भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) काशीपुर में ‘हिंदी माह 2026’ का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर संस्थान के नए हिंदी माह वेबपेज और पुस्तक प्रदर्शनी का भी लोकार्पण हुआ।
कार्यक्रम में निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, डीन (अकादमिक्स) प्रो. के.एन. बधाणी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अजय कुमार उपाध्याय (सेवानिवृत्त) और पुस्तकालय प्रमुख व हिंदी अधिकारी डॉ. मोहम्मद आसिफ खान ने मिलकर दीप जलाया।
निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों से हिंदी माह की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने को कहा। उन्होंने बताया कि हिंदी को बढ़ावा देने का मतलब दूसरी भाषाओं का सम्मान कम करना नहीं है, बल्कि हिंदी को ज्ञान, शोध और बातचीत की मजबूत भाषा के तौर पर स्थापित करना है।
मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अजय कुमार उपाध्याय ने हिंदी के ज्यादा इस्तेमाल, डिजिटल तरक्की और वैश्विक स्वीकार्यता का जिक्र किया। उन्होंने हिंदी में सोचने, लिखने और बात करने की आदत डालने पर जोर दिया। वहीं डॉ. मोहम्मद आसिफ खान ने हिंदी को शोध, पढ़ाई और बातचीत की आधुनिक भाषा के रूप में विकसित करने की जरूरत बताई।
हिंदी माह के दौरान निबंध लेखन, कविता लेखन, सामान्य ज्ञान और आशु भाषण जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा साहित्य, प्रबंधन, विज्ञान और आधुनिक विषयों से जुड़ी किताबों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इस कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.