Feedback
बिहार के लिए बड़ा दिन है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नई सरकार का 7 मई को कैबिनेट विस्तार है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बिहार में पहले मुख्यमंत्री का पहला कैबिनेट विस्तार पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा. सरकार में 28 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है. सम्राट कैबिनेट के विस्तार में जिन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जानी है, उनमें चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के नाम की भी है.
सम्राट कैबिनेट के विस्तार के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे बीजेपी के शीर्ष नेताओं के मौजूद रहने की भी चर्चा है. यही कारण है कि इसे सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है, खासकर हाल ही में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में NDA की बड़ी जीत के बाद. सम्राट चौधरी ने जब 15 अप्रैल को लोक भवन में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब समारोह सादा और सीमित स्तर का था.
सम्राट चौधरी के शपथ समारोह में सीमित संख्या में ही लोग शामिल हुए थे. सम्राट चौधरी के शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह मौजूद नहीं थे, क्योंकि वे पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के विधानसभा चुनावों में प्रचार में व्यस्त थे. सीएम के शपथग्रहण के विपरीत कैबिनेट विस्तार का आयोजन बड़े स्तर पर हो रहा है. इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे. इसे एनडीए की नई सरकार की ओर से मजबूत संदेश देने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है.
मंत्री पद का फॉर्मूला तय
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कैबिनेट विस्तार में किस दल से कितने मंत्री बनाए जाएंगे, इसका फॉर्मूला करीब-करीब तय कर लिया गया है. इस कैबिनेट विस्तार में BJP के 12, नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल (यूनाइटेड) के 11, चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के तीन नेता मंत्री बनाए जा सकते हैं. जीतनराम मांझी की अगुवाई वाली हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है.
मंत्री के लिए चर्चा में ये नाम
सम्राट कैबिनेट के विस्तार में जिन नेताओं के मंत्री बनने की अटकलें लगाई जा रही हैं, उनमें जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार का नाम भी शामिल है. निशांत के साथ ही श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशळी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमा खान, रत्नेश सदा, भगवान सिंह कुशवाहा के भी मंत्री बनने की चर्चा है. श्याम रजक, संतोष निराला, शीला मंडल, मीना कमात और कोमल सिंह के नाम भी जेडीयू कोटे से मंत्री पद की रेस में हैं.
सरकार की अगुवाई कर रही बीजेपी की ओर से विजय कुमार सिन्हा, मंगल पाण्डेय, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह, अरुण शंकर प्रसाद, लखिंद्र पासवान, रामकृपाल यादव, संजय सिंह, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद भी मंत्री पद की रेस में शामिल बताए जा रहे हैं. रामा निषाद, प्रमोद कुमार, संगीता कुमारी, मैथिली ठाकुर, विनोद नारायण झा, नीतीश मिश्रा और आनंद मिश्रा के भी मंत्री बनने की चर्चा है. चिराग की पार्टी से संजय कुमार और संजय कुमार सिंह, मांझी की पार्टी से संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से दीपक प्रकाश मंत्री बन सकते हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू