^ओआरएफ अभियान निपुण भारत मिशन कमें कक्षा एक से 3 के लिए था। मैं डाइट में इसका ही प्रशिक्षण देती हूं। मैं मेरी जगह श्योर हूं। बस समझ का फेर है। उनके दिमाग में ये था कि ये कक्षा एक से 8 तक चलता है। उन्हें नाराजगी जताने का हक है। वे जिले के मालिक हैं।
किरण सैनी, सीडीईओ, सीकर
भास्कर संवाददाता | सीकर कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर आशीष मोदी ने सीडीईओ किरण सैनी से ओआरएफ स्कीम में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि स्टूडेंट के हिंदी पठन कौशल सुधारने के लिए क्या किया। स्टूडेंट के पढ़ने की गति, सटीकता और समझ विकसित करने के लिए किए जा प्रयासों के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन सीडीईओ सही जवाब नहीं दे सकी। कलेक्टर द्वारा नाराजगी जताने पर सीडीईओ सैनी ने एडीएम के पास जाकर सफाई पेश करनी चाही। इससे कलेक्टर बिफर गए।
बोले- आपको स्कीम को लेकर कोई जानकारी नहीं है। आप मीटिंग डिस्टर्ब कर रही हैं। कलेक्टर ने एडीएम को निर्देश दिए कि शिक्षा निदेशक को चिट्ठी लिखकर सीडीईओ के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करें। दरअसल शिक्षा विभाग ने पिछले साल ओआरएफ (ओरल रीडिंग फ्लूएंसी) योजना शुरू की थी। ये योजना वाधवानी एआई फाउंडेशन के सहयोग से चलाई जा रही है। बैठक में कलेक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को विकसित भारत अभियान में वार्ड सभाओं में मास्टर प्लान संबंधी अनुमतियां प्राप्त कर पोर्टल पर अपलोड करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सीएमएचओ को लू-तापघात मरीजों के इलाज को लेकर स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष इंतजाम के निर्देश दिए। जिला परिषद सीईओ को 124 अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने के लिए 10 मई तक टेंडर प्रक्रिया संपन्न करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम रतन कुमार ने सभी एसडीएम को घुमंतु जाति के व्यक्तियों को 15 अगस्त तक पट्टे वितरित करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीएम शहर भावना शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जनसुनवाई प्रकरणों के जवाब तत्काल भिजवाने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, सहायक निदेशक प्रशासनिक सुधार विभाग इंदिरा शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अशोक महारिया, डीटीओ ताराचंद बंजारा, आयुक्त शशिकांत शर्मा, जिला साक्षरता अधिकारी सीपी महर्षि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.