चीन ने पाकिस्तान को किया साइडलाइन! नए रूट से अफगानिस्तान भेजी पहली मालगाड़ी, भारत की बढ़ेगी टेंशन? – Bharat24live

Shreeom Singh
Date: 26-10-26 18:46
China-Afghanistan Train: चीन ने अफगानिस्तान तक सामान पहुंचाने के लिए नया रेल मार्ग शुरू किया है. चीन के शेडोंग प्रांत से पहली विशेष मालगाड़ी उत्तरी अफगानिस्तान के हैरातन के लिए रवाना हुई है. इस ट्रेन में लाखों डॉलर का सामान लदा है और इसके करीब 20 दिनों में मंजिल तक पहुंचने की उम्मीद है. इस नए रास्ते से चीन को अफगानिस्तान के साथ व्यापार बढ़ाने का एक और विकल्प मिल सकता है.
चीन से अफगानिस्तान के लिए रवाना हुई ट्रेन
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के लिनयी शहर से रवाना हुई इस मालगाड़ी में करीब 80 लाख युआन यानी लगभग 11 लाख डॉलर का सामान है. अफगान समाचार एजेंसी खामा प्रेस ने 23 अक्टूबर को इसकी जानकारी दी. ट्रेन उत्तरी अफगानिस्तान के हैरातन ड्राई पोर्ट तक पहुंचेगी.
यह शेडोंग प्रांत से हैरातन तक चलने वाली पहली विशेष मालगाड़ी है. इससे चीन के इस इलाके और अफगानिस्तान के बीच सामान भेजने के लिए सीधा रेल संपर्क स्थापित हुआ है.
मालगाड़ी में क्या-क्या सामान है?
चीनी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेन में शेडोंग में बने कपड़े, रासायनिक कच्चा माल, औजार और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीनें लदी हैं. इस खेप का मकसद चीन से अफगानिस्तान तक सामान पहुंचाने के लिए एक नया विकल्प तैयार करना है.
कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान से होकर गुजरेगी ट्रेन
यह मालगाड़ी चीन से निकलने के बाद कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान से होकर गुजरेगी. इसके बाद तेरमेज सीमा मार्ग से अफगानिस्तान में प्रवेश करेगी. करीब 20 दिनों में इसके बल्ख प्रांत के हैरातन पहुंचने की उम्मीद है.
इस रास्ते की खास बात यह है कि सामान पाकिस्तान से होकर नहीं जाएगा. इससे चीन को मध्य एशिया के देशों के जरिए अफगानिस्तान तक माल पहुंचाने का एक नया रास्ता मिला है.
रेल मार्ग से सामान भेजना क्यों अहम है?
अब तक शेडोंग से अफगानिस्तान तक सामान पहुंचाने के लिए मुख्य रूप से सड़क या सड़क और रेल के मिले-जुले रास्तों का इस्तेमाल किया जाता था. चीनी अधिकारियों के मुताबिक, इन रास्तों से सामान भेजने में खर्च ज्यादा होता था और डिलीवरी में लगने वाले समय का सही अनुमान लगाना भी मुश्किल था.
नई मालगाड़ी से सामान की ढुलाई आसान होने की उम्मीद है. हालांकि, इस नए रास्ते से कितनी बचत होगी, इसके आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं.
चीन-अफगानिस्तान व्यापार को मिलेगा विकल्प
शेडोंग से हैरातन तक मालगाड़ी चलने से चीन और अफगानिस्तान के बीच व्यापार को बढ़ावा मिल सकता है. इससे चीन के कारोबारियों को अफगानिस्तान तक सामान भेजने का एक और रास्ता मिलेगा.
अब यह देखना अहम होगा कि इस रेल सेवा को नियमित रूप से चलाया जाता है या नहीं. अगर आगे दूसरे चीनी शहरों से भी ऐसी मालगाड़ियां शुरू होती हैं, तो मध्य एशिया के रास्ते चीन और अफगानिस्तान के बीच व्यापारिक संपर्क और मजबूत हो सकते हैं.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News