खून से लथपथ बॉयफ्रेंड का तड़पते हुए वीडियो बनाकर लीक किया, फिर हॉस्पिटल छोड़कर भागी – Dainik Bhaskar

मशहूर कहावत है- ‘इस दुनिया में हर मर्ज का इलाज है, लेकिन शक और वहम का नहीं।’
कई मायनों में ये कहावत एक दम सटीक बैठती है। आज अनसुनी दास्तान में हम आपको जो कहानी बताने जा रहे हैं, वो भी शक और वहम से होती हुई जुनून, सिरफिरेपन और कत्ल में तब्दील होती है।
ज्यादा पुरानी बात नहीं हैं। 12 मार्च 2024 का दिन था। जगह थी मलेशिया और वक्त था सुबह 9 बजे का।
मलेशिया के कुआला लंगट जिले की पुलिस के पास एक कॉल आया। कॉल करने वाली महिला ने अपना परिचय साइबर जाया हॉस्पिटल की स्टाफ मेंबर के रूप में दिया। महिला ने कहा कि आज सुबह करीब 7 बजे एक लड़की खून से लथपथ शख्स को अस्पताल लेकर आई थी। उस लड़के की हालत बेहद नाजुक थी। हाथ और जांघों में कई गहरे घाव थे, जिनसे लगातार बेताहाशा खून रिस रहा था।
स्ट्रेचर पर लेटाने से पहले ही लड़का तड़पना शुरू कर देता है और उसकी सांसें धीमी पड़ने लगती हैं। लड़के को तुरंत ऑपरेशन थिएटर ले जाकर कुछ डॉक्टर्स उसके शरीर से बह रहा खून रोकने की कोशिश करते हैं, वहीं कुछ उसे CPR देने लगते हैं। 30 मिनट तक एक्सपर्ट डॉक्टर्स की टीम उस लड़के को बचाने की वो तमाम कोशिश करती है, जो की जानी चाहिए थी, लेकिन उनकी कोई तरकीब काम नहीं आ सकी। 30 मिनट की मशक्कत के बावजूद लड़के ने दम तोड़ दिया।
इस बात की खबर देने जब नर्स ऑपरेशन थिएटर से निकली, तो देखा कि साथ आई लड़की वहां नहीं है। ये देखते ही अस्पताल की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने सबसे पहले मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फिर जांच शुरू की। अच्छी बात ये हुई थी कि लड़की ने भागने से पहले एक एडमिशन फॉर्म भरा था, जिसमें लड़के का नाम गॉशिगन विनेश्वरन लिखा गया था। नाम के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। कुछ देर में लड़के की पूरी डिटेल्स पुलिस के सामने थीं। मरने वाला गॉशिगन पेशे से फोटोग्राफर था।
पुलिस कत्ल की वजह समझ पाती उससे पहले ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया। वीडियो में गॉशिगन खून से लथपथ मदद और रहम की भीख मांग रहा था। उस लड़के के पास एक लड़की चाकू लिए खड़ी थी। वहीं वीडियो बना रहा शख्स भी कोई खास मदद नहीं कर रहा था।
पुलिस के पास कई सवाल थे कि आखिर लड़के की ऐसी हालत किसने की थी? उस लड़के को लाने वाली लड़की फरार क्यों हुई? वीडियो में नजर आ रही लड़की कौन थी ? और वीडियो क्यों बनाई गई? इन सभी सवालों के जवाब आज जानिए अनसुनी दास्तान के 3 चैप्टर्स में-
हॉस्पिटल फॉर्म में दर्ज हुए नाम की मदद से मलेशियन पुलिस ने गॉशिगन से जुड़ी जानकारी निकालना शुरू कर दिया। जांच में सामने आया कि जॉशिगन पेशे से एक फोटोग्राफर था। इतनी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने गॉशिगन के परिवार का नंबर भी ढूंढ लिया।
परिवार ने बताया कि गॉशिगन उनके साथ नहीं रहता था। उसका मॉडल तामी आनंदन से रिश्ता था और दोनों बीते कई महीनों से साथ ही रह रहे थे।
