Edited By Arif Khan
कांग्रेस और सपा में सीटों की अंतिम संख्या अभी तय नहीं हुई है. (Image – ANI)
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच चल रही बातचीत के दूसरे दिन भी सीटों की संख्या को लेकर बड़ा अंतर सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले दिन दोनों पार्टियों के नेताओं में सीटों को लेकर सिर्फ 15 मिनट मंथन हुआ. वहीं, दूसरे दिन यह बैठक करीब 3 घंटे चली. बैठक में कांग्रेस कम से कम 100 सीटों की अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं दिखी, वहीं समाजवादी पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कांग्रेस को महज 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है. समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने इस बात की पुष्टि की है कि उनकी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों की सूची दी है, हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि सीटों की अंतिम संख्या अभी तय नहीं हुई है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपा की ओर से दी गई 26 सीटों की यह लिस्ट 2022 के विधानसभा चुनाव परिणामों के विश्लेषण पर आधारित है. इन 26 विधानसभा क्षेत्रों में से अधिकांश पर पिछले चुनाव में कांग्रेस को 10,000 से अधिक वोट मिले थे, हालांकि उन सीटों पर भाजपा बड़े अंतर से जीती थी. इनमें से आधी से अधिक सीटों को गठबंधन के लिए ‘कैटेगरी-बी’ की कैटेगरी में रखा गया है. इससे एक दिन रिपोर्ट्स आई थीं कि कांग्रेस, गठबंधन लिहाज से मजबूत मानी जाने वाली कम से कम 60 ‘ए-ग्रेड’ सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर 2017 और 2022 की लगातार दो हार के बाद समाजवादी पार्टी 2027 में सत्ता में वापसी की पुरजोर कोशिश कर रही है. 2022 का विधानसभा चुनाव दोनों दलों ने अलग-अलग लड़ा था. इसमें सपा ने 347 सीटों पर लड़कर 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस 399 सीटों पर चुनाव लड़कर महज 2 सीट ही हासिल कर पाई थी. 2024 लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन के बैनर तले साथ लड़ने पर दोनों दलों का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा था. सपा ने 62 में से 37 लोकसभा सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने 17 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, ‘हम सीटों को लेकर आमने-सामने बैठकर बातचीत कर रहे हैं. अभी कुछ समय है, सभी सीटों पर चर्चा की जाएगी. बातचीत अभी चल रही है, अभी कोई नतीजा नहीं निकला है.’
वहीं, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, ‘हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. अगली 2 बैठकों में सब कुछ तय हो जाएगा. कई सीटों पर चर्चा हो चुकी है. आंकड़ों के आधार पर हर एक सीट पर बातचीत की गई है. चर्चा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है. दोनों पार्टियां सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही हैं. 403 एक बड़ी संख्या है, जिनमें से आधी से ज्यादा सीटों पर चर्चा हो चुकी है. हम अगली दो बैठकों में इसे पूरा कर लेंगे. हमारा गठबंधन पक्का हो जाएगा. हम जल्द ही इसकी घोषणा करेंगे.’
इनके अलावा यूपी कांग्रेस प्रमुख आराधना मिश्रा-मोना का कहना है, ‘हमने बैठक में सीटों को लेकर चर्चा की. यह एक सकारात्मक बातचीत थी, और अभी तक केवल एक दौर की चर्चा पूरी हुई है. जल्द ही दूसरे दौर की बातचीत होगी और जरूरत पड़ी तो हम फिर से साथ बैठेंगे. यह प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी जब तक कि हम गठबंधन की सकारात्मक घोषणा नहीं कर देते.’
वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान ने कहा, ‘अभी तो बस बातचीत शुरू हुई है. हर एक सीट पर चर्चा होगी, एक-एक सीट को लेकर बात की जाएगी. उसके बाद ही हर सीट पर स्थिति तय होगी. हर चुनाव का नैरेटिव अलग होता है, मुद्दे अलग होते हैं और माहौल भी अलग होता है. हमारा गठबंधन मजबूत होगा और हम मजबूती से चुनाव लड़ेंगे. सकारात्मक माहौल में बातचीत चल रही है.’
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301