आजमगढ़ में खूनी खेल का अंत, पत्नी-पंडितों को गोली मारने वाला आरोपी अरविंद पुलिस मुठभेड़ में ढेर – Bharat24live

Rashmi Singh
Date: 23-09-26 08:38
Azamgarh Encounter: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पत्नी और दो पंडितों की गोली मारकर हत्या करने के बाद अपने ही बच्चों को बंधक बनाने वाले आरोपी अरविंद सिंह की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई. मंगलवार देर रात से पुलिस आरोपी को समझाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी. इसी दौरान कमरे के अंदर से फायरिंग होने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की. मुठभेड़ में आरोपी घायल हुआ और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. इस पूरी घटना में आरोपी के घायल बेटे ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया.
पूजा के दौरान पत्नी से हुआ विवाद
घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है. अरविंद सिंह जब अपने घर पहुंचा, उस समय उसकी पत्नी बबीता सिंह पूजा-पाठ कर रही थी. पूजा के लिए 60 वर्षीय महेंद्र पाठक और 50 वर्षीय अखिलेश मिश्रा भी घर पर मौजूद थे. बताया जा रहा है कि पत्नी को पूजा करते देखकर अरविंद गुस्सा हो गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.
विवाद बढ़ने के बाद अरविंद ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी बबीता सिंह को गोली मार दी. इसके बाद उसने वहां मौजूद दोनों पंडितों महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा पर भी फायरिंग कर दी. गोली लगने से तीनों की मौत हो गई.
हत्या के बाद तीनों बच्चों को कमरे में किया बंद
वारदात को अंजाम देने के बाद अरविंद ने घर में मौजूद अपने तीनों बच्चों को भी अपने कब्जे में ले लिया. वह बच्चों को लेकर एक कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. पुलिस ने आरोपी को बाहर आने और बच्चों को छोड़ने के लिए काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी भी बात के लिए तैयार नहीं हुआ.
एडीजी नवीन अरोड़ा के मुताबिक, पुलिस ने करीब सात घंटे तक आरोपी से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया. इसके बावजूद अरविंद बच्चों को बाहर भेजने के लिए राजी नहीं हुआ. हालात को देखते हुए पुलिस ने रातभर मौके पर तैनात रहकर आगे की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी.
कमरे के अंदर से हुई फायरिंग
पुलिस की तैयारी चल ही रही थी कि अचानक कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. इसके बाद पुलिस टीम ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत कार्रवाई की. पुलिस ने स्टन ग्रेनेड और टीयर गैस का इस्तेमाल किया और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया. एडीजी के अनुसार, पुलिस टीम के कमरे में दाखिल होते ही आरोपी ने जवानों पर भी लगातार चार से पांच राउंड फायर किए. उसके पास छह राउंड की रिवॉल्वर थी और उसने सभी गोलियां चला दीं. इसके बाद पुलिस टीम को भी जवाबी कार्रवाई में तीन से चार राउंड फायर करने पड़े.
बेटे को लगी थी गोली
पुलिस के कमरे में पहुंचने के समय आरोपी का बेटा पहले ही गोली लगने से घायल था. वहीं, आरोपी ने अपनी बड़ी बेटी को सामने करके खुद को पुलिस की कार्रवाई से बचाने की कोशिश की. इसी दौरान उसकी छोटी बेटी भी उसके हाथ से फिसलकर नीचे गिर गई.
पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी अरविंद सिंह घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई. वहीं, गोली लगने से घायल उसके बेटे को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और उसकी भी मौत हो गई. इस तरह आजमगढ़ की इस वारदात में आरोपी समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई.
ये भी पढ़ें- आजमगढ़ में पूजा के दौरान फायरिंग, पत्नी समेत 2 पंडितों की गोली लगने से मौत
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News