़्तारी का सिलसिला तेज़ हो रहा है.
शनिवार को पार्षद सौरव घोष के गिरफ़्तार होने के साथ ही यह संख्या बढ़कर सात हो गई है. इससे पहले बुधवार को पार्षद बाप्पादित्य दासगुप्ता को भी गिरफ़्तार कर लिया गया था.
इसके अलावा रविवार को सुबह ही जोड़ासांको के तृणमूल पार्षद जसीमुद्दीन के आवास पर भी पुलिस और केंद्रीय बल के जवान पहुंचे हैं. उनकी गिरफ़्तारी की भी आशंका जताई जा रही है.
इमेज स्रोत, IRNA
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की राजधानी तेहरान पहुंच गए हैं.
तेहरान पहुंचने के बाद मोहसिन नक़वी ने कहा है कि वे अपने देश के नेताओं की ओर से ईरान के सुप्रीम लीडर को एक विशेष पत्र सौंपने के लिए ईरान पहुंचे हैं.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, ईरानी समाचार एजेंसी तसनीम ने नक़वी की मीडिया से बातचीत का एक अंश जारी किया है.
मोहसिन नक़वी ने कहा, "मैं यहां फ़ील्ड मार्शल (आसिम मुनीर) की ओर से आयतुल्ला मोजतबा ख़ामेनेई को एक विशेष पत्र और प्रधानमंत्री (शहबाज़ शरीफ़) का संदेश देने आया हूं."
उनका कहना है कि वह मोजतबा ख़ामेनेई के लिए जो पत्र और संदेश लेकर आए हैं, वह 'वर्तमान स्थिति' के बारे में है.
बीते कुछ हफ़्तों में नक़वी का यह तीसरा ईरान दौरा है. उन्होंने शनिवार रात को अपने ईरानी समकक्ष इस्कंदर मोमेनी से मुलाक़ात की.
ईरान-अमेरिका वार्ता में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका में है.
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, मोहसिन नक़वी ने मई महीने में एक हफ़्ते के भीतर दो बार ईरान का दौरा किया था और इन यात्राओं के दौरान उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति, संसद के स्पीकर, विदेश मंत्री और गृह मंत्री से मुलाक़ात की थी.
इस बीच लेबनानी सेना के कमांडर रुडोल्फ़ हेकल पाकिस्तान दौरे पर हैं. लेबनानी सेना ने कहा कि यह यात्रा फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर के न्यौते पर हो रही है.
हालांकि, यह यात्रा किस मुद्दे पर हो रही है, इसकी जानकारी लेबनानी सेना ने नहीं दी है.
इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को हुए अपने प्रदर्शन को लेकर रविवार को एक बयान जारी किया है.
सीजेपी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की मांग दुहराते हुए कहा, "हमारी शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने के लिए धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए शांतिपूर्ण तरीक़े से कॉकरोचों ने अपनी ताक़त दिखाई."
"अगर हमारे भविष्य को ख़तरे में डालने वालों को जवाबदेह नहीं ठहराया गया, तो आगे क्या होने वाला है, यह उसका सिर्फ़ एक ट्रेलर था."
सीजेपी ने शनिवार को जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए प्रदर्शन किया.
इस प्रदर्शन का नेतृत्व सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया. दीपके शनिवार को ही अमेरिका से भारत लौटे थे.
कॉकरोच जनता पार्टी क्या बड़े आंदोलन का रूप ले पाएगी, क्या कहते हैं विशेषज्ञ
इमेज स्रोत, X/@DrSJaishankar
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाक़ात की है.
दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच यह बैठक शनिवार को हुई.
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के मुताबिक़, "हमारी विशिष्ट साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई. इसमें विकास सहयोग, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, विशेष रूप से जलविद्युत विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण, डिजिटल क्षेत्र, संस्कृति और खेल शामिल रहे."
इसके बाद दोनों नेताओं ने कुछ परियोजनाओं की भी शुरुआत की.
एस जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के साथ हुई बैठक के बाद, 2015 के भूकंप के बाद चलाए गए पुनर्निर्माण कार्यक्रम के तहत 72 स्वास्थ्य सुविधाएं और 12 सांस्कृतिक धरोहर परियोजनाएं वर्चुअल माध्यम से नेपाल को सौंपी गईं."
उन्होंने बताया, "भारत के यूपीआई और नेपाल के नेशनल पेमेंट्स इंटरफ़ेस के बीच कनेक्टिविटी की संयुक्त रूप से शुरुआत की गई, जिससे दोनों देशों के बीच क्रॉस-बॉर्डर पर्सनल रेमिटेंस को आसान बनाया जा सके."
शिशिर खनाल तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं. उनका दौरा आज यानी सात जून को समाप्त हो रहा है.
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने शनिवार को एक्स पर लिखा, "देश का जेन ज़ी और नौजवान मोदी सरकार से दुखी हैं. लेकिन आज जब हज़ारों युवा शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा मांगने जंतर-मंतर पहुँचे तो कांग्रेस ने इन युवाओं का बुरी तरह से मज़ाक उड़ाया."
उन्होंने कहा, "सीबीएसई, नीट, सीयूईटी जैसी तमाम परीक्षाओं को मोदी जी ने बर्बाद कर दिया, लेकिन कांग्रेस और उसके सिपहसलार इस बात से दुखी है कि देश का युवा कांग्रेस का झंडा उठाए बिना अपनी आवाज़ उठाने लगा है. इसलिए आज कांग्रेस नेता, इनके समर्थक ट्विटर नेता और समर्थक पत्रकार दिनभर इन युवाओं का मज़ाक उड़ाते रहे."
मनीष सिसोदिया ने कहा, "एक भी कांग्रेस नेता ने नहीं बोला कि वो इनकी माँग के साथ हैं."
कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को जंतर-मंतर में प्रदर्शन किया.
इस बीच यूथ कांग्रेस ने भी शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए प्रदर्शन किया.
इमेज स्रोत, Anuwar Hazarika/NurPhoto via Getty Images
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है कि 'कुछ लोगों' ने देश के युवाओं को 'एंटी इस्टेब्लिशमेंट यानी व्यवस्था-विरोधी' नाम दे दिया है.
उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश के युवाओं को 'नकारात्मक राजनीति' की ओर ले जाना चाहते हैं, लेकिन देश का युवा 'सकारात्मक राजनीति' करेगा.
नितिन नबीन का यह बयान शनिवार शाम को आया, जिस दिन 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हुआ था.
यह प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था में हो रही गड़बड़ियों के विरोध में था. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफ़े की मांग की है और सात दिन का अल्टिमेटम दिया है.
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की शुरुआत सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के विरोध में सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक कैंपेन के तौर पर हुई थी.
नितिन नबीन ने सीजेपी का नाम लिए बिना कहा, "डिज़िटल (सोशल मीडिया) का इस्तेमाल सकारात्मक रूप से हो सकता है, देश की युवा क्रांति को नकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए नहीं होगा."
नितिन नबीन ने क्या कुछ कहा?
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, "आज का युवा देश के निर्माण के लिए काम करना चाहता है, अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए काम करना चाहता है. लेकिन कुछ लोगों ने इस देश के युवाओं को एंटी इस्टेब्लिशमेंट नाम दे दिया है."
उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि देश का युवा इनोवेशन और क्रिएशन के लिए जाना जाए. एंटी इस्टेब्लिशमेंट शब्द कभी भारत के युवाओं के लिए नहीं हो सकता. भारत का युवा निर्माण करने के लिए जाना जाता है. भारत का युवा अनुशासन के साथ देश के निर्माण के लिए काम करेगा."
नितिन नबीन ने कहा, "जो लोग इस देश के युवाओं को नकारात्मक राजनीति के लिए ले जाना चाहते हैं, मैं उन्हें चेतावनी देता हूं कि भारत का युवा सकारात्मक राजनीति करेगा. हम लोकतंत्र के आधार पर निश्चित रूप से हर प्रकार का विरोध करेंगे लेकिन लोकतंत्र के मापदंड को ख़त्म नहीं करने देंगे."
सीजेपी और उसके विरोध प्रदर्शन का नाम लिए बग़ैर उन्होंने कहा, "कुछ लोग विदेश की ज़मीन पर बैठकर ये सोच लेते हैं कि वे भारत के युवाओं को दिशा दे देंगे… भारत का युवा दिल्ली में बैठकर चंद लोगों की कठपुतली नहीं बनने वाला है."
उन्होंने कहा, "आज देश के लोगों को बहुत बड़ा संदेश मिला है. डिजिटल का उपयोग सकारात्मक रूप से हो सकता है, देश और युवाओं के निर्माण के लिए हो सकता है, देश की युवा क्रांति को नकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए नहीं होगा. ऐसा कभी नहीं हो पाएगा."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News