रायबरेली के बछरावां स्थित मलिकपुर सरैया गांव के पास रविवार शाम पराली में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए पास ही स्थित गेल इंडिया स्टेशन की ओर बढ़ने लगीं, जिससे कुछ समय के लिए बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेतों में पड़ी पराली में लगी आग देखते ही देखते विकराल रूप लेने लगी। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों तथा अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
इस बीच, फायर ब्रिगेड की टीम को भी सूचना दी गई, जो तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड के संयुक्त प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इससे आग गेल इंडिया स्टेशन तक पहुंचने से पहले ही बुझ गई और एक बड़ा संभावित हादसा टल गया।
घटना के बाद फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्र में सामान्य स्थिति की पुष्टि की। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने किसानों से पराली न जलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।
फायर स्टेशन इंचार्ज वीरेंद्र ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.