जब गॉशिगन के दोस्तों से बात हुई तो उन्होंने भी यही कहा कि गॉशिगन के बारे में ज्यादा जानकारी उनकी गर्लफ्रेंड तामी से ली जाए।
तामी आनंदन पेशे से एक मॉडल थी। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि तामी भारतीय मूल की है, लेकिन मलेशियाई न्यूज एजेंसी के मुताबिक तामी मलेशियन थी।
तामी ने मलेशिया में डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी की थी, लेकिन उसका झुकाव हमेशा से मॉडलिंग की तरफ था। उन्होंने पहले पार्ट टाइम मॉडलिंग करियर की शुरुआत की, लेकिन फिर मॉडलिंग की दुनिया में अच्छी खासी पहचान मिलने के बाद उन्होंने डॉक्टरी छोड़ दी थी।
इसी बीच पुलिस ने उस वीडियो की भी पड़ताल की, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सामने आया कि उसमें नजर आ रही वो लड़की मॉडल तामी आनंदन ही है, जिनके साथ गॉशिगन का रिश्ता था। अब सवाल ये था कि तामी ने अपने बॉयफ्रेंड की ऐसी हालत क्यों की होगी। जब गॉशिगन के दोस्तों से उनके रिश्ते की किसी अनबन के बारे में पूछा गया तो हर किसी ने बस यही कहा कि दोनों साथ में काफी खुश थे।
पुलिस ने ये मानते हुए जांच आगे बढ़ाई कि शायद वो तामी ही थी जो गॉशिगन को अस्पताल लेकर पहुंची होगी और फिर वहां हालत गंभीर होने पर वहां से भाग निकली। उसका फोन लगातार बंद जा रहा था तो पुलिस ने उनके पते पर रेड मारी, लेकिन वो वहां भी नहीं थी।
ऐसे में पुलिस की चालाकी काम आई। पुलिस ने सोचा कि अगर तामी ही वो लड़की थी जो गॉशिगन को छोड़कर गई, तो वो अस्पताल से ज्यादा दूर नहीं गई होगी। एक सर्च ऑपरेशन किया गया, जिसमें 4 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को कामयाबी भी मिल गई। तामी की गिरफ्तारी अस्पताल के पास से ही हुई।
जब तामी से गॉशिगन की हत्या के मामले में पूछताछ हुई तो वो साफ मुकर गई। कई घंटों तक बार-बार बयान बदलकर गुमराह करने के बाद आखिरकार सख्ती होने पर तामी ने अपना जुर्म कबूल लिया।
तामी के बयान के अनुसार, उसकी और गॉशिगन की पहली मुलाकात मलेशिया में एक मॉडलिंग इवेंट में हुई थी। उस इवेंट में गॉशिगन फोटोग्राफर था, जबकि तामी मॉडलिंग कर रही थी। यहीं उनकी बातचीत शुरू हुई जो समय के साथ दोस्ती में बदल गई।
तामी ने कई बार गॉशिगन के साथ काम किया था। साथ काम करते और समय बिताते हुए दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और फिर दोनों रिलेशनशिप में आ गए।
तामी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके बीच सब ठीक था। दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब थे, लेकिन बीते कुछ महीनों से उन्हें शक होने लगा था कि गॉशिगन का दूसरी महिलाओं से भी रिश्ता है। दोनों की इस मामले में काफी बहस हुआ करती थी। तामी को लगने लगा कि गॉशिगन उनसे दूर जा रहा है और अब वो उससे प्यार नहीं करता। गॉशिगन ने काम का हवाला देते हुए तामी को समय देना भी कम कर दिया था, जिससे उनके मन में शक का कीड़ा आ चुका था। उनके लिए तामी इतनी जुनूनी हो चुकी थी कि वो किसी भी कीमत पर गॉशिगन को दूर होता नहीं देख पा रही थी।
