आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज़ 11 दिसंबर 2024 LIVE: पंजाब के कई जिलों में NIA ने मारी रेड, ड्रग्स स्मगलिंग से जुड़ा है मामला – Jansatta

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: आज संसद के शीतकालीन सत्र का अहम दिन है, जहां एक बार फिर अडानी से लेकर जॉर्ज सोरोस तक के मुद्दे पर, सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामा देखने को मिल सकता है। सबसे अहम यह होगा कि क्या आज संसद की कार्यवाही जारी रह पाती है या नहीं। इसके अलावा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2024 के प्रतिभागियों से बातचीत करेंगे। इस कार्यक्रम में देश भर के 51 नोडल केंद्रों पर SIH 2024 के ग्रैंड फिनाले में 1300 से अधिक छात्रों की टीमें शामिल होंगी।
आज बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर विदेश मंत्रालय के आधिकारी संसद की समिति के सामने पेश होंगे और इस मामले में विस्तृत जानकारी देंगे। इसके अलावा आज वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर संसद की संयुक्त समिति की अहम बैठक होने वाली है, जिसमें धार्मिक संगठन दारूल उलूम देवबंद के सदस्यों को जेपीसी में बुलाया जाएगा। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही से लेकर सीरिया में जारी तनाव पर आज सभी की नजर रहने वाली है।
देश विदेश की अन्य खबरों के लिए जुड़े रहें जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
संसद परिसर में कांग्रेस सांसदों ने आज अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है, जिसमें उन्होंने एनडीए सांसदों को गुलाब का फूल और तिरंगा दिया है।

AAP संयोजक और दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ होने वाले गठबंधन की खबरों को विराम लगा दिया है। केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए स्पष्ट कर दिया है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी अकेले चुनावी मैदान में उतरने वाली है। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने पंजाब के कई शहरों में आज सुबह-सुबह ताबड़तोड़ छापेमारी की है। इनमें बठिंडा, मुक्तसर साहिब, मानसा जिले शामिल हैं। NIA नशा तस्करों को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। NIA ने मुक्तसर साहिब में अमनदीप नाम के शख्स के घर पर भी रेड मारी है, जो कि पंजाब की ही नाभा जेल में बंद है।
मुंबई के ग्रांट रोड के सिल्वर थिएटर में भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों ने बड़ी सक्रियता से काम किया और आग पर काबू पा लिया। इस घटना में फिलहाल, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

कनाडा में हिंदू समुदाय के लोगों ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हालिया हमले के विरोध में टोरंटो में बांग्लादेश वाणिज्य दूतावास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बीते दिनों भारत के दबाव के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मुहम्मद यूनुस ने पहली बार स्वीकार किया था, कि देश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार हुए हैं।
बेंगलुरु में अतुल सुभाष आत्महत्या मामले में मराठाहल्ली पुलिस ने अतुल के भाई विकास कुमार की शिकायत पर अतुल की पत्नी निकिता सिंघानिया समेत 4 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। निकिता सिंघानिया, उनकी मां निशा सिंघानिया, भाई अनुराग सिंघानिया और चाचा सुशील सिंघानिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मराठाहल्ली पुलिस द्वारा जांच जारी है। अतुल ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि इन सभी ने उन्हें और उनके माता-पिता को कानून का गलत फायदा उठाकर लंबे वक्त तक प्रताड़ित किया, जिसके चलते ही उन्हें आत्म हत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

हैदराबाद में मीडिया पर हमले के मामले में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार मोहन बाबू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मोहन बाबू के खिलाफ धारा 118 बीएनएस के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं।
संकटग्रस्त सीरिया से आज 75 भारतीय नागरिकों को बाहर निकाल लिया गया है। सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित रूप से लेबनान पहुंच गए हैं। वहां मौजूद फ्लाइट्स की मदद से वो अब भारत सुरक्षित लौट सकेंगे। दमिश्क और बेरूत में भारतीय दूतावास, दोनों के एकसाथ प्रयास के कारण भारतीयों को बाहर निकाला गया।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News