इंदौर में हुए कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का शनिवार को विदिशा में भी सीधा प्रसारण किया गया। जिला कांग्रेस कार्यालय पर एक बड़ी LED स्क्रीन लगाकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का संबोधन देखा।
इस कार्यक्रम में पार्टी के बड़े नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता एक साथ मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी की देखरेख में हुए इस लाइव प्रसारण के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का संबोधन सुना।
कांग्रेस प्रवक्ता सुशील शर्मा ने बताया कि इंदौर के कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से बातचीत की।
उन्होंने शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे युवाओं से जुड़े कई मुद्दों पर बात की। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों का मुद्दा भी खास तौर पर उठाया गया।
कांग्रेस प्रवक्ता के अनुसार, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों और युवाओं से मिले सुझावों को पार्टी की आने वाली राजनीतिक योजनाओं में शामिल किया जाएगा।
विदिशा में कार्यक्रम के दौरान भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
जिला कांग्रेस कार्यालय में LED स्क्रीन पर प्रसारण शुरू होते ही कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ब्लॉक मुख्यालयों पर भी कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर यह कार्यक्रम देखा।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े सवालों को सबके सामने उठाना जरूरी है और ‘छात्रों की गूंज’ के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी बात रखने का मौका मिला है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.