भास्कर संवाददाता | सिरोंज
नवरात्रि में बस स्टैंड पर आयोजित दो दिवसीय गरबा उत्सव का समापन भक्ति, संस्कृति और उत्साह के साथ हुआ। दूसरे दिन लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री दीपिका सिंह अपने पति रोहित राज गोयल के साथ पहुंचीं। टीवी सीरियल दीया और बाती हम में संध्या राठी का किरदार निभाने वाली दीपिका सिंह की मौजूदगी से आयोजन स्थल पर खास उत्साह रहा। लोगों ने उनके साथ गरबा किया और कार्यक्रम का आनंद लिया।
मंच से संवाद करते हुए दीपिका सिंह ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जब काम करें तो पूरी लगन और एकाग्रता के साथ करें। इसके लिए नींद-चैन छोड़कर भी मेहनत करनी पड़े तो पीछे नहीं हटना चाहिए। वहीं, काम पूरा होने के बाद बेफिक्र होकर, मस्ती और उत्साह के साथ जिंदगी जीनी चाहिए।
मस्ती के लिए गलत राह चुनने की जरूरत नहीं : दीपिका सिंह ने युवाओं से अपील की कि जिंदगी को खुलकर जिएं, लेकिन मस्ती के लिए शराब या किसी गलत राह का सहारा न लें। उन्होंने कहा कि जीवन ऐसा होना चाहिए, जिसमें न खुद को नुकसान पहुंचे और न ही अपनों को। उनके इस संदेश को मौजूद लोगों ने सराहा। आयोजन समिति के सदस्य रवि सोनी ने बताया कि गरबा उत्सव में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और परिवारों ने उत्साह से भाग लिया। गरबा की थाप पर लोग देर तक झूमते रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.