लखनऊ. देश की पहली स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस लखनऊ से मुंबई के बीच चलेगी. रूट सर्वे पूरा हो चुका है और जल्द ही टाइम टेबल जारी किया जाएगा. पूरी संभावना है कि जुलाई से ट्रेन चलने लगेगी. आगरा से मुंबई का सफर 1350 किलोमीटर का सफर आरामदायक और आसान हो जाएगा. फिलहाल लखनऊ-मुंबई के बीच ट्रेनों को 16 से 17 घंटे का समय लगता है लेकिन स्लीपर वंदेभारत 10 घंटे में सफर पूरा करेगी. नई स्लीपर वंदे भारत अलीगढ़ से आगरा होते हुए मुंबई पहुंचेगी.
जानकारी के मुताबिक, पिछले 6 महीने से इस रूट का सर्वे चल रहा था. इससे पहले कानपुर-मथुरा-आगरा के रास्ते स्लीपर वंदेभारत को मुंबई तक चलाने का प्रपोजल आया था. फिर बरेली से आंवला-चंदौसी-मुरादाबाद-गाजियाबाद-निजामुद्दीन होते हुए आगरा और मुंबई तक का रूट देखा गया. अंत में बरेली जंक्शन होकर मुंबई जाने का रूट फाइनल किया गया. अब यह ट्रेन लखनऊ से हरदोई–बरेली जंक्शन-मुरादाबाद-गाजियाबाद-निजामुद्दीन, आगरा होते हुए मुंबई जाएगी. नए रूट से उत्तर भारत के कई जिलों कवर हो जांएगे. इस रूट के यात्रियों का मुंबई तक का सफर आरामदायक हो जाएगा.
हफ्ते में 4 दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह ट्रेन हफ्ते में चार दिन चलेगी. ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे जिसमें एसी फर्स्ट, एसी सेकेंड, और एसी थर्ड के अलावा, दो SLR कोच भी होंगे. ट्रेन में 1200 यात्री सफर कर सकेंगे. तेज, आधुनिक और बेहद आरामदायक ये ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को बेहद आरामदायक बनाएगी. टाइम टेबल जारी करने को लेकर जून के अंत में रेलवे अधिकारियों की मीटिंग होनी है. लखनऊ-बरेली जंक्शन, आगरा होते हुए मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या बहुत ज्यादा है. फिलहाल, इस रूट पर बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस, लाल कुआं-बांद्रा टर्मिनल चलती है, इसलिए सीट को लेकर काफी दिक्कत रहती है.
वाराणसी से देश की पहली वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन 2019 में शुरू हुई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे हरी झंडी दिखाई थी. यह ट्रेन वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलती है. अब वाराणसी और नई दिल्ली के बीच दो वंदेभारत ट्रेनें चल रही हैं. यह ट्रेन अपनी तेजी और सुविधाओं के लिए जानी जाती है.