आज की ताजा खबर, Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: खबरों के लिहाज से आज का दिन अहम है क्योंकि आज से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) दो दिन के पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। अपने दौरे में आज उन्होंने कोलकाता में केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के नए भवन का उद्घाटन किया है। इसके अलावा अमित शाह कोलकाता में विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन (Amit Shah Bengal Rally) में कार्यकर्ताओं से संवाद भी हो रहा है। यहां उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में ही सीएम ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोलना शुरू कर दिया है।
Breaking News LIVE Updates | Weather Forecast LIVE Updates
वहीं आज उत्तर प्रदेश के आगरा में अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आज विशाल सम्मेलन होगा। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ ही उपाध्यक्ष जगदीप धनखड़ और हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ऑपरेशन सिंदूर को लेकर ‘जय हिंद रैली’ का आयोजन करने जा रही है, जो कि हल्दानी से शुरू होगी। इसमें राज्य कांग्रेस के कई बड़े दिग्गज नेता शामिल हो सकते हैं।
Breaking News LIVE: देश विदेश से संबंधित अन्य सभी खबरों के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए जुड़े जनसत्ता डॉट कॉम के लाइव ब्लॉग के साथ…
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक अब्बास अंसारी को विधानसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। यह फैसला मऊ की MP/MLA कोर्ट द्वारा कल भड़काऊ भाषण देने के मामले में दो साल की सजा सुनाए जाने के बाद आया है।
CDS जनरल अनिल चौहान द्वारा सिंगापुर में दिए गए इंटरव्यू पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कल विदेशी धरती पर CDS का बड़ा इंटरव्यू हुआ, जिसमें उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ी कई बातें भी कहीं। जिस तरह से उन्होंने कहा, जब युद्ध होता है, तो विमान भी गिरते हैं। यह महत्वपूर्ण नहीं है, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि हम इससे क्या सीखते हैं। यह एक सैनिक का संदेश है, और उनका बयान मोदी सरकार के मंत्रियों द्वारा दिए गए बयानों से मेल नहीं खाता। सरकार इस मामले में लगातार देश को गुमराह कर रही है। हम भारतीय सेना के साथ खड़े हैं और उनकी बहादुरी को सलाम करते हैं।
केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई ने भारतीय राजस्व सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी अमित कुमार सिंघल को गिरफ्तार किया है। अमित वर्तमान में नई दिल्ली स्थित करदाता सेवा निदेशालय में अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) के रूप में तैनात हैं। साथ में हर्ष कोटक नाम के एक अन्य शख्स को भी गिरफ्तार किया गया है। इन पर एक शिकायतकर्ता से मांगी गई कुल 45 लाख रुपये की रिश्वत के हिस्से के रूप में 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने का आरोप है।
बीजेपी ने केरल के नीलांबुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए एडवोकेट मोहन जॉर्ज को पार्टी उम्मीदवार घोषित किया है। वोटिंग 19 जून को होगी जबकि मतों की गिनती 23 जून को होगी।
गुरुग्राम में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ मैराथन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कड़ा कदम लिया है। पाकिस्तान की सरजमीं पर हमारे सैनिकों ने आतंकवाद को नेस्तनाबूद करने का काम किया है. पूरा देश तिरंगा लेकर दौड़ा है। पिछले दिनों हमने नशे के खिलाफ एक यात्रा निकाली, हरियाणा का युवा एकजुट हो होकर उसमें शामिल हुआ। हरियाणा में हम 13 अप्रैल 2024 से चुनावी मूड में है. इससे पैसे की बर्बादी होती है विकास की गति रुकती है। विकसित राष्ट्र के लिए एक देश एक चुनाव कड़ी भूमिका अदा करेगा।
पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार कश्मीरी पीड़ितों की वार्षिक खीर भवानी यात्रा जम्मू से कश्मीर को रवाना हुई है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में मामूली कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने 17 वर्षीय एक लड़के के पैर में चाकू घोंप दिया है। उन्होंने बताया कि शाम करीब 7 बजे मंगोलपुरी पुलिस को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल से चाकू घोंपने के बाद घायल हुए एक लड़के के भर्ती होने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि मंगोलपुरी निवासी घायल युवक को डॉक्टरों ने बयान के लिए फिट घोषित कर दिया है और बाद में उसने पुलिस को बताया कि हमला शाम करीब 5.30 बजे हुआ, जब वह अवंतिका मार्केट से लौट रहा था।
ऑपरेशन सिंदूर के प्रतिनिधिमंडल में लाइबेरिया गए शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा, “भारतीय प्रतिनिधिमंडल लाइबेरिया पहुंच चुका है। मैं गर्मजोशी से स्वागत के लिए लाइबेरिया सरकार का बहुत आभारी हूं। लाइबेरिया के भारत के साथ काफी समय से बहुत अच्छे द्विपक्षीय संबंध हैं और हम एक-दूसरे के लिए विशेष स्थान रखते हैं। शांति का यह संदेश, आतंकवाद के खिलाफ शून्य सहनशीलता का यह संदेश, हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश और 1.4 अरब भारतीयों का संदेश लाइबेरिया में सबसे अच्छी तरह से सराहा जाएगा।
बिहार में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भारत पाकिस्तान तनाव और सीजफायर पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैंने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर का बयान पढ़ा, जो एक शिक्षित और समझदार व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि सीजफायर पाकिस्तान की पहल पर किया गया था। उन्होंने कहा, “मैं सोच रहा हूं कि अगर पाकिस्तान सीजफायर चाहता था, तो इसका मतलब है कि सेना सही काम कर रही है। हम पाकिस्तान को हरा रहे थे, तो अगर पाकिस्तान सीजफायर चाहता था, तो हम क्यों राजी हुए?”
प्रशांत किशोर ने कहा कि सेना को इसे दो दिन और चलने देना चाहिए था। अगर पाकिस्तान सीजफायर नहीं चाहता था, तो वह जो दावा कर रहा है, वह गलत है। जब पाकिस्तान बैकफुट पर था और आपसे सीजफायर की भीख मांग रहा था, तो आपने सीजफायर क्यों किया? यह आपके सामने है, वह जो कह रहा है, वह गलत है।