कहीं भीषण गर्मी तो कहीं बारिश, दिल्ली में 45 डिग्री पहुंच सकता है पारा, जानें देश – ABP News

Heatwave Alert: देशभर में गर्मी अब विकराल रूप लेने लगी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली समेत उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण हीटवेव चलने वाली है. लगातार बढ़ते तापमान से करोड़ों लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और कोंकण-गोवा के कई हिस्सों में 22 मई तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.
दिल्ली में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
आईएमडी ने कहा है कि अगले तीन दिनों में दिल्ली के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. रविवार को राजधानी में आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
रविवार को अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इसके बाद आसमान साफ होते ही अगले सप्ताह तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. रात में भी गर्म हवाओं से राहत मिलने की संभावना कम है.
उत्तर और मध्य भारत में तेजी से बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य भारत में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भी तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. स्काईमेट वेदर के अध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पूर्वी हवाओं की जगह अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो मध्य पाकिस्तान और राजस्थान की तरफ से आ रही हैं. ये हवाएं बेहद गर्म और शुष्क हैं, जिससे आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा तथा हीटवेव की संभावना मजबूत हो गई है.
इन राज्यों में जारी रहेगा हीटवेव अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक राजस्थान में 17 से 23 मई तक हीटवेव चल सकती है. वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 18 से 23 मई तक गर्मी का प्रकोप बना रहेगा. उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 19 से 23 मई के बीच गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा तेलंगाना में 17 से 21 मई तक हीटवेव की स्थिति रह सकती है. मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश से राहत
जहां उत्तर भारत भीषण गर्मी से तपेगा, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. दक्षिण भारत के केरल और आंध्र प्रदेश में भी तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है. तमिलनाडु में बारिश हुई है.
क्या होती है हीटवेव?
आईएमडी के मुताबिक जब किसी क्षेत्र में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा बढ़ जाता है, तब उसे हीटवेव घोषित किया जाता है. मैदानी इलाकों में, जिनमें दिल्ली भी शामिल है, हीटवेव की स्थिति तब मानी जाती है जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जाए.
वहीं यदि तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री से ज्यादा ऊपर पहुंच जाए तो उसे गंभीर हीटवेव माना जाता है. इसके अलावा यदि तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाए तो भी हीटवेव घोषित की जाती है, चाहे सामान्य तापमान से अंतर कितना भी हो. विशेषज्ञों का कहना है कि यह केवल सामान्य गर्मी नहीं बल्कि खतरनाक स्थिति होती है, जो बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है.
स्वास्थ्य को लेकर बरतें सावधानी
विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. लंबे समय तक धूप में रहने से हीट एक्सॉशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है. लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर या छांव में रहने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करने को कहा गया है. इसके साथ ही बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News