12 मार्च 2024 को जब तड़के सुबह गॉशिगन काम कर लौटा तो दोनों की फिर इसी बात पर बहस हो गई। इस बार तामी को अपने शक और वहम का हर जवाब चाहिए था, लेकिन गॉशिगन थकान से कोई भी जवाब देने में दिलचस्पी नहीं ले रहा था। इस बात से नाराज होकर तामी ने किचन में रखी चाकू उठाया और उस पर ‘सच’ बताने का दबाव डालने लगी। जब गॉशिगन ने इसका विरोध किया तो तामी ने धारदार चाकू से उनकी कलाई काट दी। दर्द से कहराते हुए गॉशिगन उसे लगातार रोकने की कोशिश कर ही रहा था कि तामी ने एक के बाद एक कर उस पर चाकू से कई बार हमला कर दिया। इससे उसके हाथों और जांघों में कई चोटें आईं।
गॉशिगन का खून बहता जा रहा था, लेकिन तामी तब भी नहीं रुकी। इसी दौरान उनका एक दोस्त भी घर पहुंच गया। तामी के दबाव में ही उस लड़के ने गॉशिगन का खून से लथपथ हालत में वीडियो बनाया।
रहम की भीख मांग रहे गॉशिगन पर एक समय बाद तामी को तरस आने लगा। ऐसे में उसने गॉशिगन हाथ और पैर में पट्टी बांध दी। फिर जब खून बहना बंद नहीं हुआ तो वो घबराकर उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंची। जब नजदीकी अस्पताल वाले ने संदिग्ध स्थिति लगने पर उन्हें एडमिट करने से इनकार कर दिया तो तामी उसे लेकर साइबर जाया हॉस्पिटल पहुंची। वह हॉस्पिटल तामी के घर से काफी दूर था, जिससे उन्हें पहुंचने में काफी देर हो गई। जब तक गॉशिगन का इलाज शुरू हो सका, तब तक देर हो चुकी थी।
कोर्ट में तामी के वकीलों ने ये दलील देते हुए उन्हें बचाने की कोशिश की कि उन्हें बायपोलर डिसऑर्डर है, हालांकि इस बात का उनकी मेडिकल रिपोर्ट्स में कोई सबूत नहीं था। हत्या के आरोप में जेल में बंद तामी का ट्रायल फिलहाल जारी है।
ये भी सामने आया है कि तामी ने सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए गॉशिगन को मारने हुए वीडियो बनाकर खुद लीक किया था।
……………………………………………….
इस तरह की ये अनसुनी दास्तानें भी पढ़िए
टिकटॉकर महक बुखारी, जिसे दोहरे हत्याकांड में मिली उम्रकैद:मां के नाजायज रिश्ते से छुटकारा पाने के लिए कातिल बनीं, ब्लैकमेलिंग होने पर रची साजिश
“मुझे बचाओ, वो लोग मेरा पीछा कर रहे हैं, मुझे मार डालेंगे।”
11 फरवरी 2022 को इंग्लैंड के लीसेस्टर शहर की पुलिस के पास देर रात एक कॉल आई, जिसमें एक शख्स चिल्ला-चिल्ला कर मदद की गुहार लगा रहा था। वो लगातार कह रहा था कि एक तेज रफ्तार कार उसकी कार का पीछा कर रही है। पुलिस मदद कर पाती, उससे पहले ही कॉल पर तेज चीखें सुनाई दीं और फिर शांति छा गई। कुछ देर बाद वो कॉल कट गई। पूरी खबर पढ़िए…
मॉडल पूजा सिंह जिसका सिर कुचला गया: चाकू से 22 वार किए, 14000 से ज्यादा लोगों से पूछताछ, फिर इत्तफाक से हुआ हत्याकांड का खुलासा
31 जुलाई 2019
सुबह 5 बजे किसान मुनीराजू, बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास सड़क पर टहलते हुए काम के लिए रवाना हुए। चलते-चलते उनकी नजर अचानक किनारे की तरफ पड़ी एक महिला की लाश पर पड़ी। करीब जाकर देखा तो मंजर दिल दहलाने वाला था। लाश का सिर बेरहमी से कुचला गया था, जिससे दिमाग के चिथड़े उड़ चुके थे। शरीर खून से लथपथ था। पूरी खबर पढ़िए…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News