LIVE Updates: कल और आज का मौसम कैसा रहेगा की जानकारी (Kal aur Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega 19 july 2025 – UP, Bihar, Uttarakhand, Delhi-NCR): उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में सुबह मौसम साफ दिखा, लेकिन दोपहर के बाद बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। खासकर उत्तराखंड में IMD ने 20 और 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जैसे जिलों में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में भूस्खलन का खतरा है। SDRF और स्थानीय प्रशासन हाई अलर्ट पर हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, खासकर पहाड़ी और नदी किनारे वाले इलाकों में।
मैदानी इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला
बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर बाद कई हिस्सों में बारिश या बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन राज्यों में आंधी और बिजली गिरने का असर दिख सकता है, जिससे कुछ जगहों पर अचानक स्थिति बिगड़ सकती है। मध्य प्रदेश के दक्षिणी जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, अभी तक किसी भी राज्य में बाढ़ जैसी बड़ी स्थिति सामने नहीं आई है, लेकिन जलभराव और फसल नुकसान की आशंका बनी हुई है।
मंडी, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में बारिश से दिक्कतें
हिमाचल प्रदेश के मंडी, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण कई रास्ते बंद हो गए हैं और बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित हुई है। लोगों को पहाड़ी रास्तों से बचने की सलाह दी गई है। देश के अन्य हिस्सों में फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं बनी है, लेकिन मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
पढ़े देश के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम के मिजाज से जुड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स…
वाराणसी में लगातार बारिश से गंगा का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है। निचले इलाकों में जलभराव शुरू हो गया है। मिर्जापुर में भी गंगा में बाढ़ से परेशानी बढ़ी है। जिले में आज शाम और रात भारी बारिश के आसार है। कई इलाकों में जलभराव भी हो गया है।
प्रयागराज में गंगा‑यमुना काफी बढ़ गई हैं। संगम के निकट के मंदिर परिसरों और गांवों में पानी भर गया है, प्रशासन अलर्ट मोड में है और राहत शिविर तैयार हैं। कानपुर में भी बारिश जारी है। आज भी हल्के बादल छाए रहने और कहीं‑कहीं तेज पानी गिरने के आसार हैं।
शनिवार को बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ मैदानी इलाकों में उमस और गर्मी बनी रहेगी, लेकिन दोपहर बाद कुछ राहत की उम्मीद है।
UP Weather Forecaste LIVE: उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अधिकतर जिलों में भारी बारिश हो सकती है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 जुलाई यानी शनिवार को बुंदेलखंड के बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, महोबा, ललितपुर, झांसी और जालौन के साथ प्रयागराज, कानपुर, मथुरा, आगरा, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, औरैया, हाथरस, एटा, कानपुर, कानपुर देहात और फतेहपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश के बाद से मौसम सुहाना हो गया है। वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 जुलाई को भी मौसम बारिश वाला ही रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।
Bihar Weather Forecast LIVE: 19 जुलाई के बिहार के मौसम की बात करें तो बिहार में मानसूनी बारिश का दौर जारी रहेगा। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से करीब 20 से अधिक लोगों की मौत की खबर है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान गया, पटना, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, अररिया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और दरभंगा समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही मध्यम से लेकर तेज बारिश की संभावना भी है।
आज एक बार फिर गाजियाबाद में जमकर बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दिल्ली एनसीआर में आज दोपहर सवा दो बजे से साढ़े तीन बजे तक एक बार फिर बारिश देखने को मिली है। वहीं तेज हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया है और पारा गिरने के चलते लोगों को उमस भरी गर्मा से राहत मिली है।
भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के 09 जिलों के कुछ हिस्सों में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। भारी बारिश के चलते कई इलाकों में भूस्खलन हुआ है, जबकि कई क्षेत्रों में बाढ़ आई है। जानकारी के मुताबिक प्राकृतिक आपदाओं के चलते 1220 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
दिल्ली एनसीआर में आज सुबह तेज धूप निकली थी, लेकिन अब मौसम पलट चुका है। दिल्ली समेत गाजियाबाद, नोएडा, गुरग्राम के अलग-अलग क्षेत्रो में एक बार फिर से बारिश शुरू हो गई है।
यूपी में आज कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। बुंदेलखंड के झांसी, महोबा और ललितपुर में तेज बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन और हमीरपुर जैसे जिलों में भी भारी बारिश के आसार हैं।
हरियाणा के कई शहरों में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। राज्य के भिवानी, महेंद्रगढ़, जींद और चरखी दादरी में सुबह-सुबह बारिश हुई। यमुनानगर में भी हल्की बारिश हुई। गुरुवार शाम को नूंह जिले में अचानक अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
जम्मू-कश्मीर में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि 23 जुलाई तक मध्यम से बहुत तेज बारिश का दौर बना रहेगा। इस दौरान कई क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलेंगी।
हिमाचल प्रदेश के कई शहरों में अगले कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि 23 जुलाई तक राज्य में बारिश वाला माहौल बना रहेगा।
एमपी की राजधानी भोपाल और आसपास के शहरों में सुबह से दोपहर तक बादल छाए रहेंगे। कहीं‑कहीं हल्की बारिश हो सकती है। राज्य के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय है, खासकर राज्य के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों के लिए गरज‑चमक और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में आज सुबह कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या शॉवर हो सकता है। दोपहर और शाम तक आसमान अपेक्षाकृत साफ रहेगा, तापमान 32 °C तक पहुंच सकता है, लेकिन उमस बनी रहेगी। सप्ताहांत में मौसम में बदलाव दिखेगा; रविवार को धूप भी देखने को मिल सकती है।
आज पूरे बिहार में मौसम गर्म और उमस भरा बना रहेगा। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धूप के साथ बादल छाए रहेंगे, जबकि दोपहर बाद कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासकर उत्तरी और पूर्वी बिहार में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दक्षिणी और मध्य बिहार के इलाकों में उमस अधिक रहेगी और गर्मी थोड़ी परेशान कर सकती है।