मुंगेर के सफियाबाद स्थित हवाई अड्डा मैदान में आयोजित दो दिवसीय ‘अस्मिता खेलो इंडिया साइकिल लीग’ में नालंदा की बेटी सुहानी कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। 26 और 27 सितंबर को आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के 20 किलोमीटर मास स्टार्ट साइकिल रेस
130 प्रतिभागियों को पछाड़कर बनीं चैंपियन
प्रतियोगिता में बिहार के 19 जिलों से लगभग 230 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें अकेले नालंदा की 25 बालिका साइकिलिस्ट शामिल थी। प्रथम चरण की 20 किलोमीटर रेस में 19 जिलों की करीब 130 बच्चियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खराब मौसम और विषम परिस्थितियों की चुनौतियों को दरकिनार करते हुए सुहानी ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी और प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए पहले स्थान पर फिनिश लाइन पार की।
किसान की बेटी का हौसला बना मिसाल
चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मालबीघा गांव निवासी सुहानी एक बेहद साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता रामजतन प्रसाद खेती करते हैं, जबकि माता दौलती देवी गृहिणी हैं। तीन भाइयों और तीन बहनों के बड़े परिवार में पली-बढ़ी 18 वर्षीय सुहानी ने सीमित संसाधनों और अभावों के बीच कभी अपने सपनों से समझौता नहीं किया। खेल के प्रति उनकी लगन और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। इससे पूर्व भी वह ‘फर्स्ट गेम्स पटना’ में कांस्य और राज्य सीनियर प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी हैं।
खिलाड़ियों को मिला बेहतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन
नालंदा जिला साइक्लिंग एसोसिएशन की टीम संयुक्त सचिव रिंकू कुमारी के मार्गदर्शन में मुंगेर पहुंची थी। टीम के साथ कोच पुरुषोत्तम कुमार एवं एसोसिएशन के सचिव प्रमोद कुमार मौजूद रहे। वहीं, जिला इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष शोभा रानी, पीपी रूबी कुमारी एवं ऊषा प्रियंवदा ने जिले की सभी प्रतिभागी बच्चियों को जिले के नाम वाली विशेष जर्सी उपलब्ध कराकर उनका उत्साहवर्धन किया था, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊंचा रहा।
जिले में खुशी की लहर, बधाइयों का तांता
सुहानी की इस स्वर्णिम सफलता पर खेल प्रेमियों और खेल संगठनों में खासा उत्साह है। जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, कोच कुंदन कुमार पांडेय, सतनाम कबीर, साजन कुमार एवं रवि कुमार समेत कई पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है।
एसोसिएशन के सचिव प्रमोद कुमार ने कहा कि सुहानी की यह जीत नालंदा में साइकिलिंग खेल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने भरोसा जताया कि सुहानी आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का परचम लहराएंगी। वहीं सुहानी का कहना है कि उनका अगला लक्ष्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.