सुनील शर्मा| उदयपुर
भ्रष्टाच र-घोटाले रोकने के लिए सरकार चाहे जो प्रबंध कर ले, कर्मचारी घोटाले करने का रास्ता निकाल ही लेते हैं। ऋषभदेव पंचायत समिति में नेक्स्ट लेवल का घोटाला देखने को मिला। मनरेगा के तहत होने वाले कामों में दो-दो बार भुगतान कर गबन किया गया। एक ही काम की हिंदी और अंग्रेजी दो भाषा में स्वीकृतियां निकाल कर इसे अंजाम दिया गया। कुछ में तो बिना काम कराए ही भुगतान उठा लिया। पीएमओ को शिकायत के बाद जिला परिषद की कमेटी ने जांच की। इसके बाद पंचायत समिति के 5 कर्मचारियों से साढ़े 6 लाख की रिकवरी निकाली गई है।
ऋषभदेव पंचायत समिति की मांडवाफला, कागदर, भाटिया, कानुवाड़ा, भूधर और चिकला पंचायत में फर्जी भुगतान किए गए। जिला परिषद सीईओ रीया डाबी ने पंचायत समिति के कनिष्ठ तकनीकी सहायक मुकेश कुमार चौबीसा, महेंद्र जोशी को कारण बताओ नोटिस देते हुए सेवा समाप्त करने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही मुकेश चौबीसा से करीब चार लाख, महेंद्र जोशी से 51 हजार रुपए, ग्राम विकास अधिकारी ऋषिका मीणा से एक लाख 428 रुपए, बगदीलाल रेगर से 66286 व अभिलाषा से 51770 रुपए की रिकवरी निकाली है। इन निर्माण कार्यों में फर्जी भुगतान : 1- मांडवाफला पंचायत में रामलाल के खेत से श्मशान तक संपर्क सड़क, 2-यूपीएस रिजवाघाटी स्कूल संपर्क सड़क, 3- भुधर पंचायत में चैक डेम निर्माण की स्वीकृति का जिला परिषद में रिकॉर्ड ही नहीं मिला, 4-राउमावि कानुवाड़ा के खेल मैदान का मस्टरोल जारी नहीं था, 5- अंबा पुलिया से खेरवानाला तक सीसी रोड कार्य का दो बार भुगतान, 6-दरीफला आंगनबाड़ी केंद्र, मिनी हाड़ीदर्रा कार्य में मूल्यांकन से अधिक भुगतान किया गया। शिकायतकर्ता बोला- घोटाले की जांच कर रहे, गबन 3 करोड़ का जिला स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर मैंने पीएमओ में शिकायत दी। इसके बाद जिला परिषद ने कमेटी बनाई। पंचायत समिति के एईएन पंकज आर्य को जांच अधिकारी बनाया गया।
हर कागज एईएन, बीडीओ से होकर जाता है। इसके बाद ही भुगतान होता है। मात्र 6 लाख की रिकवरी निकाल कर मामला दबाया जा रहा है। जबकि तीन करोड़ रुपए से अधिक का गबन हुआ है। -रूपलाल मीणा, शिकायतकर्ता मेरे क्लस्टर में नहीं थी पंचायत: जोशी कनिष्ठ तकनीकी सहायक महेंद्र जोशी ने बताया कि फर्जी भुगतान उन्होंने नहीं किए। संबंधित दिनांक को वे पंचायतें उनके क्लस्टर में नहीं थी। नोटिस का जवाब उन्होंने दे दिया है। इस संबंध में जेटीए मुकेश चौबीसा ने भास्कर के फोन करने पर फोन काट दिया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.