असम के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य पुलिस में जल्द ही 15 हजार से 20 हजार युवाओं की भर्ती करने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि इस भर्ती से पुलिस बल और मजबूत होगा, साथ ही बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का मौका भी मिलेगा. मुख्यमंत्री ने ये ऐलान बुधवार को डेरगांव स्थित लाचित बोरफुकन पुलिस अकादमी में आयोजित पासिंग-आउट परेड के दौरान किया. इस कार्यक्रम में ट्रेनिंग पूरी करने वाले 32 डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) और 371 कांस्टेबल असम पुलिस में शामिल हुए.
सीएम हिमंत सरमा ने नए पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभानी चाहिए. उन्होंने पुलिसकर्मियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा और भरोसे को सबसे ऊपर रखने की अपील की. मुख्यमंत्री ने लाचित बोरफुकन पुलिस अकादमी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि यह अकादमी असम पुलिस के लिए लगातार प्रशिक्षित अधिकारी और जवान तैयार कर रही है. अब तक अकादमी से करीब 21 हजार पुलिस अधिकारी और जवान ट्रेनिंग ले चुके हैं.
हिमंत सरमा ने असम में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस ने अब तक करीब 3,253 करोड़ रुपये की कीमत के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं. इस अभियान के तहत 26,537 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा तस्करी, संगठित अपराध और दूसरी सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत पुलिस बल जरूरी है. इसी वजह से सरकार पुलिस में नई भर्ती के साथ-साथ जवानों की ट्रेनिंग और पुलिस के आधुनिकीकरण पर भी ध्यान दे रही है.
आने वाले समय में होने वाली 15 से 20 हजार युवाओं की भर्ती से असम के युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का बड़ा मौका मिल सकता है. हालांकि भर्ती के पद, आवेदन की तारीख और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी बाद में सामने आएगी. (आईएएनएस)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
इकराम मूल रूप से उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं मगर जन्म देश की राजधानी दिल्ली में हुआ. शुरुआती शिक्षा स्थानीय स्कूल में हुई. इसी के साथ ज्ञान हासिल करने … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED