बांग्लादेश में संघर्ष, वेतन विवाद व लागत बढ़ने से यूरोप-ब्रिटेन के खरीदार भारत की ओर रुख कर रहे हैं। देखा जाए तो शुल्क राहत से अवसर तो है, लेकिन क्षमता व श्रमिक की कमी एक बड़ी चुनौती भी है।
(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
बांग्लादेश में गारमेंट श्रमिकों की वेतन वृद्धि से उद्योग में उथल-पुथल।
वैश्विक रिटेल चेन भारत से गारमेंट आपूर्ति के लिए संपर्क में।
भारत को उत्पादन क्षमता बढ़ाकर निर्यात अवसर का लाभ उठाना होगा।
राजीव कुमार, नई दिल्ली। बांग्लादेश में इन दिनों जबरदस्त तरीके से संघर्ष जारी है और इसका फायदा भारत के गारमेंट उद्योग को मिलने की संभावना दिख रही है। इस संभावना को हकीकत में बदलने के लिए गारमेंट निर्माताओं को अपनी उत्पादन क्षमता में विस्तार करना होगा।
बांग्लादेश गारमेंट का बड़ा निर्यातक देश है जो सालाना 38 अरब डालर से अधिक का गारमेंट निर्यात करता है। जबकि भारत का गारमेंट निर्यात सिर्फ 16 अरब डालर का है। बांग्लादेश में निर्माण लागत भारत से कम है। लेकिन अब वहां भी तस्वीर बदल रही है।
पिछले 15 दिनों से बांग्लादेश में गारमेंट निर्माण के ठप होने से अब ब्रिटेन समेत यूरोप के कई देश भारतीय गारमेंट निर्यातकों से माल की आपूर्ति के लिए संपर्क में हैं। गैप, बफैलो जैसी वैश्विक स्तर की रिटेल चेन बांग्लादेश में अपना निर्माण करवाती है। इन दिनों बांग्लादेश के गारमेंट श्रमिक अपने वेतन में दोगुनी से अधिक की बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। वेतन बढ़ने पर वैश्विक कंपनियों के लिए बांग्लादेश में गारमेंट निर्माण की लागत बढ़ जाएगी।
गारमेंट निर्यातक एच.के.मग्गु ने बताया कि बांग्लादेश में अभी गारमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों को 9000 रुपए मिलते हैं और अब वे उसे बढ़ाकर 24,000 (240 डालर) रुपए प्रतिमाह करने की मांग कर रहे हैं। जबकि भारत में 14-15 हजार में श्रमिक काम करते हैं।
ऐसे में भारत में गारमेंट की निर्माण लागत बांग्लादेश से कम होगी जिससे भारतीय गारमेंट को वैश्विक बाजार में बढ़त मिल सकती है। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश से माल खरीदने वाले यूरोप के खरीदार भारतीय निर्माताओं से संपर्क में तो हैं, लेकिन नए आर्डर की पूर्ति के लिए भारतीय निर्माताओं के पास निर्माण क्षमता का होना भी जरूरी है। इसके अलावा भारत में भी पहले से ही श्रमिकों की किल्लत चल रही है।
अपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (एईपीसी) के महासचिव मिथिलेश्वर ठाकुर कहते हैं, गारमेंट की वैश्विक स्तर की रिटेल कंपनियां अपनी सप्लाई चेन में स्थिरता चाहती है और बांग्लादेश में पिछले कुछ सालों से जारी उथल-पुथल को देखते हुए वे भारत से माल खरीदना चाहती है। अति कम विकसित देशों की श्रेणी में होने के कारण बांग्लादेश के माल पर ब्रिटेन व यूरोप के अन्य देशों में टैक्स नहीं लगता है जबकि भारत के माल पर 12 प्रतिशत का टैक्स लगता है।
ब्रिटेन के साथ भारत के व्यापार समझौते पर अमल के बाद अब भारतीय गारमेंट पर भी ब्रिटेन में शुल्क नहीं लग रहा है। यूरोपीय यूनियन के साथ अगले साल के आरंभ में व्यापार समझौता हो जाएगा और उसके बाद वहां भी भारतीय गारमेंट पर शुल्क नहीं लगेगा। इसलिए गारमेंट की बड़ी कंपनियां भारतीय निर्माताओं को अपना आर्डर दे सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।