घूरना थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 लीटर नेपाली शराब जब्त की है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से शराब की एक खेप भारतीय सीमा क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर घूरना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन बोरों में छिपाकर रखी गई 135 लीटर नेपाली ‘दिलवाले’ शराब बरामद की। पुलिस को देखते ही तस्कर मौके से भाग निकले, जिसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त कर थाने लाया।
पुलिस ने बरामद शराब की जब्ती सूची तैयार कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घूरना थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.