Rashmi Singh
Date: 15-10-26 11:34
Koffee With Karan 9: बॉलीवुड में सलमान खान और करिश्मा कपूर की दोस्ती काफी पुरानी है. दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया और पर्दे पर उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. अब करण जौहर के चर्चित शो ‘कॉफी विद करण 9’ में दोनों की दोस्ती, पुरानी यादों और मजेदार किस्सों ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं. शो के पहले एपिसोड में सलमान और करिश्मा ने साथ बिताए पलों को याद किया. इस दौरान सलमान ने करिश्मा के साथ अपने रिश्ते को लेकर ऐसा मजाक किया कि बातचीत का माहौल ही बदल गया.
करिश्मा कपूर के साथ अफेयर पर सलमान ने ली चुटकी
शो में बातचीत के दौरान करिश्मा कपूर ने बताया कि उन्होंने सलमान खान के साथ करीब 11 फिल्मों में काम किया है. दोनों लगातार फिल्मों की शूटिंग करते थे और कई बार एक साथ दो फिल्मों पर काम चल रहा होता था. फिल्मों के अलावा दोनों साथ में शोज भी करते थे. करिश्मा के मुताबिक, उनका काम इतना ज्यादा रहता था कि दोनों के बैग हमेशा तैयार रहते थे.
इसी दौरान करण जौहर ने करिश्मा की एक पुरानी बात का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि करिश्मा का मानना था कि जब इंडस्ट्री में दो कलाकार लगातार साथ काम करते हैं और उनके बीच अच्छी दोस्ती होती है, तो लोग उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगाने लगते हैं. करिश्मा ने कहा कि उन्हें अपनी और सलमान की दोस्ती पर गर्व है, क्योंकि दोनों के बीच गहरी दोस्ती रही है.
करिश्मा की इस बात पर सलमान खान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह झूठ बोल रही हैं और दोनों का अफेयर था. सलमान की बात सुनकर करिश्मा हैरान रह गईं. उन्होंने कहा कि सलमान हमेशा उनके साथ ऐसा ही करते हैं और सिर्फ लोगों को कंटेंट दे रहे हैं.
‘इन्होंने मुझे छोड़कर शादी कर ली’- सलमान खान
सलमान खान यहीं नहीं रुके. उन्होंने करिश्मा के साथ अफेयर की बात को आगे बढ़ाते हुए मजाक में कहा कि दोनों का रिश्ता था, लेकिन फिर करिश्मा ने उन्हें छोड़ दिया और शादी कर ली. सलमान ने यह भी कहा कि इससे उनका दिल टूट गया था. उनकी इस बात पर करिश्मा ने उन्हें चुप रहने को कहा और बताया कि वह हमेशा उनके साथ इसी तरह मजाक करते हैं.
दोनों की इस नोकझोंक ने शो में हल्का-फुल्का माहौल बना दिया. सलमान और करिश्मा की पुरानी दोस्ती और एक-दूसरे के साथ सहजता बातचीत में साफ नजर आई. हालांकि, सलमान की ये बातें मजाक के अंदाज में कही गई थीं और दोनों ने अपनी दोस्ती से जुड़े कई पुराने किस्से भी साझा किए.
ऐसे शुरू हुई थी सलमान और करिश्मा की दोस्ती
करिश्मा कपूर ने शो में सलमान खान के साथ अपनी पहली मुलाकात का किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि जब फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ रिलीज हुई थी, तब सलमान को लेकर काफी क्रेज था. उस समय करिश्मा करीब 16 साल की थीं और सरोज खान के यहां डांस सीखने जाती थीं. वहीं सलमान खान फिल्म ‘बागी’ के लिए रिहर्सल कर रहे थे.
करिश्मा के मुताबिक, एक दिन जब वह वहां से निकल रही थीं, तो सलमान ने उनसे पूछा कि क्या वह डब्बू अंकल की बेटी हैं. सलमान ने उनकी मेहनत की तारीफ भी की और उन्हें चॉकलेट दी. करिश्मा ने बताया कि इसी मुलाकात के बाद दोनों की दोस्ती की शुरुआत हुई. उन्होंने यह भी कहा कि सलमान को चॉकलेट बहुत पसंद है और वह नाश्ते में भी चॉकलेट खा लिया करते थे.
जब सलमान को पसंद नहीं आई करिश्मा की ड्रेस
शो में करिश्मा कपूर ने फिल्म ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ की शूटिंग से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि फिल्म के एक गाने के लिए उन्होंने शॉर्ट ड्रेस पहनी थी, लेकिन सलमान खान को उनका यह आउटफिट पसंद नहीं आया. इसके बाद करिश्मा ने निर्देशक डेविड धवन से शिकायत की कि सलमान उन्हें वह ड्रेस पहनने नहीं दे रहे हैं.
इस पर सलमान ने अपनी तरफ से सफाई देते हुए कहा कि ड्रेस काफी छोटी थी और बार-बार ऊपर खिसक रही थी. इसलिए उन्हें करिश्मा को बार-बार उसे ठीक करने के लिए कहना पड़ रहा था. दोनों के इस पुराने किस्से ने शो में मौजूद बातचीत को और मजेदार बना दिया. सलमान और करिश्मा की यह बातचीत उनकी फिल्मों के दिनों की यादों और लंबे समय से चली आ रही दोस्ती की झलक दिखाती है.
ये भी पढ़ें- “धीरज कुमार की फिल्म ‘आज का महिषासुर’ से मेरा एक्टिंग डेब्यू मेरे लिए बेहद खास है,” बोले टेरेंस लुईस
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें