Feedback
तमिलनाडु के करूर में तमिलगा वेत्री कझगम पार्टी के रैली में शनिवार को भगदड़ मच गई. इस हादसे में अब तक 38 पुष्टि हो चुकी हैं, जिसमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. इसी बीच हादसे में दुख जताते हुए राज्य के मुख्यमंत्री ने भगदड़ की जांच के लिए एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन करने की घोषणा कर दी है. साथ ही सीएम ने मृतकों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि की भी घोषणा की है.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने करूर की त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर गहरा दुख और पीड़ा हुई है कि करूर में तमिलनाडु विजय पार्टी की राजनीतिक प्रचार रैली में हुई भगदड़ में अब तक 36 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में 8 बच्चे और 16 महिलाएं शामिल हैं.
आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मृतकों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है. उन्होंने मुख्यमंत्री के सामान्य राहत कोष से इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को 10-10 लाख देने का ऐलान किया है. ये राशि सीधे मृतकों के परिवारों को दी जाएगी. इसके साथ ही अस्पतालों में इलाज करा रहे गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है.
एक सदस्यीय कमीशन का गठन
इसके अलावा सीएम ने इस मामले की जांच के लिए तमिलनाडु सरकार द्वारा रिटायर्ड हाईकोर्ट जज जस्टिस अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग के गठन का ऐलान किया है. ये आयोग घटना की जांच करेगा और जल्द से जल्द सरकार को एक रिपोर्ट सौंपेगा. आयोग ये पता लगाएगा कि भगदड़ के पीछे क्या कारण थे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं.
करूर जांएगे सीएम स्टालिन
स्टालिन ने करूर जाने की घोषणा करते हुए कहा कि वह खुद करूर जाएंगे, ताकि इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों से मिल सकें और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर सकें. साथ ही वह अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जानेंगे.
मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा मंत्री और स्वास्थ्य और लोक कल्याण मंत्री को घायलों को उपचार के लिए विशेष व्यवस्थाओं में तेजी लाने के लिए करूर भेजा है. इसके अलावा, त्रिची, सलेम और डिंडीगुल के जिला मजिस्ट्रेटों को भी मेडिकल टीमों के साथ करूर भेजा गया है.
डीएमके का बयान
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. पार्टी ने कहा कि सरकार इस त्रासदी के कारणों की गहन जांच सुनिश्चित करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाएगी.
‘मेरा दिल टूट गया है’
हादसे के बाद एक्टर से राजनेता बने विजय ने बयान जारी कर कहा, मेरा दिल टूट गया है, मैं असहनीय, बयान कर पाने वाली पीड़ा और दुख से तड़प रहा हूं, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता.
करूर में अपनी जान गंवाने वाले अपने प्रिय भाइयों और बहनों के परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं और सहानुभूति व्यक्त करता हूं. मैं अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू