करौली में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया। इसमें करौली नगर परिषद, सपोटरा और मंडरायल नगर पालिका शामिल हैं। तीनों निकायों के 106 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
कुल 78,423 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इससे 493 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। करौली में 66, सपोटरा और मंडरायल में 20-20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए करीब 1,200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। 13 मोबाइल पार्टियों के साथ जोनल मजिस्ट्रेट और मतदान केंद्रों के प्रभारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
वार्ड नंबर 13 के मतदान केंद्र पर बदली ईवीएम इसी बीच, करौली के वार्ड नंबर 13 के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम में बीप की आवाज नहीं आने की शिकायत मिली। इसके बाद मशीन बदलने की प्रक्रिया शुरू की गई और मतदान फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गया।
मतदान शुरू होते ही तीनों नगर निकायों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं। करौली नगर परिषद में 60,614, सपोटरा में 11,595 और मंडरायल में 6,214 मतदाता वोट डालेंगे।
करौली में 55 वार्डों में 325 प्रत्याशी मैदान में करौली नगर परिषद के 55 वार्डों में 325 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। मंडरायल के 20 वार्डों में 86 और सपोटरा के 20 वार्डों में 82 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के बाद इन सभी प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद हो जाएगा।
40 मतदान केंद्र संवेदनशील सुरक्षा के मद्देनजर तीनों निकायों में 40 मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इनमें करौली के 30, मंडरायल के 6 और सपोटरा के 4 मतदान केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर वीडियोग्राफी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार रावत, एसपी लोकेश सोनवाल, एडीएम जगदीश प्रसाद गौड़ सहित पुलिस प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.