आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: खबरों के लिहाज से आज का दिन अहम है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कैबिनेट की बड़ी बैठक बुलाई है, जिसमें बिजली के मुद्दे पर कैबिनेट की मुहर लगेगी। वहीं आज उत्तराखंड कैबिनेट की अहम बैठक होगी। इसमें योग नीति और महिला नीति के प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। वहीं आज दिल्ली में बिहार चुनाव को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के लिए खड़गे के घर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस और आरजेडी के बीच बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग पर बात हुई। बता दें कि बिहार कांग्रेस के नेता करीब 70-90 सीटों तक की मांग कर रहे हैं।
Weather Forecast LIVE Updates
दूसरी ओर हाल ही में अहमदबाद का कांग्रेस राष्ट्रीय अधिवेशन खत्म होने के बाद एक बार फिर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी गुजरात के दौरे पर होंगे। यहां वे अहमदाबाद में पर्यवेक्षकों की बैठक में हिस्सा लेंगे। बता दें कि आजादी के इतिहास में पहली बार केंद्र और राज्य के पर्यवेक्षक मिलकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तय करेंगे।
देश-विदेश की सभी अहम खबरों के लाइव अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहें जनसत्ता डॉट कॉम के लाइव ब्लॉग के साथ…
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर कांग्रेस के पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, “ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती हैं और राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मिलकर बिहार को बंगाल बनाना चाहते हैं। बिहार के हिंदुओं को यह फैसला लेना है कि वे ऐसा होते देखना चाहते हैं या नहीं।” मुर्शिदाबाद हिंसा पर उन्होंने कहा, “देश के हिंदू गंभीर खतरे में हैं और केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री को इस पर विचार करना चाहिए।”
बिहार विधानसभा चुनाव पर मुख्मयंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने कहा, “बिहार की जनता से अपील है कि वे 2010 से ज्यादा बहुमत JDU को दें. निसंदेह नीतीश कुमार मुख्मयंत्री बनेंगे.”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अहमदाबाद के कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वे अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान गुजरात में जिला इकाइयों को मजबूत करने की पार्टी की परियोजना का शुभारंभ करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने कहा, “आज तेजस्वी यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच हुई बैठक बहुत सफल रही। यह एक अच्छी शुरुआत है… हमारी राय है कि इस महीने के अंत तक INDIA गठबंधन के लोगों को बुलाया जाए और एक योजना के तहत पूरे बिहार में 38 जिलों में एकजुट होकर जनता के बीच जाएं और अपनी बात रखें… अगस्त तक हमारी पार्टी की योजना बिहार के जिलों में जाकर संगठन को मजबूत करने, समर्थकों की समस्याओं का समाधान करने की है। निश्चित रूप से NDA गठबंधन को हराने के लिए INDIA गठबंधन को मजबूत करना होगा और सभी छोटी पार्टियों को साथ लाना होगा। बिहार में लोग बदलाव के मूड में हैं। हमने देखा है कि दलित समुदाय NDA गठबंधन से नाराज है…”
मुर्शिदाबाद हिंसा मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी को बीरभूम से तो दूसरे को बांग्लादेश सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया है। इनके नाम कालू नदाब और दिलदार नदाब है। दोनों को पिता पुत्र की हत्या के आरोपी हैं।
मुर्शिदाबाद हिंसा पर परम शक्ति पीठ की संस्थापक साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं हिंदू समुदाय से आग्रह करूंगी कि वे एकजुट हों और जहां भी हिंदू पीड़ित हैं, उनके लिए खड़े हों। मैं सरकारों से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाने के लिए कहना चाहूंगी। हिंदुओं को जातियों और क्षेत्रों से ऊपर उठकर एकजुट होने की जरूरत है। हिंदुओं को यह समझने की जरूरत है कि उनका नेता किसका पक्षधर है।
केसरी चैप्टर 2: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ जलियांवाला बाग की स्क्रीनिंग में शामिल होने के बाद दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह एक अद्भुत फिल्म है। यह फिल्म हमारे स्वतंत्रता संग्राम के एक पहलू को सामने लाती है, जिसके बारे में लोगों ने सुना है लेकिन पूरी बात नहीं जानते हैं। अक्षय कुमार ने असाधारण रूप से अच्छा अभिनय किया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कुछ स्कूलों के बच्चों के अभिभावक लगातार मुझसे मिल रहे हैं और अपनी समस्याएं बता रहे हैं। यह तय है कि किसी भी स्कूल को किसी भी अभिभावक या बच्चे को परेशान करने, स्कूल से निकालने की धमकी देने या सामान्य फीस बढ़ाने का अधिकार नहीं है। इसके लिए नियम और कानून हैं, जिनका पालन करना बहुत जरूरी है। अगर कोई स्कूल इसका उल्लंघन करता पाया गया तो उसे इसके परिणाम भुगतने होंगे। हमने उन सभी स्कूलों को नोटिस जारी किया है जिनके खिलाफ हमें शिकायतें मिल रही हैं।
पश्चिम बंगाल में हिंसा को लेकर बीजेपी सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा कि सभी सीमावर्ती क्षेत्रों की जनसांख्यिकी बदल गई है। जो लोग भारत छोड़कर चले गए और इसे ‘नापाक’ कहा, टीएमसी अपने वोट बैंक के लिए उनका स्वागत कर रही है। पश्चिम बंगाल में रोहिंग्याओं का स्वागत किया जा रहा है। बांग्लादेशी प्रवासियों के आने से जिहादी विचार भी राज्य में पहुंच गए हैं। टीएमसी के एक मंत्री खुलेआम राज्य में हो रही घटनाओं को सही ठहरा रहे हैं।
उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर बड़ा हमला बोला और कहा कि हिंदू केवल राज्य के भीतर ही पलायन कर रहे हैं। सभी सीमावर्ती जिलों में स्थिति समान रूप से चिंताजनक है और राज्य के अंदरूनी इलाकों में थोड़ी कम है, फिर भी ऐसी समस्या पूरे राज्य में मौजूद है। हम अभी जहां बैठे हैं, यह जगह 1946 में खून से लथपथ थी। कोलकाता में बड़ा नरसंहार यहीं से शुरू हुआ था। ममता बनर्जी की सरकार हमें उस समय में वापस ले गई है।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव दिल्ली के दौरे पर हैं। वे सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आधिकारिक आवास पहुंचे। यहां उनकी कांग्रेस अध्यक्ष के अलावा लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात होगी। आरजेडी और कांग्रेस के इन नेताओं का मुलाकात का एजेंडा बिहार विधानसभा चुनाव है जिसमें सीट शेयरिंग और गठबंधन की भूमिका को लेकर चर्चा हो सकती है।
वायनाड से लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा को बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने उन्हें शिकोहपुर जमीन मामले में पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है।
एक संयुक्त ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना की रोमियो फोर्स ने सुरनकोट के लसाना इलाके में जंगल की घेराबंदी की और तलाशी ऑपरेशन चल रहा है, और आतंकियों को पकड़ने या उन्हें न्यूट्रलाइज करने की तैयारी है।
दिल्ली में DTC के संविदा कर्मियों का वेतन बढ़ सकता है। कर्मचारी एकता यूनियन मांगों को लेकर कई बार प्रदर्शन कर चुकी है। करीब 25000 संविदा कर्मचारियों के वेतन में इजाफा होने की बात कही जा रही है।
एल साल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले के साथ बैठक के दौरान व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि तीन लोगों की वजह से लाखों लोग मारे गए हैं, जिसमें पुतिन नंबर वन, दूसरे पर जो बाइडेन हैं, जिन्हें पता ही नहीं था कि वे क्या कर रहे हैं। तीसरे नंबर पर जेंलेंस्की हैं। मैं बस इतना ही कर सकता हूं कि इसे रोकने की कोशिश करूं। मैं हत्या को रोकना चाहता हूं, मुझे लगता है कि हम इस मामले में अच्छा कर रहे हैं।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव मंगलवार सुबह 11 बजे दिल्ली पहुंचेंगे और इसके बाद वह सीधे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जून खड़गे के आधिकारिक आवास पर जाकर खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के अहम मसलों में चुनाव से पहले की रणनीति और साथ चुनाव लड़ने पर उठ रही धुंध छांटने की कोशिश होगी।